साउथ कोरिया के बाद अब अमेरिका से भी बात करने के लिए तैयार हुआ नॉर्थ कोरिया
सियोल। कोरियाई प्रायद्वीप में तनाव इस साल कम देखने को मिल रहा है, पहले साउथ कोरिया से मीटिंग करने के बाद अब खबर है कि अमेरिका के साथ भी नॉर्थ कोरिया बातचीत के लिए तैयार हो गया है। साउथ कोरियाई अधिकारियों ने रविवार को कहा कि नॉर्थ कोरिया अमेरिका से बात करने के लिए तैयार है। प्योंगचांग में संपन्न हुए विंटर ओलंपिक गेम्स में साउथ कोरियाई राष्ट्रपति मून जेई-इन से नॉर्थ कोरिया प्रतिनिधियों के बीच हुई मुलाकात के बाद सियोल के सरकारी अधिकारियों ने अब नॉर्थ कोरिया के अमेरिका के साथ मीटिंग की पुष्टी की है।

हालांकि, अमेरिका या नॉर्थ कोरिया की तरफ से अभी तक ऐसा कोई बयान नहीं आया है। नॉर्थ कोरियाई सरकार के मुखपत्र केसीएनए ने हाल ही में अमेरिका द्वारा लगाए प्रतिबंधों को 'एक्ट ऑफ वॉर' कहा था। वहीं, इसी सप्ताह शुक्रवार (23 फरवरी) को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि वे नॉर्थ कोरिया पर नए प्रतिबंध लगाने जा रहे हैं। अमेरिका के अनुसार, नए प्रतिबंधों से नॉर्थ कोरिया के व्यापार बूरी तरह से प्रभावित होगा।
प्योंगचांग में रविवार को संपन्न हुए विटंर ओलंपिक गेम्स ने नॉर्थ कोरिया और साउथ कोरिया के रिश्तों को पटरी पर लाने का काम किया है। पिछले साल कोरियाई प्रायद्वीप में तनाव के बाद, नॉर्थ कोरिया और साउथ कोरिया के बीच हुई द्विपक्षीय वार्ता ने सकारात्मक संकेत दिए हैं। विंटर ओलंपिक गेम्स के बहाने किम परिवार से पहला सदस्य किम जोंग उन की बहन साउथ कोरिया पहुंची थीं।
जब से नॉर्थ कोरिया ने दावा किया है कि उन्होंने अमेरिकी तट तक पहुंचने वाली मिसाइल को डिवेलप कर दिया है, तभी से दोनों देशों के रिश्ते लगातार बिगड़ते गए हैं। अमेरिका और संयुक्त राष्ट्र द्वारा लगाए गए तमाम प्रतिबंधों के बाद भी नॉर्थ कोरिया का कहना है कि वे अपने न्यूक्लियर प्रोग्राम को किसी भी स्थिति में बंद नहीं करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications