पुतिन के नंबर-1 विरोधी नेता एलेक्सी नवलनी को एक और मामले में 19 साल की सजा, जानें क्या लगा है आरोप?
रूस में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के नंबर एक विरोधी और जेल में बंद विपक्षी नेता एलेक्सी नवलनी को शुक्रवार को अदालत ने चरमपंथ के आरोप में 19 साल अतिरिक्त जेल की सजा सुनाई है।
47 वर्षीय नवलनी को अदालत ने पांचवी बार कारावास की सजा सुनाई है। यह सजा उन्हें सुनाई गई तीन सजाओं में से सबसे लंबी सजा है। नवलनी, पहले से ही धोखाधड़ी और अन्य कथित अपराधों के लिए 11 साल से ज्यादा जेल की सजा काट रहे हैं।

शुक्रवार को नवलनी अपनी जेल की वर्दी पहने हुए, मुस्कुराते हुए और एक अन्य प्रतिवादी से बात करते हुए न्यायाधीश के सामने उपस्थित हुए। इससे पहले 20 जुलाई को सरकारी पक्ष ने अदालत से सजा 20 साल करने की अपील की थी।
दोषी ठहराए जाने से पहले, नवलनी ने कहा कि उन्हें पहले से ही इस लंबी सजा की आशंका थी। नवलनी को एक चरमपंथी संगठन की स्थापना और उसकी गतिविधियों को वित्त पोषित करने का दोषी ठहराया गया है।
नवलनी का कहना है कि उनके खिलाफ ज्यादातर मामले राजनीति से प्रेरित हैं। पेशे से एक वकील नवलिनी भ्रष्टाचार के विरोध में कैंपेन चलाते थे। वह राष्ट्रपति पुतिन की नीतियों के मुखर आलोचक रहे हैं। पुतिन, नवलिनी से इतना घबराते हैं कि रूस में उनका नाम तक बैन कर दिया गया है।
नवलिनी रूस की विपक्ष सहयोग परिषद के सदस्य हैं और रशिया ऑफ द फ्यूचर पार्टी के नेता हैं। रूस में 2011 के अंत में पुतिन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन भड़क उठा तो नवलनी गिरफ्तार होने वाले पहले प्रदर्शनकारियों में से एक थे। उन्हें रूस के अगले राष्ट्रपति के तौर पर देखा जाता है। साल 2018 में उन्होंने राष्ट्रपति का चुनाव भी लड़ा था।
अगस्त 2020 में जब वे सर्बिया में थे तब उन्हें एक खतरनाक जहर दिया गया था जिसके बाद वे कोमा में चले गए थे। इलाज के लिए उन्हें जर्मनी ले जाया गया। इसके बाद उन्हें रूस वापस भेज दिया गया। लेकिन जैसे ही जनवरी 2021 को वे मॉस्को लौटे, उन्हें तुरंत ही गिरफ्तार कर लिया गया। तब से वे जेल की सजा काट रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications