सिंगापुर की संसद में स्कैंडल... शादीशुदा स्पीकर महिला सांसद से लड़ा रहे थे इश्क, भांडा फूटा तो हुआ ये हाल
Singapore Speaker-MP affair: सिंगापुर की राजनीति में उथल-पुथल मची हुई है।
सिंगापुर संसद स्पीकर और सांसद के बीच लव अफेयर ने पूरे देश की राजनीति को हिला कर रख दिया है और जनता के भारी आक्रोश के बाद अब दोनों को इस्तीफा देना पड़ा है।
सिंगापुर की मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, संसद के स्पीकर और महिला सांसद के बीच विवाहेतर संबंध का खुलासा होने के बाद सोमवार को दोनों ने अपना-अपना इस्तीफा सौंप दिया है, लेकिन अभी भी सिंगापुर में ये मामला शांत नहीं हुआ है।

संसद के स्पीकर, देश में लंबे समय से शासन कर रही पीपुल्स एक्शन पार्टी (पीएपी) के सदस्य हैं और उनका लव अफेयर महिला सांसद से चल रहा था।
आईये जानते हैं, ये पूरा मामला क्या है और इस प्रेम संबंध का नतीजा क्या निकला?
प्रेम संबंध का मामला क्या है?
सिंगापुर संसद के अध्यक्ष तान चुआन जिन और महिला सांसद चेंग ली हुई के बीच विवाहेतर अवैध संबंधों का खुलासा होने के बाद देश की राजनीति में तूफान मच गया है और अब दोनों को इस्तीफा देना पड़ा है।
सिंगापुर का समाज, जो अपनी मर्यादा को हमेशा से आगे रखता आया है, वहां सांसद और स्पीकर का अवैध संबंध लोगों को रास नहीं आ रहा है।
सिंगापुर के अखबार सीएनए के मुताबिक, स्पीकर तान चुआन जिन ने देश के प्रधानमंत्री ली ह्सियन लूंग को अपना इस्तीफा सौंपते हुए कहा है, कि "मैंने लोगों को निराश किया है। मैंने अपने व्यक्तिगत संबंधों को लेकर पहले भी आपसे बात की है।" स्पीकर ने 17 जुलाई को ये चिट्ठी प्रधानमंत्री को लिखी थी।
स्पीकर ने अपनी चिट्ठी में आगे लिखा है, कि 'ये वो क्षेत्र है, जहां मैं फिसल गया हूं और मुझे इसकी जिम्मेदारी लेने और अपने परिवार को ठीक करने की जरूरत है। हमें इन मुद्दों से उबरने और इन्हें सुलझाने की जरूरत है।' उन्होंने आगे लिखा है, कि "मैंने इसे लेकर अपनी पत्नी से बात की है और इस पर सहमत हुआ हूं, कि मुझे राजनीति से दूर हो जाना चाहिए और मुझे खुद को अपने परिवार को समर्पित कर देनी चाहिए।"
स्पीकर का पद संभाल रहे 54 साल के तान चुआन जिन, जो दो बच्चों के पिता हैं, उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें उन्हें देश के एक अन्य सांसद का अपमान करते हुए देखा जा रहा है। लोगों में इस वीडियो को लेकर भी भारी गुस्सा है।
लिहाजा, उन्होंने अपने इस आचरण के लिए भी माफी मांगी है।
वहीं, महिला सांसद चेंग ली हुई फिलहाल शादीशुदा नहीं हैं, लेकिन उन्होंने भी संसद से अपना इस्तीफा दे दिया है और उन्होंने भी अपने पत्र में लिखा है, कि 'जिन परिस्थितियों में मैं इ्स्तीफा दे रही हूं, वो काफी दुखद है।' महिला सांसद चेंग ली हुई, साल 2015 से सांसद हैं।
चेंग ली हुई टैम्पाइन्स समूह प्रतिनिधि निर्वाचन क्षेत्र (जीआरसी) से सांसद हैं और उन्होंने अपने माफी नामा में लिखा है, कि "मैं अपने समर्थकों और अपने निर्वाचण क्षेत्र के लोगों से भी अपने आचरण के लिए माफी मांगती हूं।"
