थरूर की कूटनीति रही सफल: 'पाकिस्तानी मौतों' पर दुख जताने वाला कोलंबिया का यू-टर्न, अब आतंक पर देगा भारत का साथ
Shashi Tharoor Colombia News: भारत को कोलंबिया में कूटनीतिक कामयाबी मिली है। कांग्रेस नेता शशि थरूर की कूटनीति काम कर गई है, अब कोलंबिया ने भारत-पाकिस्तान मुद्दे पर अपने पुराने रुख को बदल लिया है। पहले कोलंबिया ने भारत के एयरस्ट्राइक के बाद ''पाकिस्तान में हुई मौतों'' पर संवेदना जताई थी, जिससे भारत को नाराजगी हुई थी। लेकिन अब कोलंबिया ने यू-टर्न लेते हुए शुक्रवार 30 मई (स्थानीय समय) को आधिकारिक तौर पर अपना पहले का बयान वापस ले लिया है। कोलंबिया अब भारत को आतंकवाद पर खुलकर समर्थन देगा।
यह तब हुआ जब शशि थरूर के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल ने भारत की जवाबी कार्रवाई के बाद कोलंबिया के रुख पर निराशा जताई थी। कांग्रेस सांसद शशि थरूर, जो "ऑपरेशन सिंदूर" के तहत पाकिस्तान को आतंकवाद के मुद्दे पर बेनकाब करने के लिए अलग-अलग देशों की यात्रा कर रहे हैं, इस समय एक सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं।

शशि थरूर बोले-कोलंबिया ने भारत के रुख को समझा है और अपना बयान वापस लिया है
शशि थरूर ने कहा, ''हम कोलंबिया के विदेश मंत्रालय से मिले-वहां वरिष्ठ उप मंत्री ने हमारा स्वागत किया। हमें यह जानकर खुशी हुई कि उन्होंने अपना पुराना बयान वापस ले लिया है और अब भारत के रुख को समझते हुए हमारे समर्थन में एक मजबूत बयान देंगे।''
कोलंबिया की उप विदेश मंत्री रोसा योलांडा विलाविसेनियो ने कहा, "हमें पूरा विश्वास है कि आज हमें जो स्पष्टीकरण मिला है और वास्तविक स्थिति, संघर्ष और कश्मीर में जो कुछ हुआ है, उसके बारे में जो पूरी जानकारी हमारे पास है, उसके आधार पर हम बातचीत जारी रख सकते हैं।"
थरूर ने कोलंबिया के बदले हुए रुख की सराहना करते हुए ANI से कहा, ''उप मंत्री ने बहुत सम्मानपूर्वक कहा कि उन्होंने वह बयान वापस ले लिया है, जिस पर हमने चिंता जताई थी, और अब वे भारत के रुख को पूरी तरह समझते हैं। यह हमारे लिए बहुत जरूरी है।''
थरूर ने कोलंबिया में फिर से दोहराया कि भारत और पाकिस्तान के बीच कोई समानता नहीं हो सकती है और कहा कि कोलंबिया के साथ पहले की निराशा यह थी कि उन्होंने "इस अंतर को नजरअंदाज कर दिया था"।
थरूर ने कोलंबिया के बयान पर पहले जताई थी नाराजगी
इससे पहले थरूर ने कोलंबिया की प्रतिक्रिया पर निराशा जताई थी। उन्होंने कहा था कि जब भारत ने आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई की थी, तो कोलंबिया ने पाकिस्तान में हुई कथित मौतों पर दुख जताया, लेकिन जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले, जिसमें 26 लोग मारे गए पीड़ितों के लिए कोई सहानुभूति नहीं दिखाई।
थरूर ने कहा था, ''हमें कोलंबिया सरकार की प्रतिक्रिया से थोड़ी निराशा हुई थी, क्योंकि उन्होंने भारतीय कार्रवाई के बाद पाकिस्तान में हुई मौतों पर शोक जताया था, लेकिन आतंकवाद के पीड़ितों के लिए कुछ नहीं कहा।''
इस समय थरूर अमेरिका महाद्वीप के कई देशों की यात्रा पर हैं ताकि भारत के आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति को दुनिया के सामने रखा जा सके। पनामा और गुयाना की यात्रा के बाद उनका दल गुरुवार 29 मई को कोलंबिया पहुंचा।












Click it and Unblock the Notifications