'इंडियन आर्मी का अपमान करने वाले अफरीदी का बूम-बूम वेलकम', भारतीय समुदाय ने ऐसा क्या किया, हो रही है थू-थू
Pakistani cricketer Shahid Afridi: ''ये देशभक्ति है या बेवफाई? दुश्मन का स्वागत? जिसने इंडियन आर्मी का अपमान किया, उसका दुबई में हुआ सम्मान'' सोशल मीडिया पर ये बातें पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर शाहिद अफरीदी के स्पेशल स्वागत को देख गुस्साए लोगों ने किया है। शाहिद अफरीदी का खास अंदाज में स्वागत किसी और ने नहीं, बल्कि दुबई में केरल समुदाय के लोगों ने किया है।
केरल समुदाय को सोशल मीडिया पर आलोचना का सामना करना पड़ रहा है क्योंकि उन्होंने हाल ही में एक कार्यक्रम में शाहिद अफरीदी का गर्मजोशी से स्वागत किया। लोगों ने इस भारतीय समुदाय के मेहमाननवाजी की आलोचना की है क्योंकि शाहिद अफरीदी ने 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले (जिसमें 26 लोग मारे गए) के बाद भारत-विरोधी बयान दिए थे। भारतीय सेना का अपमान किया था।
इस हमले के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव और बढ़ गया।

''शाहिद अफरीदी का 'बूम बूम' स्वागत-देशवासियों में गुस्सा"
सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में देखा जा सकता है कि शाहिद अफरीदी को कार्यक्रम में मंच पर बुलाया गया, जहां लोग तालियों और जोरदार नारों के साथ उनका स्वागत करते हैं। अफरीदी ने अपने भाषण में कहा कि उन्हें भारत के "केरल वाले हिस्से और वहां का खाना" बहुत पसंद है।
जैसे ही अफरीदी मंच पर आए, सांस्कृतिक प्रस्तुति रोक दी गई और लोग "बूम बूम" के नारे लगाने लगे -जो अफरीदी का मशहूर उपनाम है। इसके जवाब में अफरीदी बोले, "हो गया बूम बूम।" ये "बूम बूम" के नारे वहां मौजूद भारतीय समुदाय ने लगाए।
नेटिजन्स ने इस वीडियो पर तीखी प्रतिक्रिया दी। यह क्लिप X (पहले ट्विटर) पर एक यूजर ने साझा की थी और कैप्शन में लिखा, ''क्या शर्मनाक है!! - बेताबी में केरल वासियों ने दुबई में इस भारत-विरोधी पाकिस्तानी का 'बूम बूम' से स्वागत किया, वो भी पहलगाम आतंकी हमले और उसके जहरभरे बयानों के बाद।'' यह वीडियो तेजी से वायरल हो गया।
सोशल मीडिया पर लोगों ने कहा- शर्म की बात है...
अफरीदी के विवादास्पद बयानों और घटना के समय को देखते हुए, केरल समुदाय द्वारा किए गए इस स्वागत पर लोगों ने नाराजगी जताई। एक यूजर ने लिखा, ''देशभक्ति तो जैसे छक्के पर चली गई... शर्मनाक। केरल समुदाय से ऐसी उम्मीद नहीं थी।''
एक अन्य ने कहा, ''कोई अपनी ही देश के प्रति इतना बेवफा कैसे हो सकता है...सबसे ज्यादा पढ़े-लिखे माने जाते हो, कुछ तो सीखो... बहुत ही शर्मनाक।'' तीसरे व्यक्ति ने सवाल किया, "क्या इनके पास भारत से कोई और सम्माननीय व्यक्ति नहीं था? ये सब देखना बहुत दुखद है।''
पहलगाम हमले पर अफरीदी का विवादित बयान
शाहिद अफरीदी ने हाल ही में भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़े सैन्य और कूटनीतिक तनाव के दौरान भारत के खिलाफ कई बयान दिए। अप्रैल में पाकिस्तान के 'समा टीवी' पर बात करते हुए अफरीदी ने कहा, ''अगर भारत में कोई पटाखा भी फूटे तो पाकिस्तान पर ही आरोप लगते हैं।''
उन्होंने भारत की सेना पर भी सवाल उठाए और कहा, ''तुम लोगों की 8 लाख की फौज है कश्मीर में, फिर भी यह हो गया। इसका मतलब तुम लोग नालायक हो, निकम्मे हो, सुरक्षा नहीं दे सके लोगों को।''
अफरीदी ने भारतीय मीडिया की रिपोर्टिंग की तुलना "बॉलीवुड फिल्म" से की और भारतीय क्रिकेटरों पर भी तंज कसा जो पाकिस्तान को हमले के लिए जिम्मेदार ठहरा रहे थे।
इस पहलगाम हमले की जिम्मेदारी 'द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF)' नामक संगठन ने ली है, जो पाकिस्तान स्थित प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) से जुड़ा हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications