श्रीलंका में भी गहराया सियासी संकट! प्रधानमंत्री के बेटे समेत पूरी कैबिनेट ने दिया अपना इस्तीफा
कोलंबो, अप्रैल 04। भारत के दो पड़ोसी मुल्कों में इस वक्त हालात बहुत खराब होते जा रहे हैं। एक तरफ पाकिस्तान में आए सियासी संकट का अंत वहां नेशनल असेंबली के भंग होने के साथ हुआ है तो वहीं श्रीलंका में आपातकाल और लॉकडाउन के बीच अब राजनेताओं के इस्तीफे का दौर शुरू हो गया है। दरअसल, रविवार देर रात श्रीलंकाई प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे के बेटे नमल राजपक्षे ने अपने सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। श्रीलंका सरकार में नमल राजपक्षे खेल और युवा मामलों के मंत्री थे।
Recommended Video

पूरी श्रीलंकाई कैबिनेट ने दिया इस्तीफा
इसके अलावा जानकारी यह भी है कि पूरी श्रीलंकाई कैबिनेट ने देर रात हुई एक ग्रुप मीटिंग में अपना इस्तीफा सौंप दिया। नमल राजपक्षे ने ट्वीट कर बताया है कि उन्होंने अपना इस्तीफा तत्काल प्रभाव से अपने सभी विभागों से इस्तीफा दे दिया है और इसकी जानकारी सचिव और राष्ट्रपति को भी दे दी है, उम्मीद है कि यह लोगों और #LKA की सरकार के लिए स्थिरता स्थापित करने के लिए महामहिम और प्रधान मंत्री के निर्णय की सहायता कर सकता है। मैं और मेरी पार्टी अपने मतदाताओं के लिए प्रतिबद्ध है।"'
पीएम के इस्तीफें को लेकर है गलत जानकारी'
आपको बता दें कि श्रीलंका में महिंदा राजपक्षे के इस्तीफे को लेकर भी चर्चा हो रही है और यह दावा भी किया जा रहा है कि उन्होंने इस्तीफा दे दिया है। हालांकि पीएमओ की तरफ से ऐसी अटकलों को खारिज कर दिया गया है। प्रधानमंत्री कार्यलाय की ओर से कहा गया है कि महिंदा राजपक्षे के इस्तीफे को लेकर आ रहीं खबरें पूरी तरह से झूठी हैं। वर्तमान में पीएम की ऐसी कोई योजना नहीं है कि वो इस्तीफा दें।
श्रीलंका में लागू है कर्फ्यू और आपातकाल
बता दें कि श्रीलंका वर्तमान में विदेशी मुद्रा की कमी का सामना कर रहा है जिसके कारण भोजन, ईंधन, बिजली और गैस की कमी हो गई है और उसने मित्र देशों से आर्थिक सहायता मांगी है। आर्थिक संकट को लेकर श्रीलंका में आपातकाल और लॉकडाउन लगा हुआ है। श्रीलंका में सोमवार सुबह तक कर्फ्यू लागू है।












Click it and Unblock the Notifications