फिर से अमेरिकी नागरिक बनना चाहते हैं श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति, जानिए क्यों त्यागी थी US सिटीजनशिप
साल 2019 में राष्ट्रपति चुनाव लड़ने के लिए गोटाबाया ने अपनी अमेरिकी नागरिकता त्याग दी थी, क्योंकि श्रीलंका के संविधान के मुताबिक, दोहरी नागरिकता वाले व्यक्तियों के चुनाव लड़ने पर देश में रोक लगी हुई है।

Image: File
श्रीलंका के अपदस्थ राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे ने अपनी अमेरिकी नागरिकता की बहाली के लिए आवेदन किया है। अमेरिका ने राजपक्षे के आवेदन पर अभी तक विचार नहीं किया है। इससे पहले भी गोटाबाया राजपक्षे अमेरिका के नागरिक रह चुके हैं। हालांकि श्रीलंका के राष्ट्रपति बनने के बाद उन्होंने इसे त्याग दिया था। गोटाबाया 13 जुलाई को श्रीलंका भागकर मालदीव चले गए थे। वहां से उन्होंने सिंगापुर और फिर थाईलैंड की यात्रा की। इसके बाद वह वापस श्रीलंका लौटे और अभी देश में ही रह रहे हैं।
पहले भी अमेरिकी नागरिक रह चुके हैं राजपक्षे
द संडे टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक 73 वर्षीय गोटाबाया राजपक्षे ने कई देशों में नागरिकता के लिए आवेदन किया था लेकिन किसी ने उनके आवेदन पर विचार नहीं किया। सरकार विरोधी प्रदर्शनों के दौरान जुलाई में राजपक्षे ने देश छोड़ दिया था। बता दें कि साल 2019 में राष्ट्रपति चुनाव लड़ने के लिए गोटाबाया ने अपनी अमेरिकी नागरिकता त्याग दी थी, क्योंकि श्रीलंका के संविधान के मुताबिक, दोहरी नागरिकता वाले व्यक्तियों के चुनाव लड़ने पर देश में रोक लगी हुई है।
अमेरिकी सरकार अभी तक नहीं किया विचार
रिपोर्ट में कहा गया है कि अमेरिकी नागरिकता को रद्द करने के बाद उसे फिर से बहाल करने की अपील एक महंगी कानूनी प्रक्रिया और समय लेने वाली है। रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिकी सरकार ने गोटाबाया राजपक्षे के वकीलों की अपील पर अब तक विचार नहीं किया है। गोटबाया राजपक्षे पहले श्रीलंका वायुसेना के विमान के जरिये कोलंबो से मालदीव भागे थे। मालदीव से वह सिंगापुर रवाना हुए थे, जहां से उन्होंने 14 जुलाई को अपना इस्तीफा भेजा था। बाद में राजपक्षे ने अस्थायी आश्रय की तलाश में थाईलैंड के लिए उड़ान भरी। राजपक्षे के अपदस्थ होने के बाद श्रीलंका की संसद ने तत्कालीन कार्यवाहक राष्ट्रपति और 6 बार प्रधानमंत्री रह चुके रानिल विक्रमसिंघे को उनके उत्तराधिकारी के रूप में चुना था।












Click it and Unblock the Notifications