उत्तर कोरिया के मिसाइल परीक्षण से दहशत में दक्षिण कोरिया, कहा- परमाणु हथियार खत्म करो, मालामाल कर देंगे
सियोल, 17 अगस्तः उत्तर कोरिया ने बुधवार सुबह दक्षिण प्योंगन प्रांत के ओनचोन से पश्चिम सागर में दो क्रूज मिसाइलें दागीं, जिसके बाद से दक्षिण कोरिया में दहशत का माहौल है। फिलहाल इन मिसाइलों की रेंज और ताकत को लेकर अमेरिका और दक्षिण कोरिया के सैन्य अधिकारी विस्तृत विश्लेषण कर रहे हैं। दक्षिण कोरिया अब उत्तरी कोरिया से बातचीत का आह्वान करने लगा है। दक्षिण कोरिया ने उत्तर कोरिया को परमाणु बम समाप्त करने के एवज में भारी आर्थिक सहायता देने की भी पेशकश की है।

आर्थिक सहायता देने को तैयार
दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति यून सुक-योल ने अपने कार्यकाल के 100 दिन पूरा होने पर कहा कि अगर उत्तर कोरिया अपने परमाणु हथियारों को खत्म करता है तो हम चरणबद्ध तरीके से अपने पड़ोसी देश को आर्थिक सहायता प्रदान करने को तैयार हैं। अपने भाषण में यून सुक-योल ने कहा कि हमारी सरकार की अपनी परमाणु कार्यक्रम को आगे बढ़ाने की कोई योजना नहीं है। इसके बजाए वह और अधिक कूटनीति का आह्वान करते हैं।

राजनीतिक शो न हो कोई संवाद
द. कोरियाई राष्ट्रपति ने कहा कि वह अपने पड़ोसी देश में बल द्वारा राजनीतिक परिवर्तन लाने की इच्छा नहीं रखते हैं। एक संवाददाता सम्मेलन में राष्ट्रपति ने कहा कि दक्षिण-उत्तर के बीच कोई भी संवाद एक राजनीतिक शो नहीं होना चाहिए बल्कि कोरियाई प्रायद्वीप और पूर्वोत्तर एशिया में वास्तविक शांति स्थापित करने के लिए होना चाहिए। राष्ट्रपति ने कहा कि हम ये नहीं कह रहे हैं कि वह पहले अपने सारे परमाणु हथियार नष्ट कर दें और हम फिर उन्हें सहायता देंगे। हम चरणबद्ध तरीके से इस पर काम कर सकते हैं।

उत्तर कोरिया ने नहीं दी प्रतिक्रिया
हालांकि उत्तर कोरिया ने दक्षिण कोरिया के प्रस्ताव पर अब तक कोई भी प्रतिक्रिया नहीं दी है। इससे पहले यून ने अपने चुनाव अभियान के दौरान भी उत्तर कोरिया से बातचीत की वकालत की थी। उत्तर कोरिया के परमाणु निरस्त्रीकरण को लेकर दक्षिण कोरिया के पूर्व राष्ट्रपति मून-जे-इन और अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने किम जोंग उन के साथ बातचीत भी की थी। इन नेताओं के बीच बैठकों के बावजूद 2019 में परमाणु निरस्त्रीकरण वार्ता रुक गई और उत्तर कोरिया ने कहा है कि वह अपनी आत्मरक्षा का व्यापार नहीं करेगा।

उत्तर कोरिया की ये है मांग
उत्तर कोरिया की मांग है कि पहले उसके ऊपर लगे आर्थिक और सैन्य प्रतिबंधों को समाप्त किया जाए, इसके बाद वह परमाणु हथियार समाप्त करेगा। लेकिन, अमेरिका का कहना है कि अगर उत्तर कोरिया अपने परमाणु हथियारों को खत्म नहीं करता है और भविष्य में ऐसे परीक्षणों को जारी रखता है तो प्रतिबंध भी जारी रहेंगे। इससे पहले उत्तर कोरिया ने आखिरी बार मिसाइल टेस्ट 10 जुलाई को किया था। तब उत्तर कोरिया ने रॉकेट लॉन्चरों से जबरदस्त फायरिंग की थी। उत्तर कोरिया ने आखिरी बार जनवरी में क्रूज मिसाइलों का परीक्षण किया था।

परमाणु परीक्षण की तैयारी कर रहा उत्तर कोरिया
ऐसी अटकलें हैं कि प्योंगयांग 2017 के बाद पहली बार परमाणु हथियार का परीक्षण करने की तैयारी कर रहा है। कुछ विशेषज्ञों का कहना है कि अब यह स्पष्ट होता जा रहा है कि दक्षिण कोरिया के पास अपने परमाणु हथियारों से उत्तर कोरिया का मुकाबला करने का कोई स्पष्ट तरीका नहीं है। उत्तर के हालिया मिसाइल परीक्षणों और परमाणु विकास से दक्षिण कोरिया में भी खुद के लिए परमाणु हथियार पाने की मांग बढ़ती जा रही है। कुछ दक्षिण कोरियाई लोगों ने सामरिक अमेरिकी परमाणु हथियारों को फिर से शुरू करने का आह्वाहन किया जिन्हें 1990 के दशक में हटा दिया गया था।

एनपीटी विश्व शांति के लिए आवश्यक आधार
हालांकि दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति यून ने कहा कि वह परमाणु हथियारों के अप्रसार पर संधि के लिए प्रतिबद्ध हैं और दक्षिण कोरिया के लिए एक्सटेंडेड डिटरेंस को बढ़ावा देने के लिए अमेरिका के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रपति ने कहा कि मेरा मानना है कि एनपीटी विश्व शांति के लिए एक बहुत ही महत्वपूर्ण और आवश्यक आधार है।
रूस से सस्ता तेल खरीदना जारी रखेगा भारत, एस जयशंकर के इस जवाब से पश्चिमी देशों की बोलती हुई बंद












Click it and Unblock the Notifications