संसद के लिए चुने जाने से पहले, चेंग एक दशक से अधिक समय तक पार्षद रही हैं।
सांसद चेंग ने द स्ट्रेट्स टाइम्स को बताया, कि जब वह एक स्कूली छात्रा थीं, तो वह अपने स्वयंसेवक पिता के साथ जमीनी स्तर की गतिविधियों में जाती थीं।
चेंग ने 2015 में कहा था, कि "एक गर्ल स्काउट होने से लेकर 2003 से मीट-द-पीपल सत्र में सहायता करने तक, लोगों की मदद करना मेरे जीवन का एक अभिन्न अंग रहा है।"
प्रधानमंत्री ने स्वीकार किया इस्तीफा
वहीं, प्रधानमंत्री ने स्पीकर और महिला सांसद का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है।
प्रधानमंत्री ली ने कहा, कि उन्होंने पीपुल्स एक्शन पार्टी के "सौम्यता और व्यक्तिगत आचरण के उच्च मानकों को बनाए रखने" के लिए उनके इस्तीफे स्वीकार कर लिए हैं।
ली ने कहा, कि उन्हें पहली बार 2020 के आम चुनावों के बाद इस संबंध के बारे में पता चला और उन्होंने दोनों को इसे खत्म करने की सलाह दी थी।
हालांकि, ये अफेयर फिर भी जारी रहा और प्रधानमंत्री ने फरवरी में फिर से उनसे बात की थी और इसे सही करने के लिए कहा था।
प्रधानमंत्री ली ने संवाददाताओं से कहा, कि स्पीकर तान ने इस साल की शुरुआत में इस्तीफा देने की पेशकश की थी, जब उन्होंने उनसे इस संबंध के बारे में बात की थी।
ली ने कहा, कि उन्हें इस महीने नई जानकारी मिली है, जिससे पता चलता है कि मामला अभी भी जारी है। ली ने कहा, "मुझे लगता है कि यह बिल्कुल अनुचित है।" उन्होंने कहा कि सत्तारूढ़ पार्टी को "पार्टी अनुशासन और आचरण के मानकों को बनाए रखना होगा।"
पीएम ली ने कहा कि तान का इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया है लेकिन यह तब प्रभावी होगा, जब उनके जिले के लिए उनके प्रतिस्थापन की व्यवस्था की जाएगी।
सिंगापुर में राजनीतिक-सामाजिक बवाल
सिंगापुर का यह राजनीतिक नाटक, सत्तारूढ़ पीएपी पार्टी को झकझोरने वाला घटनाक्रम है, जिसने सिंगापुर पर 64 वर्षों तक निर्बाध रूप से शासन किया है और भ्रष्टाचार मुक्त सरकार पर गर्व किया है।
आपको बता दें, स्पीकर और महिला सांसद के बीच के इस स्कैंडल ने राजनीति को झकझोर कर रख दिया है और विपक्ष, सत्तारूढ़ पार्टी पर हमलावर है। करीब 50 लाख की आबादी वाले देश में अगला शहर-राज्य का चुनाव साल 2025 में होना है।
इंस्टीट्यूट ऑफ पॉलिसी स्टडीज के सीनियर रिसर्च फेलो डॉ. गिलियन कोह ने द स्ट्रेट्स टाइम्स को इस घोटाले के बारे में पूछे गए सवालों के बारे में बताया।
उन्होंने कहा, "जनता को यह आकलन करने में मदद करने के लिए इन्हें संबोधित किया जाना चाहिए, कि पीएपी न केवल व्यक्तिगत आचरण के उच्च मानकों के प्रति कितनी गहराई से प्रतिबद्ध है, बल्कि इसके मूल्य प्रणाली के अनुरूप पार्टी और सरकार की पारदर्शिता और जवाबदेही के प्रति भी कितनी प्रतिबद्ध है।"
उन्होंने कहा, कि पीएपी पार्टी को अब जनता को यह बताना होगा, उन्होंने इस स्कैंडल पर पर्दा डालने की कोशिश नहीं की है, बल्कि उन्होंने ऐसे आचरण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की है।












Click it and Unblock the Notifications