गुयाना के स्वतंत्रता दिवस के जश्न में शशि थरूर हुए शामिल, दोनों देशों के रिश्तों के साथ ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा
Shashi Tharoor Participate in Guyana's 59th Independence Day Celebration: भारत और गुयाना के रिश्तों में एक नया अध्याय जुड़ गया है। कांग्रेस सांसद और वरिष्ठ नेता शशि थरूर के नेतृत्व में एक ऑल-पार्टी डेलीगेशन ने गुयाना के 59वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में शिरकत की। यह समारोह बर्बिस के एल्बियन स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में बड़े उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। थरूर और उनके साथ गए प्रतिनिधिमंडल का वहां जोरदार स्वागत हुआ।
गुयाना के प्रधानमंत्री ब्रिगेडियर (सेवानिवृत्त) मार्क एंथनी फिलिप्स से मुलाकात के दौरान शशि थरूर ने दोनों देशों के बीच सहयोग की संभावनाओं पर विस्तार से बातचीत की। उन्होंने कहा कि गुयाना और भारत के रिश्ते केवल कूटनीतिक नहीं, बल्कि सांस्कृतिक और मानवीय आधार पर भी मजबूत हैं।

तकनीकी सहयोग कार्यक्रम का जिक्र
थरूर ने भारत द्वारा चलाए जा रहे तकनीकी सहयोग कार्यक्रम की जानकारी दी, जिसमें हर साल लगभग 100 गुयानी अधिकारी भारत आकर 3 से 6 महीने तक विभिन्न क्षेत्रों में प्रशिक्षण लेते हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री की पत्नी भी इस कार्यक्रम के तहत भारत आई थीं और अहमदाबाद में NGO और उद्यमिता प्रबंधन की पढ़ाई की थी।
ये भी पढ़ें: गुयाना में शशि थरूर के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल का भव्य स्वागत, गूंजे 'भारत माता की जय' के नारे
प्रधानमंत्री की ओर से डिनर का आयोजन
थरूर ने गुयाना के प्रधानमंत्री द्वारा दी गई मेहमाननवाजी की सराहना की। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को विशेष रूप से डिनर पर बुलाया। इसमें कैबिनेट के कई सदस्य भी शामिल हुए। इस मुलाकात के दौरान दोनों देशों के नेताओं ने आतंकवाद जैसे वैश्विक मुद्दों पर खुलकर चर्चा की।
#WATCH | Berbice, Guyana: After meeting Prime Minister of Guyana Brig Mark Anthony Phillips (Retd.), Congress MP Shashi Tharoor, says "I am extremely grateful for the warm welcome extended by the Prime Minister, who hosted us for dinner. Guyana's 59th Independence Day is coming… pic.twitter.com/ptcG2DKWqC
— ANI (@ANI) May 26, 2025
डेलीगेशन में शामिल कई दलों के नेता
इस प्रतिनिधिमंडल में शंभवी चौधरी (लोक जनशक्ति पार्टी), सरफराज अहमद (झारखंड मुक्ति मोर्चा), जी एम हरीश बलायगी (तेलुगु देशम पार्टी), शशांक मणि त्रिपाठी, तेजस्वी सूर्या, भुवनेश्वर के लाटा (तीनों भाजपा), मल्लिकार्जुन देवड़ा (शिवसेना) और अमेरिका में भारत के पूर्व राजदूत तरणजीत सिंह संधू शामिल हैं।
भारतीय समुदाय ने डेलीगेशन का किया स्वागत
गुयाना में बसे भारतीय समुदाय और प्रवासी भारतीयों ने भारतीय प्रतिनिधिमंडल का भव्य स्वागत किया। लोगों ने पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ भारत की सख्त प्रतिक्रिया का समर्थन किया। उन्होंने भारतीय सेना की आतंकवाद के खिलाफ की गई कार्रवाई 'ऑपरेशन सिंदूर' की सराहाना की।
ऑपरेशन सिंदूर की जानकारी की गई शेयर
डेलीगेशन का मुख्य उद्देश्य 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत की कार्रवाई के बारे में अंतरराष्ट्रीय समुदाय को जानकारी देना था। भारत ने इस हमले के जवाब में 7 मई को 'ऑपरेशन सिंदूर' चलाया, जिसमें पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर में आतंकियों के ठिकानों को निशाना बनाया गया। इस जवाबी कार्रवाई में जैश-ए-मोहम्मद, लश्कर-ए-तैयबा और हिज़्बुल मुजाहिदीन जैसे आतंकी संगठनों के 100 से अधिक आतंकियों को मार गिराया गया।
ये भी पढ़ें: 'जो अमेरिका ने 9/11 में झेला, वही हम झेल रहे हैं, भारत अब आतंकवाद बर्दाश्त नहीं करेगा', शशि थरूर का सख्त संदेश












Click it and Unblock the Notifications