Pakistan Sikh Murder: पेशावर में एक सिख व्यक्ति की हत्या, जानिए पाकिस्तान में कब-कब हुई ऐसी वारदात?
पाकिस्तान में एक बार फिर से अल्पसंख्यक समुदाय के व्यक्ति की हत्या कर दी गई है। पेशावर प्रांत में शनिवार को कुछ अज्ञात बंदूकधारियों ने एक सिख व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी है।
मृतक का नाम मनमोहन सिंह है। मनमोहन सिंह रशीद गढ़ी से पेशावर की ओर जा रहा था कि तभी गुलदारा चौक काकशाल के पास कुछ हथियारबंद लोगों ने उस पर हमला कर दिया।

मनमोहन सिंह को अस्पताल ले जाने के बाद डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया। यह घटना यक्का तूत पुलिस थाना इलाके में हुई है पिछले 48 घंटों में इस इलाके में किसी सिख व्यक्ति पर हमले की यह दूसरी घटना है।
इससे पहले शुक्रवार को हमलावरों ने एक सिख व्यक्ति को गोली मार दी थी जो उसके पैरों में जाकर लगी। तरलोक सिंह नाम के इस सिख दुकानदार को 23 जून को निशाना बनाया गया था। अज्ञात लोगों ने उसे गोली मार दी, लेकिन वह बच निकलने में कामयाब रहा। उस पर 7 गोलियां चलाई गईं।
इस्लामिक स्टेट समूह ने एक बयान में दोनों घटनाओं की जिम्मेदारी ली है। इस्लामिक स्टेट ग्रुप ने हत्या की जिम्मेदारी लेते हुए कहा कि सिंह पेशावर में "बहुदेववादी" सिख संप्रदाय का अनुयायी था। इसी ग्रुप ने एक सिख को घायल करने का भी दावा किया।
पाकिस्तान में इस साल किसी सिख समुदाय के सदस्य की यह तीसरी हत्या है। पिछले महीने मई में पूर्वी शहर लाहौर में हमलावरों ने सरदार सिंह नाम के सिख व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी थी। मार्च महीने में बंदूकधारियों ने पेशावर में दयाल सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
पिछले साल सितंबर में एक प्रसिद्ध सिख हकीम की पेशावर में उनके क्लीनिक के अंदर अज्ञात बंदूकधारियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। उससे पहले 15 मई, 2022 को, रणजीत सिंह और कुलजीत सिंह नाम के दो सिख लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। ये दोनों अपनी दुकानों पर बैठे हुए थे।
2018 में, पेशावर में सिख समुदाय के एक प्रमुख सदस्य चरणजीत सिंह की अज्ञात लोगों ने हत्या कर दी थी।
30 सितंबर, 2021 को, सतनाम सिंह नाम के एक सिख व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जब वह पेशावर के फरिकाबाद में अपनी दुकान पर था।
2020 में न्यूज चैनल के एंकर रविंदर सिंह की हत्या कर दी गई थी। 2016 में पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ नेशनल असेंबली के सदस्य सोरेन सिंह की भी पेशावर में हत्या कर दी गई थी।
हिन्दू डॉक्टर के बाद पाकिस्तान में सिख व्यापारी की हत्या, इस्लामिक देश से मिट जाएगा अल्पसंख्यकों का निशान?












Click it and Unblock the Notifications