Sri Lanka: राष्ट्रपति आवास से चुराया सामान बेच रहे थे ‘प्रदर्शनकारी’, पुलिस ने रंगे हाथों पकड़ा
कोलंबो, 25 जुलाईः श्रीलंकाई पुलिस ने राष्ट्रपति भवन से चोरी किए गए सोने की परत वाले पीतल के 40 सॉकेट बेचने की कोशिश कर रहे तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले गंभीर आर्थिक संकट के कारण सरकार विरोधी प्रदर्शन कर रहे लोग राष्ट्रपति आवास में घुस आए थे। इसी दौरान यह सामान चोरी किया गया था।

तस्वीर- पीटीआई
डेली मिरर के मुताबिक 9 जुलाई को फोर्ट में राष्ट्रपति के आवास में प्रदर्शन के दौरान घुसने वाले तीन लोगों को सोने की परत वाले पीतल के 40 सॉकेट के साथ गिरफ्तार किया गया है। खिड़कियों पर पर्दे लटकाने के लिए ये सॉकेट दीवार पर लगाए गए थे। इससे पहले पूर्व राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे के आधिकारिक आवास और पूर्व प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे के निजी आवास पर नौ जुलाई को सरकार विरोधी प्रदर्शनकारियों ने कब्जा कर लिया था। भीड़ ने विक्रमसिंघे के निजी आवास में आग भी लगा दी थी।
डेली मिरर के मुताबिक अपराधियों की आयु 28 साल, 34 साल और 37 साल है। पुलिस ने संदेह जताया कि इन तीनों को नशा करने की लत है। रिपोर्ट में कहा गया कि इन तीनों को कोलंबो (उत्तर) आपराधिक जांच प्रभाग को सौंपा जाएगा, जो इस प्रकार के मामलों की जांच कर रहा है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, कम से कम 1,000 मूल्यवान वस्तुएं राष्ट्रपति भवन और प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास से चोरी की गई हैं।












Click it and Unblock the Notifications