कनाडा में खालिस्तानी खुलेआम हिंदुओं को धमका रहे हैं, मंदिरों को पहुंचा रहे हैं नुकसान: सूत्र
India Canada Row News Updates: भारत-कनाडा के संबंधों में तनाव बढ़ता ही जा रहा है। इसी बीच मामले की प्रत्यक्ष जानकारी रखने वाले लोगों ने दावा किया है कि कनाडा में अपने बढ़ते दबदबे से उत्साहित होकर, खालिस्तान समर्थक चरमपंथियों (PKE) ने वहां अल्पसंख्यक हिंदुओं को खुलेआम डराना शुरू कर दिया है। इतना ही नहीं वो कनाडा में उनके द्वारा मंदिरों को नुकसान पहुंचाने के कई मामले सामने आए हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक स्थिति पर करीब से नजर रखने वाले एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर कहा, "कनाडा में भारतीय मिशनों और राजनयिकों की भौतिक सुरक्षा के लिए खालिस्तानियों द्वारा खुली धमकियां दी जा रही हैं।''

अधिकारी ने आगे कहा कि, ये एक बहुत ही गंभीर घटना है और वियना कन्वेंशन के तहत कनाडा के दायित्व को चुनौती देती है। ऐसा प्रतीत होता है कि मानवाधिकारों को मापने के लिए अलग-अलग पैमाने हैं।
अधिकारी ने कहा, "पंजाब में छोटे-छोटे मुद्दों पर भी कनाडा की आवाजें बहुत मजबूत हैं, जबकि कनाडा में बैठे पीकेई द्वारा धमकी, हिंसा, मादक पदार्थों की तस्करी और जबरन वसूली पर पूरी तरह से चुप्पी है, जिससे दोनों देशों के रिश्ते प्रभावित हो रहे हैं।"
खुफिया एजेंसियों की हाई लेवल मीटिंग में की गई चर्चा
मामले से परिचित लोगों ने बताया कि खुफिया एजेंसियों की एक उच्च स्तरीय बैठक में इन सभी मुद्दों पर चर्चा की गई। जिन मुद्दों पर चर्चा की गई उनमें खालिस्तानियों पर नरम रुख भी शामिल था।
खुफिया एजेंसियों द्वारा रखे गए दस्तावेजों से पता चलता है कि पंजाब आज कनाडा से चलाए जा रहे जबरन वसूली रैकेटों के कारण भारी नुकसान झेल रहा है।
कनाडा स्थित गैंगस्टर ड्रोन के जरिए पाकिस्तान से ड्रग्स लाते हैं और पूरे पंजाब में बेचते हैं। इस पैसे का एक हिस्सा कनाडा में खालिस्तानी चरमपंथियों को जाता है।
एक खुफिया रिपोर्ट में कहा गया है कि, "पिछले कुछ सालों में, खालिस्तानी चरमपंथियों का हौसला और बढ़ गया और उन्होंने कनाडा से बेखौफ होकर काम करना शुरू कर दिया। पिछले दशक में, पंजाब से सामने आए आधे से ज्यादा आतंकी मामलों में कनाडा स्थित खालिस्तानी चरमपंथियों के संबंध निकले हैं।"












Click it and Unblock the Notifications