परमाणु हमले की नॉर्थ कोरिया की धमकी के बीच अमेरिका और दक्षिण कोरिया ने शुरू किया संयुक्त युद्धाभ्यास
नॉर्थ कोरिया के एक सरकारी समाचार पत्र में छपे बयान में कहा गया है कि पांच दिन का ये संयुक्ताभ्यास उनके देश को भड़काने की कार्यवाही है और इससे परमाणु युद्ध भड़कने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
सियोल। नॉर्थ कोरिया की परमाणु युद्ध की धमकी के बीच दक्षिण कोरिया और अमेरिका ने अपना संयुक्त हवाई युद्धाभ्यास शुरू कर दिया है। नॉर्थ कोरिया ने इसके शुरू होने के ठीक पहले रविवार को कहा था कि इस युद्धाभ्यास से परमाणु युद्ध भड़क सकता है। नॉर्थ कोरिया के एक सरकारी समाचार पत्र में छपे बयान में कहा गया है कि पांच दिन का ये संयुक्ताभ्यास उनके देश को भड़काने की कार्यवाही है और इससे परमाणु युद्ध भड़कने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

पांच दिन तक चलने वाला ये युद्धाभ्यास ACE(एयर कॉम्बेट एक्सरसाइज) दोनों देशों के बीच होने वाला अब तक का सबसे बड़ा युद्धाभ्यास है। इस युद्धाभ्यास में करीब 230 लड़ाकू विमान और 12 हजार से ज्यादा जवान शामिल हैं। इनमें छह F-22 रैप्टर्स और छह F-35As लड़ाकू विमान शामिल हैं। योनहॉप एजेंसी के मुताबिक इन सभी विमामों को पांच दिन के लिए दक्षिण कोरिया में तैनात किया गया है। इसके अलावा दो B-1B लैंसर बॉम्बर्स, छह, EV-18G ग्रोवलर इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर जेट्स और दर्जनों F-15C और F-16 फाइटर जेट्स को बेड़े में शामिल किया गया है। इसके अलावा साउथ कोरिया के F-15K, KF-16, FA-50 और F-5 फाइटर्स को भी युद्धाभ्यास के लिए तैनात किया गया है।
हर हमले से निपटने की हो रही तैयारी
योनहॉप न्यूज एजेंसी ने साउथ कोरिया के रक्षा मंत्रालय के एक अधिकारी के हवाले से कहा है कि इस युद्भाभ्यास का उद्देश्य सभी तरह के मौसमों, रात और दिन में दोनों देशों की हवाई युद्धक क्षमताओं को बढ़ाना है। मंत्रालय के मुताबिक दोनों साझेदार अलग-अलग परिस्थितियों में युद्धाभ्यास करेंगे। नॉर्थ कोरिया की तरफ से होने वाले किसी भी परमाणु और मिसाइल हमले की स्थिति में भी कैसे निपटा जाए,ये भी ध्यान में रखकर युद्धाभ्यास किया जाएगा। ये युद्धाभ्यास ठीक एक हफ्ते बाद किया जा रहा है, जब नॉर्थ कोरिया ने इंटरकॉन्टिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइल का परीक्षण किया था और उसने ये भी दावा किया था कि ये मिसाइल पूरे अमेरिका को अपनी जद में ले सकती है।












Click it and Unblock the Notifications