Sheikh Hasina: अब शेख हसीना ने 2 मुस्लिम देशों से मांगी शरण, क्या भारत करेगा पर्दे के पीछे से मदद?
Sheikh Hasina: शेख हसीना के ढाका से भागकर भारत पहुंचने के 48 घंटे बाद भी अभी तक ये अनिश्चित बना हुआ है, कि बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री के लिए कौन सा देश शरणस्थली बनेगा। लेकिन, कुछ मीडिया रिपोर्ट्स से पता चलता है, कि यूके और यूएसए के दरवाजे फिलहाल उनके लिए बंद हैं, इसलिए अब वह अन्य विकल्पों पर विचार कर रही हैं।
द हिंदू ने बताया है, कि पूर्व प्रधानमंत्री यूके में राजनीतिक शरण लेने के अपने प्रयास में पहले ही नाकाम हो चुकी हैं। नतीजतन, वह अब यूएई, सऊदी अरब और फिनलैंड में शरण लेने पर विचार कर रही हैं। हालांकि, उनके बेटे सजीब वाजेद जॉय ने कहा है, कि शेख हसीना ने कहीं भी शरण नहीं मांगी है।

उन्होंने एनडीटीवी से कहा है, कि वह उन जगहों पर जा सकती हैं, जहां उनके परिवार के सदस्य रहते हैं, जैसे कि यूएसए, यूके, फिनलैंड या फिर वो भारत में ही ठहर सकती हैं। जॉय ने यह भी बताया है, कि वह खुद वाशिंगटन में हैं, उनकी मौसी लंदन में रहती हैं और उनकी बहन दिल्ली में रहती हैं, इसलिए वे अभी भी उनके सटीक ठिकाने के बारे में अनिश्चित हैं।
दूसरी तरफ, टाइम्स ऑफ इंडिया ने बताया है, कि शेख हसीना उन देशों की यात्रा कर सकती हैं, जहां उनके परिवार के सदस्य रहते हैं, जैसे कि अमेरिका, ब्रिटेन, फिनलैंड और भारत। सोमवार को, न्यूज 18 ने बांग्लादेशी विपक्ष के सूत्रों का हवाला देते हुए बताया है, कि अमेरिका ने शेख हसीना का वीजा रद्द कर दिया है। हालांकि, अमेरिका ने अभी तक इस दावे की प्रामाणिकता पर कोई टिप्पणी नहीं की है।
मंगलवार को, यह बताया गया है, कि शेख हसीना कुछ और दिनों के लिए भारत में रहेंगी। हालांकि, अभी तक यह पता नहीं चला है कि नई दिल्ली उन्हें कितने समय तक रहने की अनुमति देगी। आवामी लीग की अध्यक्ष शेख हसीना को बड़े पैमाने पर हिंसक प्रदर्शन के बाद इस्तीफ देकर देश छोड़ना पड़ा, जिससे उनका साढ़े 15 साल का शासन खत्म हो गया।
शेख हसीना की गिरफ्तारी की मांग
दूसरी तरफ, बांग्लादेश के सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन (SCBA) के अध्यक्ष एएम महबूब उद्दीन खोकन ने भारत से पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना और उनकी बहन शेख रेहाना को गिरफ्तार कर बांग्लादेश वापस भेजने की मांग की है। एससीबीए सभागार में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोलते हुए खोकन ने बांग्लादेश में कथित मौतों के लिए हसीना को जिम्मेदार ठहराते हुए, भारत के साथ सकारात्मक संबंध बनाए रखने के महत्व पर जोर दिया।

खोकोन ने शेख हसीना पर देश में कई मौतों के लिए जिम्मेदार होने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा, "शेख हसीना ने बांग्लादेश में कई लोगों की हत्या की है।"
इस सम्मेलन में कई बीएनपी समर्थक वकील शामिल हुए थे और खोकोन, जो बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के संयुक्त महासचिव भी हैं, उन्होंने आपातकाल लगाने की किसी भी आशंका के खिलाफ जोरदार अपील की।
इसके अलावा खोकोन ने राजनीतिक गतिविधियों और भ्रष्टाचार में शामिल सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीशों से एक हफ्ते के भीतर इस्तीफा देने की मांग की। उन्होंने अटॉर्नी जनरल एएम अमीन उद्दीन और भ्रष्टाचार विरोधी आयोग (एसीसी) और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) के प्रमुखों और अधिकारियों सहित राज्य के कानून अधिकारियों के इस्तीफे की भी मांग की, और हसीना के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा उनकी नियुक्तियों की आलोचना की। इसके अलावा, उन्होंने राजनीतिक कैदियों की रिहाई की भी मांग की है।












Click it and Unblock the Notifications