Threads News: लोगों को क्यों पसंद नहीं आ रहा थ्रेड्स? लगातार कम हो रहे यूजर्स, दो हफ्ते में ही हुआ मोहभंग
Threads App News: मार्क जुकरबर्ग का नया ऐप थ्रेड्स जब लांच हुआ था तो इसे ट्विटर किलर कहा गया था। लेकिन मेटा की ये बहुचर्चित ऐप खुद ही धीरे-धीरे मरती जा रही है। ऐसा लगता है कि लोगों का मन इस ऐप से भरने लगा है।
जितनी तेजी से लाखों यूजर्स ने इस प्लेटफॉर्म को जॉइन किया था, उतनी ही तेजी से लोग इस प्लेटफॉर्म को छोड़ रहे हैं। शुरू में तो इंस्टाग्राम से जुड़े होने के कारण थ्रेड्स को भारी मात्रा में यूजर्स मिले थे, लेकिन संभवतः लोगों को अब ये ऐप बोरिंग लगने लगा है।

लांच होने के 4 दिन बाद ही थ्रेड्स के पास 100 मिलियन से भी अधिक यूजर्स हो गए जिसके बाद ये अब तक का सबसे तेजी से बढ़ने वाला ऐप बन गया था। कुछ रिपोर्ट के मुताबिक अब धीरे-धीरे थ्रेड्स की लोकप्रियता कम होती चली जा रही है।
अब तक आंकड़ों के मुताबिक थ्रेड्स के कुल 114 यूजर्स हो चुके हैं। 4 दिनों में 100 मिलियन यूजर्स इकठ्ठे करने वाला थ्रेड्स अगले 10 दिनों में सिर्फ 14 मिलियन यूजर्स जोड़ पाया है।
डाटा ट्रैक करने वाली वेबसाइट Similar Web के मुताबिक लांच होने वाले पहले दिन थ्रेड्स के दुनिया भर में 49 मिलियन से अधिक सक्रिय यूजर्स थे। लेकिन एक सप्ताह बाद इसकी संख्या गिरकर आधी हो गई। रिपोर्ट के मुताबिक 14 जुलाई को ऐप के सक्रिय यूजर्स की संख्या 23.6 मिलियन थी।
वेबसाइट ने लिखा है कि थ्रेड्स के पास कई बुनियादी सुविधाएं गायब हैं और लोगों के ट्विटर से स्विच करने या थ्रेड्स के साथ एक नई सोशल मीडिया आदत शुरू करने के लिए कोई भी ठोस कारण नहीं है।
Sensor Tower की रिपोर्ट के मुताबिक, पहले लोग इस प्लेटफॉर्म पर रोजाना 20 मिनट कर रहे थे, वहीं अब इसे सिर्फ 10 मिनट में ही यूज किया जा रहा है।
क्यों फ्लॉप हुई थ्रेड्स?
जानकारों का मानना है कि इंस्टाग्राम से जुड़े होने के कारण लोग थ्रेड्स से जुड़ तो गए मगर यहां वे टिककर रह सकें ऐसी सुविधाएं उन्हें मिल नहीं सकी। ट्विटर की सबसे बड़ी खासियत दुनिया में होने वाली घटनाओं की अपडेट है जोकि यहां पल भर में मिल जाती है।
थ्रेड्स की बात करें तो यह सिर्फ पोस्ट क्रिएट करने, उसे रिपोस्ट करने और लाइक करने तक ही ट्विटर की बराबरी कर पाया। न्यूज कंटेंट या फिर किसी अन्य अपडेट से थ्रेड्स का दूर-दूर तक कोई वास्ता नहीं है। तस्वीरों के लिए स्नैपचैट, इंस्टाग्राम, शार्ट वीडियो के लिए टिकटॉक, यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम लोकप्रिय है।
लाइव ब्रेकिंग न्यूज, ट्रेंडिंग टॉपिक्स या फिर सोशल कंटेंट के लिए लोग ट्विटर और फेसबुक का सहारा लेते हैं। थ्रेड्स के पास एक भी ऐसी खासियत नहीं है जिसकी वजह से वहां लोगों को रूकने का बहाना मिल सके।












Click it and Unblock the Notifications