Singapore-India Ties: सिंगापुर के राष्ट्रपति 10 सालों के बाद आ रहे भारत, क्या सेमीकंडक्टर पर हो पाएगी डील?
Singapore President India Visit: सिंगापुर के राष्ट्रपति थर्मन शानमुगरत्नम भारत की यात्रा पर आ रहे हैं और यह पिछले 10 वर्षों में किसी सिंगापुरी राष्ट्रपति की पहली भारत यात्रा होगी। 14 जनवरी से 18 जनवरी तक चलने वाली अपनी यात्रा के दौरान शानमुगरत्नम दोनों देशों के बीच दो महत्वपूर्ण कौशल विकास समझौतों पर हस्ताक्षर कर सकते हैं।
पिछली बार किसी सिंगापुरी नेता ने 2015 में भारत का दौरा किया था, जब पूर्व राष्ट्रपति टोनी टैन किंग याम ने नई दिल्ली की यात्रा की थी। जनवरी में शानमुगरत्नम की राजकीय यात्रा, भारत और सिंगापुर के बीच राजनयिक संबंधों की 60वीं वर्षगांठ का प्रतीक होगी। अपनी यात्रा के दौरान राष्ट्रपति के नई दिल्ली और ओडिशा जाने की संभावना है।

भारत आ रहे सिंगापुर के राष्ट्रपति, एजेंड में क्या?
रिपोर्ट के मुताबिक, नई दिल्ली में वह भारतीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, वह विदेश मंत्री एस जयशंकर, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा, वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल, सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव और कौशल विकास राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी से भी मुलाकात कर सकते हैं।
दिल्ली के बाद शानमुगरत्नम भुवनेश्वर जाएंगे, जहां वह ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी से बातचीत करेंगे। अधिकारियों ने बताया है, कि सिंगापुर के नेता राज्य के प्रसिद्ध कोणार्क मंदिर के दर्शन भी करेंगे।
द इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, शानमुगरत्नम CII के पूर्व महानिदेशक तरुण दास को मानद नागरिक पुरस्कार प्रदान करेंगे। सितंबर 2024 में पीएम मोदी की सिंगापुर यात्रा के दौरान, दोनों विश्व नेताओं के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी को बढ़ावा दिया गया था।
आपको बता दें, कि सिंगापुर आसियान देशों में भारत का सबसे बड़ा व्यापार भागीदार है और यह उन प्रमुख स्रोतों में से एक है, जहां से नई दिल्ली अपना एफडीआई उत्पन्न करता है। पिछले कुछ वर्षों में, विभिन्न क्षेत्रों में कौशल विकास केंद्र स्थापित करने के लिए दोनों देशों के बीच सक्रिय सहयोग रहा है।












Click it and Unblock the Notifications