अंतरिक्ष में परमाणु बम तैनात करने जा रहा रूस, अमेरिकी सीनेटर ने संसद में लीक किया पुतिन का प्लान
अमेरिकी संसद ने रूस को लेकर खतरनाक दावा किया है। इसमें कहा गया है कि रूस अंतरिक्ष में परमाणु बम तैनात करने जा रहा है जो पूरी दुनिया के लिए 'गंभीर' खतरा हो सकता है।
हाउस इंटेलिजेंस कमेटी के प्रमुख, माइक टर्नर ने अमेरिकी संसद में इसे देश की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बताया है। इसके साथ ही टर्नर ने अमेरिकी सरकार से उस जानकारी को भी सार्वजनिक करने की मांग की है।

हालांकि अपने बयान में, ओहियो रिपब्लिकन टर्नर ने कथित सुरक्षा खतरे के बारे में कोई विवरण नहीं दिया। लेकिन माना जा रहा है कि जिस खतरे की बात टर्नर कर रहे थे वो रूस का स्पेस में न्यूक्लियर वेपन लाने का कथित प्लान ही है।
द न्यूयॉक टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका ने इस मुद्दे पर अपने सहयोगी देशों को जानकारी दी है। इस मामले पर वर्तमान और पूर्व अधिकारियों की जानकारी के अनुसार अमेरिका ने अपने करीबी यूरोपीय देशों को रूस के अंतरिक्ष के परमाणु हथियार को लेकर चेतावनी दी है।
पोलिटिको की रिपोर्ट के मुताबिक खुफिया जानकारी से परिचित लोगों में से एक ने कहा, अमेरिका एक साल से अधिक समय से रूस के संभावित रूप से एंटीसैटेलाइट परमाणु हथियार बनाने और तैनात करने के बारे में चिंतित है। क्योंकि संभवतः ये ऐसा हथियार है जिसका बचाव अमेरिका और उसके सहयोगी देशों के पास नहीं है। हालांकि लोगों ने इंटेल पर अधिक जानकारी नहीं दी।
कहा जा रहा है कि यदि इस स्पेस वेपन को तैनात किया जाता है, तो अमेरिका और उसके सहयोगी देशों के सैटेलाइन नष्ट हो सकते हैं जिससे सिविल कम्यूनिकेशन, स्पेस सर्विलांस, मिलिट्री कमांड और कंट्रोल ऑपरेशन सिस्टम ध्वस्त हो सकता है।
एक पूर्व अधिकारी ने एनवाईटी से कहा कि फिलहाल अमेरिका के पास ऐसे हथियार का मुकाबला करने और अपने सैटेलाइट्स की रक्षा करने की क्षमता नहीं है।
द गार्जियन में फेडरेशन ऑफ अमेरिकन साइंटिस्ट्स में परमाणु सूचना परियोजना के डायरेक्टर हैंस क्रिस्टेंसन ने कहा कि रूस ऐसे उपग्रहों के साथ कई प्रयोग कर रहा है जो अन्य उपग्रहों को नष्ट करने के लिए डिज़ाइन किए जा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि अंतरिक्ष में परमाणु हथियारों की ऐसी कोई भी तैनाती 1967 की आउटर स्पेस ट्रीटी का उल्लंघन होगी, जिस पर मॉस्को ने भी दस्तखत कर रखे हैं। यह संधि सभी ऑर्बिटल न्यूक्लियर वीपन पर बैन लगाता है।
अधिकारियों का अनुमान है कि यदि रूस ऐसे हथियार को डेवलप कर रहा है तो वह जल्द ही 1967 की आउटर स्पेस ट्रीटी को छोड़ देगा।
हालांकि द गार्जियन से आर्म्स कंट्रोल एसोसिएशन के प्रमुख डेरिल किमबॉल ने कहा कि परमाणु-विरोधी उपग्रह हथियार का कोई व्यावहारिक अर्थ नहीं है। उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष में किसी भी सैटेलाइट को उड़ाने के लिए आपको परमाणु हथियार की जरूरत ही नहीं है।
उन्होंने कहा कि आप छोटे से विस्फोट से भी कम में बहुत कुछ कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष में सभी वस्तुएं इतनी नाजुक हैं कि आप छोटे से विस्फोट में ही सारा सिस्टम ठप कर सकते हैं। इसके लिए परमाणु बम का इस्तेमाल करने की कोई जरूरत भी नहीं है। हालांकि उन्होंने इसे पूरी तरह से अवैध बताया।
अमेरिकी हाउस के स्पीकर माइक जॉनसन ने कहा कि किसी कथित अनाम धमकी से घबराने की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि उन्हें क्लासिफाइड डॉक्यूमेंट पर चर्चा करने की अनुमति नहीं है। हालांकि उन्होंने कहा कि काबिल लोग इस पर काम कर रहे हैं। फिलहाल किसी को अधिक पैनिक होने की जरूरत नहीं है।
व्हाइट हाउस में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जैक सुलिवन ने इस मामले पर कहा कि अमेरिकी यह समझते हैं कि दुनिया में कई ऐसे खतरे और चुनौतियां हैं जिसका हम हर दिन सामना कर रहे हैं। जैक सुलिवन ने कहा कि मुझे पूरा भरोसा है कि राष्ट्रपति बाइडन अमेरिकी लोगों की सुरक्षा को सुनिश्चित करेंगे। अमेरिकी कांग्रेस के कई सदस्यों ने इस मुद्दे को बहुत गंभीर करार दिया है।












Click it and Unblock the Notifications