ऋषि सुनक के ब्रिटेन का पीएम बनने पर दो हिस्सों में बंटा सोशल मीडिया, देखिए कैसे हो रही बहसबाजी
जम्मू कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने सबसे पहले ये मांग की और ऋषि सुनक के ब्रिटिश प्रधानमंत्री बनने पर लिखा कि, 'भारत में अभी भी हम सीएए और एनआरसी जैसे मुद्दे पर उलझे हुए हैं।'
Rishi Sunak UK PM: भारतीय मूल के ब्रिटिश ऋषि सुनक के ब्रिटिश प्रधानमंत्री बनने के बाद सोशल मीडिया दो खेमों में बंट चुका है। पहले पाकिस्तानी मीडिया ने ऋषि सुनक के पाकिस्तानी मूल के होने का दावा किया और अब भारत में सोशल मीडिया दो गुटों बंट चुका है। सोशल मीडिया पर ऋषि सुनक को लेकर जमकर बहसबाजी हो रही है। ट्विटर पर कई लोगों का कहना है, कि ऋषि सुनक भारतीय मूल के नहीं हैं, तो कई लोगों का कहना है, कि ऋषि सुनक का भारत से गहरा नाता है।

ऋषि सुनक पर बहसबाजी
ऋषि सुनक के प्रधानमंत्री बनने के साथ ही भारत में एक वर्ग खुश हो गया, कि भारत से बाहर भारतीय मूल के एक व्यक्ति ने राजनीतिक शिखर हासिल की है। दिवाली के मौके पर किसी भारतीय मूल के व्यक्ति का ब्रिटेन का प्रधानमंत्री बनना एतिहासिक उपलब्धि है। कांग्रेस के बड़े नेता शशि थरूर भी ट्विटर पर इस बहसबाजी में शामिल हो गये हैं और उन्होंने एक अपने एक ट्विटर अकाउंट पर एक तस्वीर शेयर की है, जिसमें एक तरफ लगान फिल्म के आमिर खान की तस्वीर है, जबकि दूसरी तरफ ऋषि सुनक की तस्वीर है। इसके साथ ही उन्होंने लिखा है,'लगान से लगाम तक। सिर्फ 75 साल में। जय हिंद !' इसके साथ ही भारत में इस बात पर भी बहस होने लगी है, कि जब ब्रिटेन में एक भारतवंशी प्रधानमंत्री बन सकता है, तो फिर भारत में भी एक मुस्लिम को प्रधानमंत्री बनाना चाहिए।
'मु्स्लिम प्रधानमंत्री' बनाने की मांग
जम्मू कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने सबसे पहले ये मांग की और ऋषि सुनक के ब्रिटिश प्रधानमंत्री बनने पर लिखा कि, 'भारत में अभी भी हम सीएए और एनआरसी जैसे मुद्दे पर उलझे हुए हैं।' जिसपर रविशंकर प्रसाद ने पलटवार करते हुए लिखा कि, 'क्या आप कश्मीर में हिन्दू मुख्यमंत्री स्वीकार करेंगी।' वहीं, ट्वीटर पर मिस्टर बी नाम के एक ट्विटर यूजर ने लिखा कि, 'वो लोग, जो भारत में मुस्लिम प्रधानमंत्री की मांग कर रहे हैं ... क्या मुस्लिम बाहुल्य कश्मीर में कभी भी एक हिन्दू मुख्यमंत्री हुआ? क्या सिख बाहुल्य पंजाब में कभी हिन्दू मुख्यमंत्री हुआ? क्या ईसाई बाहुल्य मेघालय, नागालैंड और मिजोरम में हिन्दू मुख्यमंत्री हुआ? आखिर सेक्युलरिज्म का सारा बोझ हिंदुओं के कंधे पर ही क्यों है?'
बहुसंख्यक आबादी पर निशाना
भारत के पूर्व वित्तमंत्री पी. चिदंबरम ने भी भारत में 'बहुसंख्यक आबादी' को ब्रिटेन में ऋषि सुनक के प्रधानमंत्री और अमेरिका में कमला हैरिस के उप-राष्ट्रपति से सीख लेने का आह्वान किया है। ऋषि सुनक के प्रधानमंत्री बनने के बाद भारत में कई मुद्दों पर बहसबाजी हो रही है। कई लोग उनके हिन्दू होने पर सवाल उठा रहे हैं, तो कई लोग उनके भारतीय होने पर ही सवाल उठा रहे हैं। कई लोग ऋषि सुनक के पीएम बनने पर खुश होने वाले लोगों को ज्ञान दे रहे हैं, कि 'आपको क्या हासिल हुआ?'












Click it and Unblock the Notifications