अमेरिका में हेट क्राइम के शिकार बने भारतवंशी, न्यूजर्सी के सिख मेयर को मिली जान से मारने की धमकी
अमेरिका में न्यू जर्सी के होबोकेन शहर के भारतीय मूल के सिख मेयर को जान से मारने की धमकी मिली है। मेयर रवि भल्ला ने धमकियों से भरी कई चिट्ठियों को जारी करते हुए कहा कि उन्हें और उनके परिवार पर जान का खतरा है।
मेयर रवि भल्ला ने बताया कि उन्हें पिछले साल एक चिट्ठी मिली, जिसमें उन्हें पद छोड़ने की धमकी दी गई थी। हालांकि, इसके बाद उनके परिवार को जान से मारने की धमकी देने के साथ उनके सिख होने पर उन्हें निशाना बनाया गया।

भल्ला ने सीबीएस न्यूज को एक साक्षात्कार में बताया कि वह और उनका परिवार मजबूती से खड़े हैं और उनके शहर में नफरत का स्वागत नहीं है।
रवि भल्ला को पहली बार साल 2017 में होबोकेन का मेयर बनाया गया था। मेयर बनने के बाद उन्होंने कहा था कि एक सिख पृष्ठभूमि से होकर अमेरिका के शहर का नेतृत्व करने पर उन्हें गर्व है।
साल 2021 में रवि भल्ला एक बार फिर से शहर के मेयर बने। इस बार उन्हे निर्विरोध चुना गया। भल्ला ने कहा कि एक ऐसे व्यक्ति के लिए जो हमेशा गर्व के साथ अपनी पगड़ी पहनता है, उसे धमकी भरे संदेशों का निशाना बनाया गया है।
उन्होंने बताया कि उन्हें पहली बार एक साल पहले चिट्ठी मिली थी, जिसमें उन्हें पद छोड़ने की धमकी दी गई थी। वहीं दूसरी चिट्ठी में उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई।
उन्होंने आगे कहा, 'मेरे परिवार को लगातार मेल के जरिए चिट्ठी भेजा जा रहा है। तीसरी चिट्ठी में कहा गया कि यह आखिरी चेतावनी है। अगर तुमने तुरंत पद नहीं छोड़ा तो हम तुम्हें, तुम्हारी पत्नी और बच्चों को मार देंगे। एक अन्य चिट्ठी में लिखा था, अब मारने का समय आ चुका है।'
एक सिख नेता के तौर पर अनुभव साझा करते हुए उन्होंने कहा, 'एक अमेरिकी सिख के तौर पर मुझे अमेरिकी होने पर गर्व है। मैं चाहता हूं कि सभी लोगों को एक समान व्यवहार किया जाना चाहिए।'
भल्ला ने कहा, "मेरी सबसे बड़ी चिंता मेरे बच्चों को लेकर थी। मैंने मेयर बनने के लिए साइन अप किया था, लेकिन मेरे बच्चों ने इस तरह के व्यवहार के लिए साइन अप नहीं किया।"
मेयर ने आगे बताया कि उनके परिवार, पड़ोसी, शहर के अन्य सहियोगियों के पास यौन उत्पीड़न से जुड़ी धमकी से भरी सामग्री वाले पैकेज भेजे गए।
उन्होंने कहा कि धमकी देने वाले व्यक्ति को पकड़ लिया गया है और उसके खिलाफ मामला भी दर्ज किया गया, लेकिन इस घटना का मुख्य आरोपी अभी भी फरार है।












Click it and Unblock the Notifications