'9 मई तक युद्ध खत्म करना चाहता है रूस, पुतिन ने सैनिकों को दी आखिरी डेडलाइन', रक्षा मंत्री गायब!
यूक्रेन युद्ध के बीच कई दिनों से गायब चल रहे रूस के रक्षा मंत्री सार्वजनिक तौर पर एक बार फिर से नजर आए हैं, लेकिन उनकी सार्वजनिक उपस्थिति अभी भी सवालों के घेरे में है।
कीव, मार्च 25: यूक्रेन युद्ध के एक महीने शुरू हो चुके हैं और यूक्रेनी सेना के दावे को अगर सही माने तो यूक्रेन युद्ध अभी डेढ़ महीने तक और चल सकता है। यूक्नेन ने दावा किया है कि, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने रूस की सेना को 9 मई तक हर हाल में युद्ध खत्म करने के आदेश दिए हैं। यानि, 9 मई तक किसी भी हाल में रूस निर्णायक युद्ध चाहता है।
Recommended Video

पुतिन ने दिया डेडलाइन
कीव इंडिपेंडेंट की एक रिपोर्ट के अनुसार, यूक्रेन के सशस्त्र बलों के जनरल स्टाफ के खुफिया सूत्रों ने दावा किया है कि, रूसी सैनिकों को आदेश दिया जा रहा है, कि युद्ध 9 मई तक समाप्त हो जाना चाहिए। इस तारीख को रूस में व्यापक रूप से नाजी जर्मनी पर विजय दिवस के रूप में मनाया जाता है। इसी के साथ ही यूक्नेन ने रूस के ऊपर अपने हजारों नागरिकों को जबरदस्ती रूस ले जाने का आरोप लगाया है और दावा किया है कि, उनमें से सैकड़ों नागरिकों को ‘बंधक' के तौर पर रूस इस्तेमाल कर सकता है, ताकि, कीव को युद्ध में हथियार रखने के लिए विवश किया जा सके। एसोसिएटेड प्रेस की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि, यूक्रेन की लोकपाल ल्यूडमिला डेनिसोवा ने कहा कि, 84000 बच्चों सहित 402,000 लोगों को उनकी इच्छा के विरुद्ध रूस ले जाया गया है।
पोलैंड जाएंगे अमेरिकी राष्ट्रपति
वहीं, रूस की तरफ से भी करीब करीब ऐसी ही संख्या दी गई हैं, लेकिन रूस ने दावा किया है कि, ये सभी यूक्रेनी नागरिक खुद रूस जाना चाहते थे। दूसरी तरफ, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन और पश्चिमी सहयोगियों ने यूक्रेन के समर्थन में रूस पर नए प्रतिबंध लगाने और मानवीय सहायता उपलब्ध कराने का वादा किया है। हालांकि, यूक्रेनी राष्ट्रपति ने दावा किया है कि, उन्हें रूस से लड़ाई लड़ने के लिए जितने हथियारों की जरूरत है, उतने हथियार नहीं मिल रहे हैं। एक वीडियो संबोधन में यूक्रेनी राष्ट्रपति ने ज्यादा से ज्यादा हथियार भेजने की अपील की है। वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति आज पोलैंड के दौरे पर जाएंगे, जहां वो पोलैंड सरकार को यूक्रेनी शरणार्थियों को समर्थन देने के लिए धन्यवाद देंगे।

यूरोपीय संघ के नेताओं से अपील
वहीं, यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर ज़ेलेंस्की ने यूरोपीय संघ के नेताओं को यूक्रेन का समर्थन करने और रूस पर प्रतिबंध लगाने के लिए एक साथ काम करने के लिए धन्यवाद दिया है, जिसमें रूस को नई नॉर्ड स्ट्रीम 2 पाइपलाइन के माध्यम से यूरोप को प्राकृतिक गैस पहुंचाने से रोकने का जर्मनी का निर्णय भी शामिल है। आपको बता दें कि, नाटो पहले ही यूक्रेन की सैन्य मदद करने से इनकार कर चुका है और यूक्रेन को डर है, कि शायद यूरोपीय संघ में शामिल होने की उनकी कोशिश को भी झटका लग सकता है, लिहाजा उन्होंने यूरोपीय संघ से एक बार फिर से अपील की है, कि यूक्रेन को जल्द से जल्द यूरोपीय संघ का सदस्य बनाया जाए।

जेलेंस्की से हंगरी की बड़ी अपील
यूक्रेन के राष्ट्रपति ने हंगरी से अपील की है कि यूरोपीय संघ में शामिल होने के लिए कीव की कोशिश को ना रोके। यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की हंगरी के राष्ट्रपति से अपील करते हुए कहा कि, "सुनिए, विक्टर, क्या आप जानते हैं कि मारियुपोल में क्या हो रहा है?" ज़ेलेंस्की ने हंगरी के राष्ट्रपति विक्टर ओरबान को संबोधित करते हुए और घिरे हुए यूक्रेनी बंदरगाह शहर का जिक्र करते हुए जेलेंस्की ने कहा कि, ‘वहां दसियों हज़ार लोग भोजन और पानी की कम पहुंच के साथ फंसे हुए हैं। मैं एक बार और सभी के लिए खुला रहना चाहता हूं और आपको खुद तय करना चाहिए कि आप किसके लिए हैं।" आपको बता दें कि, हंगरी के राष्ट्रपति ओर्बन को व्यापक रूप से यूरोपीय संघ के नेताओं में पुतिन का सबसे करीबी सहयोगी माना जाता है।

फिर नजर आए रूसी रक्षा मंत्री
यूक्रेन युद्ध के बीच कई दिनों से गायब चल रहे रूस के रक्षा मंत्री सार्वजनिक तौर पर एक बार फिर से नजर आए हैं। ऐसा माना जा रहा था, कि, रूसी रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु को यूक्रेन युद्ध में उनकी भूमिका से हटा दिया गया है, क्योंकि रूस अभी तक यूक्रेन को डिगा नहीं पाया है। लेकिन, अब रूसी मीडिटा ने शीर्ष अधिकारियों के साथ रक्षा मंत्री को एक बैठक में शामिल दिखाया है। आपको बता दें कि, आखिरी बार किसी बैठक में 11 मार्च को ही रूसी रक्षा मंत्री नजर आए थे। लेकिन अब आरआईए समाचार एजेंसी ने गुरुवार को शोइगू को शीर्ष अधिकारियों की बैठक को टेलीविजन पर दिखाया है। जिसमें राष्ट्रपति पुतिन अपने देश की सुरक्षा परिषद से वीडियो कॉन्फ्रेंस में बात कर रहे थे। हालांकि, पश्चिमी देशों की मीडिया ने आशंका जताई है, कि रूसी रक्षा मंत्री का वीडियो कॉन्फ्रेंस में शामिल होने का जो वीडियो दिखाया गया है, वो असल में रिकॉर्डेट वीडियो है।












Click it and Unblock the Notifications