शेख हसीना की संपत्तियों को बेचेगी बांग्लादेश सरकार, कौन हैं वे लोग जिनके बीच बांटा जाएगा पैसा?
Sheikh Hasina Asset Seizure: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की संपत्तियों को लेकर सरकार अब बड़ा कदम उठाने की तैयारी में है। जुलाई नरसंहार मामले में शेख हसीना को दोषी ठहराए जाने और उनकी संपत्ति जब्त करने के आदेश के बाद सरकार जब्त संपत्तियों की नीलामी और बिक्री का रास्ता साफ करने जा रही है। इसके लिए कानून और नियमों में जरूरी बदलाव किए जाएंगे।
सरकार की कोशिश है कि जब्त संपत्तियों को बेचकर मिलने वाली रकम पीड़ितों और शहीदों के परिवारों को मुआवजे के तौर पर दी जाए। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि शेख हसीना की हर संपत्ति या उनका पैतृक घर सीधे बेच दिया जाएगा।

शेख हसीना की संपत्ति पर क्या करने जा रही सरकार?
बांग्लादेश सरकार जब्त की गई संपत्तियों की नीलामी और बिक्री को लेकर कानूनी प्रक्रिया स्पष्ट करने जा रही है। सरकारी वकीलों के मुताबिक मौजूदा कानून में संपत्ति जब्त करने और जुर्माना लगाने का प्रावधान तो है, लेकिन जब्त संपत्ति को बेचने या नीलाम करने की प्रक्रिया पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। प्रस्तावित बदलाव के बाद सरकार की कार्यकारी शाखा अदालत के आदेश के आधार पर संपत्तियों पर कार्रवाई कर सकेगी। इस रकम को पीड़ितों और शहीदों के परिवारों को मुआवजे के तौर पर दिया जा सकता है।
ये भी पढे़ं: 'देश से दूर हूं, जनता से नहीं', दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में बोलीं शेख हसीना, भाषण की बड़ी बातें?
शेख हसीना के नाम कितनी संपत्ति?
2024 के राष्ट्रीय संसद चुनाव के लिए दाखिल हलफनामे में शेख हसीना ने अपने नाम पर करीब 43.4 करोड़ टका की चल और अचल संपत्ति घोषित की थी। इसमें बैंक में जमा रकम, गाड़ियां, सोने के आभूषण, फर्नीचर और जमीन शामिल है। अब सवाल यह है कि इनमें से किन संपत्तियों पर अदालत के आदेश के तहत सीधे कार्रवाई हो सकती है। अगर कोई संपत्ति उनके व्यक्तिगत नाम पर है और कानूनी तौर पर जब्ती के दायरे में आती है, तो उस पर सरकार कार्रवाई कर सकती है।
क्या धनमंडी का पैतृक घर भी बिकेगा?
शेख हसीना का धनमंडी स्थित मकान नंबर 32 इस पूरे मामले में सबसे ज्यादा चर्चा में है। हालांकि, बताया जाता है कि यह घर शेख हसीना के निजी नाम पर नहीं, बल्कि शेख मुजीबुर रहमान मेमोरियल ट्रस्ट के नाम पर दर्ज है। ऐसे में इसे शेख हसीना की निजी संपत्ति मानकर सीधे जब्त करना आसान नहीं होगा। ट्रस्ट की संपत्ति पर कार्रवाई के लिए अलग कानूनी आधार या अदालत के स्पष्ट आदेश की जरूरत पड़ सकती है।
ये भी पढ़ें: Sheikh Hasina Speech: शेख हसीना के भाषण पर भड़का बांग्लादेश, भारत को दी चेतावनी
बच्चों और परिवार की संपत्ति का क्या होगा?
शेख हसीना के परिवार के नाम दर्ज संपत्तियों पर भी सीधे कार्रवाई नहीं की जा सकती। धनमंडी का सुधा सदन उनके बच्चों सजीब वाजेद और साइमा वाजेद के नाम पर बताया जाता है। वहीं गाजीपुर का गार्डन हाउस शेख हसीना, शेख रेहाना और उनके बच्चों को विरासत में मिलने की बात कही गई है। ऐसी संपत्तियों के मामले में यह देखना जरूरी होगा कि असली मालिक कौन है और संपत्ति अपराध की कमाई से खरीदी गई थी या नहीं।
छिपाई गई संपत्ति मिली तो क्या होगा?
शेख हसीना की घोषित संपत्तियों के अलावा भ्रष्टाचार निरोधक आयोग की जांच में कथित तौर पर अतिरिक्त संपत्तियों का भी पता चला है। 2008 के हलफनामे में उन्होंने 6.50 एकड़ जमीन बताई थी, जबकि जांच में उनके नाम पर 28 एकड़ से ज्यादा जमीन और करीब 4,100 अचल संपत्तियां होने का दावा किया गया है। अगर जांच में किसी संपत्ति का व्यक्तिगत मालिकाना हक साबित होता है और उसे जानबूझकर छिपाया गया था, तो वह भी जब्ती की कार्रवाई के दायरे में आ सकती है।


Click it and Unblock the Notifications
