आतंकवाद से ‘वन अर्थ, वन फैमिली' तक! SCO घोषणा पत्र में भारत की किन प्राथमिकताओं को मिली जगह
SCO Bishkek Declaration: किर्गिस्तान के बिश्केक में आयोजित 26वें शंघाई सहयोग संगठन यानी SCO शिखर सम्मेलन में भारत की कई अहम प्राथमिकताओं को जगह मिली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में अपनाई गई बिश्केक घोषणा में आतंकवाद के खिलाफ सख्त रुख से लेकर 'दोहरा मापदंड' खत्म करने तक भारत के लंबे समय से उठाए जा रहे मुद्दों को शामिल किया गया।
इसके साथ ही 'वन अर्थ, वन फैमिली, वन फ्यूचर' के भारत के विचार को भी संवाद और सहयोग आगे बढ़ाने के आधार के रूप में दोहराया गया। युवा, विज्ञान, इनोवेशन और सभ्यतागत संवाद से जुड़ी भारत की पहलों को भी SCO देशों का समर्थन मिला।

आतंकवाद पर भारत की बड़ी प्राथमिकता को मिली जगह
भारत लंबे समय से आतंकवाद के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के सख्त कार्रवाई की मांग करता रहा है। बिश्केक घोषणा में भी सदस्य देशों ने आतंकवाद के सभी रूपों और अभिव्यक्तियों की कड़ी निंदा की। सबसे अहम बात यह रही कि आतंकवाद से लड़ाई में 'दोहरा मापदंड' अपनाने को अस्वीकार्य बताया गया। साथ ही आतंकवादियों की सीमा-पार आवाजाही रोकने और आतंकवाद के खिलाफ प्रभावी अंतरराष्ट्रीय कार्रवाई की जरूरत पर भी जोर दिया गया।
ये भी पढे़ं: आतंकवाद खत्म करने से लेकर कनेक्टिविटी तक! SCO समिट से PM मोदी का दुनिया को बड़ा संदेश, भाषण की बड़ी बातें
'वन अर्थ, वन फैमिली, वन फ्यूचर' को मिली मान्यता
SCO बिश्केक घोषणा में भारत के 'वन अर्थ, वन फैमिली, वन फ्यूचर' के विचार को भी अहम जगह मिली। सदस्य देशों ने इसे आपसी संवाद और सहयोग को आगे बढ़ाने के आधार के रूप में दोहराया। यह भारत के उस वैश्विक दृष्टिकोण को दर्शाता है, जिसमें दुनिया को एक परिवार मानकर साझा चुनौतियों का मिलकर समाधान तलाशने पर जोर दिया जाता है। SCO जैसे बड़े क्षेत्रीय संगठन में इस विचार को जगह मिलना भारत के लिए अहम माना जा रहा है।
युवा वैज्ञानिकों के लिए भारत की पहल को समर्थन
विज्ञान, तकनीक और इनोवेशन के क्षेत्र में युवाओं की भागीदारी बढ़ाना भी भारत की प्राथमिकताओं में शामिल रहा है। बिश्केक सम्मेलन में SCO यंग साइंटिस्ट फोरम के नियमित आयोजन पर जोर दिया गया। यह भारत की पहल है, जिसके जरिए सदस्य देशों के युवा वैज्ञानिकों और इनोवेटर्स को एक मंच पर लाने की कोशिश की जा रही है। SCO देशों ने वैज्ञानिक और तकनीकी सहयोग को मजबूत करने के लिए युवाओं की सक्रिय भागीदारी की जरूरत को भी स्वीकार किया।
भारत में होगा SCO सिविलाइजेशन डायलॉग फोरम
बिश्केक घोषणा में 2026 की शरद ऋतु में भारत में SCO सिविलाइजेशन डायलॉग फोरम आयोजित किए जाने का भी स्वागत किया गया। यह भारत के लिए सांस्कृतिक और सभ्यतागत संवाद को मजबूत करने का बड़ा मौका होगा। सदस्य देशों ने आपसी समझ और लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने की जरूरत पर जोर दिया। इसके अलावा SCO यंग ऑथर्स कॉन्फ्रेंस के योगदान को भी रेखांकित किया गया, जो युवा सहयोग को बढ़ावा देने की भारत की एक और अहम पहल है।
ये भी पढे़ं: पुतिन से पीएम मोदी की मुलाकात और जिनपिंग से दूरी या नजदीकी? SCO Summit भारत के लिए क्यों है रणनीतिक परीक्षा
SCO के भविष्य के ढांचे में भारत की बढ़ेगी भूमिका
शिखर सम्मेलन में SCO चार्टर में संशोधन और परिवर्धन से जुड़े प्रोटोकॉल को मंजूरी दी गई। विदेश मंत्रालय के मुताबिक, इससे भारत को संगठन के बदलते संस्थागत ढांचे को आकार देने में सक्रिय भूमिका निभाने में मदद मिलेगी। भारत यह सुनिश्चित कर सकेगा कि SCO के भविष्य के कामकाज में उसके हितों और प्राथमिकताओं को उचित जगह मिले। इसी प्रक्रिया के तहत SCO के ढांचे में अंग्रेजी को औपचारिक रूप से शामिल करने की दिशा में भी अहम प्रगति हुई है।


Click it and Unblock the Notifications
