पाकिस्तान में चेयरलिफ्ट का तार टूटा, 900 फीट ऊंचाई पर लटके 8 लोग, 6 बच्चे भी शामिल, सेना का बचाव ऑपरेशन जारी
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के एक पहाड़ी इलाके में चेयरलिफ्ट/केबल कार का तार टूट गया है। इस वजह से कम से कम 8 लोग 900 फीट ऊंचाई पर एक केबल कार में फंस चुके हैं। इनमें से 6 बच्चे बताए जा रहे हैं।
यह घटना मंगलवार को बट्टग्राम जिले में हुई है। जियो न्यूज के मुताबिक, कई घंटों तक टूटी केबल कार में फंसे लोगों को बचाने के लिए पाकिस्तान सेना का विशेष सेवा समूह (एसएसजी) स्थान पर पहुंचा हुआ है।

इससे पहले बेहद ऊंचाई पर फंसे इन लोगों को बचाने के लिए पाकिस्तान सेना का हेलीकॉप्टर लगाया गया था लेकिन जल्द ही उसे वापस बुला लिया गया, क्योंकि हवा के तेज दबाव से दूसरे केबल के टूटने का खतरा मंडराने लगा।
पाकिस्तानी वेबसाइट 'एक्सप्रेस ट्रिब्यून' के मुताबिक बट्टाग्राम की अल्लाई तहसील में सुबह करीब 8 बजे ये हादसा हुआ। इस समय ये बच्चे हमेशा की तरह स्कूल जा रहे थे। चेयरलिफ्ट में बच्चों के अलावा दो टीचर भी हैं। नीचे गहरी नदी है, जो बारिश की कारण इस समय उफान पर है।
वहीं, डॉन के मुताबिक, केबल कार के एक नहीं, दो तार टूटे हैं। केबल कार के अंदर फंसे यात्रियों में से एक ने जियो न्यूज को बताया कि दिल की बीमारी से पीड़ित 16 वर्षीय यात्री कई घंटों से बेहोश है।
शिक्षक के मुताबिक चेयरलिफ्ट में पीने का पानी भी नहीं है। इस चेयरलिफ्ट में छात्रों की उम्र 10 से 16 साल के बीच बताई जा रही है।प्रांतीय बचाव एजेंसी के एक वरिष्ठ अधिकारी अब्दुल बासित खान के मुताबिक केबल कार एक ही रस्सी से लटकी हुई है।
पाकिस्तान की 1122 बचाव सेवा के एक अधिकारी जुल्फिकार खान के मुताबिक, "केबल कार ऐसी जगह फंस गई है, जहां हेलीकॉप्टर के बिना मदद करना लगभग असंभव है।"
अल्लाई तहसील अध्यक्ष मुफ्ती गुलामुल्लाह के अनुसार, इस केबल कार को एक प्राइवेट कंपनी ऑपरेट करती है। इसे स्थानीय लोगों की पहल पर लगाया गया था क्योंकि तमाम पार्टियों के वादे के बावजूद अब तक क्षेत्र में कोई सड़क या पुल नहीं बन पाया है। फिलहाल इस प्रांत में 10 सालों से इमरान खान की पार्टी की सरकार थी।












Click it and Unblock the Notifications