दर्दनाक मंजर! 37 हजार फीट की ऊंचाई, फ्लाइट में मची चीख-पुकार...एक की गई जान, 30 से ज्यादा घायल
लंदन से सिंगापुर जा रही सिंगापुर एयरलाइंस की फ्लाइट को 37,000 फीट की ऊंचाई पर अचानक गंभीर टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा। इस दौरान फ्लाइट में दहशत का माहौल बन गया। फ्लाइट अनियंत्रित हो गई। जिसके कारण फ्लाइट के अंदर उथल-पुथल मच गई। इस घटना में एक हवाई यात्री की मौत हो गई।
वहीं, करीब 30 से अधिक पैसेंजर घायल हो गए। ऐसे में फ्लाइट को बैंकॉक की ओर मोड़ दिया गया। जहां पायलट ने इमरजेंसी लैंडिंग कराई। घटना के वक्त विमान में 211 यात्रियों और 18 चालक दल मौजूद थे।

सिंगापुर एयरलाइंस ने कहा कि 20 मई को लंदन (हीथ्रो) से सिंगापुर के लिए उड़ान भरने वाली फ्लाइट SQ 321 को प्रस्थान के लगभग 10 घंटे बाद 37,000 फीट की ऊंचाई पर इरावदी बेसिन के ऊपर अचानक अत्यधिक अशांति का सामना करना पड़ा। एयरलाइन ने कहा कि पायलट ने मेडिकल इमरजेंसी घोषित की और विमान को बैंकॉक की ओर मोड़ दिया और 21 मई को स्थानीय समयानुसार दोपहर 3:45 बजे विमान को उतारा गया।
अचानक मची चीख-पुकार
घटना में कई लोगों के सिर पर चोटें आईं। सिंगापुर एयरलाइंस ने कहा कि अठारह लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और 12 का अस्पतालों में इलाज किया जा रहा है। टर्बुलेंस में फंसने से पहले फ्लाइट में क्रू नाश्ता परोस रहा था। एक यात्री एंड्रयू डेविस ने बताया कि मैं कॉफी का आनंद ले रहा था। अचानक से फ्लाइट उथल-पुथल होने लगी। कुछ सेकंड के दौरान भयानक चीख-पुकार मच गई और धमाके जैसी आवाज आई।
छत से टकराए लोग
फ्लाइट में सवार छात्र दज़ाफ़रान आज़मीर ने बताया कि अचानक विमान ऊपर की ओर झुकने लगा और कंपन होने लगा, इसलिए मैंने जो कुछ हो रहा था, उसके लिए तैयार होना शुरू कर दिया, और अचानक बहुत नाटकीय गिरावट हुई, इसलिए सीट बेल्ट नहीं पहनने वाले सभी लोग तुरंत छत से टकरा गए।
कैसे हुई ब्रिटिश व्यक्ति की मौत?
घटना के दौरान 73 वर्षीय एक ब्रिटिश व्यक्ति की मौत हो गई। सुवर्णभूमि हवाई अड्डे के महाप्रबंधक किट्टीपोंग किट्टीकाचोर्न ने कहा कि मौत संभवत: दिल का दौरा पड़ने से हुई है। ब्रिटिश व्यक्ति अपनी पत्नी के साथ यात्रा कर रहा था और उसे बैंकॉक के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
इस बीच, सिंगापुर के परिवहन मंत्रालय ने कहा कि परिवहन सुरक्षा जांच ब्यूरो सिंगापुर एयरलाइंस की उड़ान SQ321 घटना की जांच करेगा। आगे यह भी कहा कि सिंगापुर एयरलाइंस मृतक के परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती है।












Click it and Unblock the Notifications