Sanae Takaichi की हुई जापान में शानदार जीत,पार किया बहुमत का आंकड़ा, PM मोदी ने दी बधाई
जापान की राजनीति में एक नया अध्याय जुड़ गया है। कंजरवेटिव नेता और देश की पहली महिला प्रधानमंत्री सानाए ताकाइची के नेतृत्व वाले गठबंधन ने हालिया विंटर स्नैप पोल में ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। सत्ताधारी लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (LDP) ने निचले सदन में स्पष्ट बहुमत हासिल करते हुए न सिर्फ अपनी स्थिति मज़बूत की, बल्कि विरोधियों को भी करारी शिकस्त दी।
निचले सदन में LDP का दमदार प्रदर्शन
465 सीटों वाले जापान के निचले सदन में LDP ने अकेले ही 233 सीटों का बहुमत आंकड़ा पार कर लिया। खास बात यह रही कि मतदान समाप्त होने के दो घंटे से भी कम समय में पार्टी की जीत लगभग तय हो गई, जो इसे LDP के सर्वश्रेष्ठ चुनावी प्रदर्शन में से एक बनाती है।

Sanae Takaichi: 'आयरन लेडी' से प्रेरित हैं पहली महिला प्रधानमंत्री
सानाए ताकाइची जापान की पहली महिला प्रधानमंत्री हैं और वे खुद को अक्सर ब्रिटेन की पूर्व प्रधानमंत्री मार्गरेट थैचर 'आयरन लेडी' से प्रेरित बताती रही हैं। देश की कमान संभालने वाली पहली महिला नेता के रूप में इस चुनाव में उनकी पार्टी का प्रदर्शन बेहद उल्लेखनीय माना जा रहा है, जिसने उनके नेतृत्व पर जनता की मुहर को साफ़ तौर पर दिखा दिया है।
पीएम मोदी ने दी बधाई
इस शानदार जीत पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सानाए ताकाइची को बधाई दी है। पीएम मोदी ने 'X' (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा, "प्रतिनिधि सभा के चुनाव में ऐतिहासिक जीत के लिए सानाए ताकाइची को बधाई। हमारी विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी वैश्विक शांति, स्थिरता और समृद्धि बढ़ाने में अहम भूमिका निभाती है।"
उन्होंने आगे कहा, "मुझे विश्वास है कि आपके सक्षम नेतृत्व में भारत-जापान की दोस्ती नई ऊंचाइयों पर पहुंचेगी।"
वहीं, जापान में नियुक्त अमेरिकी राजदूत जॉर्ज एडवर्ड ग्लास ने भी ताकाइची को उनकी "प्रभावशाली जीत" पर बधाई देते हुए द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने की इच्छा जताई।
36 साल बाद सर्दियों में हुआ चुनाव, बड़ा राजनीतिक दांव
यह चुनाव जापान के इतिहास में 36 वर्षों में पहली बार मध्य सर्दियों में कराया गया। सानाए ताकाइची ने पिछले साल अक्टूबर में LDP का नेतृत्व संभालने के बाद इस चुनाव की घोषणा की थी। इसका उद्देश्य जनता से नया जनादेश हासिल करना था, जिसे उस समय एक बड़ा राजनीतिक जोखिम माना जा रहा था।
टूटा गठबंधन, खोया बहुमत-फिर भी मिली बड़ी सफलता
चुनाव से पहले LDP संसद के दोनों सदनों में बहुमत खो चुकी थी और कोमेतो पार्टी के साथ उसका पुराना गठबंधन भी टूट चुका था। ऐसे हालात में यह चुनाव सरकार की साख को दोबारा मज़बूत करने का एक साहसिक प्रयास था, जो अब पूरी तरह सफल साबित हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications