यूक्रेन युद्ध के 500 दिन... कितनी मची तबाही, कितना हुआ विनाश, महायुद्ध में क्या हासिल कर पाया रूस?
Ukraine War's 500th day: आज से ठीक 500 दिन पहले 24 फरवरी 2022 की एक ठंडी सुबह तो रूस ने अपने पश्चिमी पड़ोसी देश, यूक्रेन पर पूर्ण पैमाने पर आक्रमण शुरू कर दिया था। क्रेमलिन ने आक्रमण को "विशेष सैन्य अभियान" बताया और चंद दिनों में लड़ाई के खत्म हो जाने की उम्मीद जताई।
दुनियाभर के विश्लेषकों को लगा, कि महज हफ्ते भर के अंदर यूक्रेन सरेंडर कर देगा, लेकिन साढ़े 16 महीने बाद भी लड़ाई जारी है और इस लड़ाई का तत्काल कोई अंत नजर नहीं आ रहा है। यूक्रेन युद्ध के 500 दिन पूरे हो चुके हैं, लेकिन इन 500 दिनों में लाखों लोगों की जिंदगी पूरी तरह से बदल चुकी है। हजारों लोगों की मौत हो चुकी है, लाखों घर टूट चुके हैं औऱ ये सिलसिला अभी भी लगातार जारी है।

जंग के 500 दिनों के बडे़ अपडेट्स
-- संयुक्त राष्ट्र की शरणार्थी एजेंसी (यूएनएचसीआर) के मुताबिक, 63 लाख यूक्रेनियन शरणार्थी बन गए हैं।
-- संयुक्त राष्ट्र के अधिकार कार्यालय (ओएचसीएचआर) के लेटेस्ट आंकड़ों के अनुसार, यूक्रेन में 9,083 नागरिक मारे गए हैं। हालांकि, वास्तविक मरने वालों की संख्या काफी ज्यादा होने की आशंका है।
-- ओएचसीएचआर के अनुसार, यूक्रेन में 15,779 नागरिक घायल हुए हैं।
-- युद्ध के दोनों पक्षों की तरफ से कितने सैनिक मारे गये हैं, इसको लेकर सटीक जानकारी नहीं है। दोनों ही देशों के आंकड़े संदेहास्पद हैं।
-- कीव स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स के लेटेस्ट निष्कर्षों के मुताबिक, युद्ध की वजह से करीब 143 अरब डॉलर से ज्यादा का विनाश हुआ है।
-- ऐसा अनुमान है, कि पिछले 500 दिनों की लड़ाई में रूस, यूक्रेन के 20 प्रतिशत से कम हिस्से पर ही नियंत्रण कर पाया है।
सबसे बड़ा शरणार्थी संकट
इस संघर्ष ने द्वितीय विश्व युद्ध के बाद सबसे तेजी से बढ़ते शरणार्थी संकट को जन्म दिया है। 24 फरवरी 2022 को आक्रमण के बाद से 63 लाख लोगों को यूक्रेन से भागने के लिए मजबूर होना पड़ा। उनमें से ज्यादातर, आंकड़ों के मुताबिक 59 लाख 67 हजार 100 यूरोपीय देशों में चले गए।
इसके अलावा, करीब 60 लाख लोग यूक्रेन के अंदर ही अलग अलग जगहों पर विस्थापित होकर आ शरणार्थी बनकर रह रहे हैं।
ज्यादातर शरणार्थियों में महिलाएं और बच्चे हैं, क्योंकि 18 से 60 वर्ष की आयु के यूक्रेनी पुरुषों को देश में रहने और लड़ने का निर्देश दिया गया है।
सबसे बड़ी शरणार्थी आबादी वाले देश रूस हैं, जिनकी संख्या 12 लाख 75 हजार 315 है। जर्मनी में 10 लाख 76 हजार 680, पोलैंड में 9 लाख 99 हजार 690, चेक गणराज्य में 3 लाख 50 हजार 455 और यूनाइटेड किंगडम में 2 लाख 6 हजार 700 शरणार्थी रहते हैं।

यूक्रेन युद्ध में कितने लोग मारे गये?
ओएचसीएचआर का अनुमान है, कि रूस के आक्रमण के बाद से यूक्रेन में 9 हजार 83 नागरिक मारे गए हैं और 15,779 घायल हुए हैं। लेकिन माना जा रहा है कि ये संख्याएं कम आंकी गई हैं।
यूक्रेनी सरकार द्वारा नियंत्रित क्षेत्र में, ओएचसीएचआर ने कम से कम 20,073 हताहतों की संख्या दर्ज की है (7,072 मारे गए और 13,001 घायल)।
यूक्रेन के पूर्वी प्रांत डोनेट्स्क और लुहान्स्क क्षेत्रों में 9,966 हताहत (4,105 मारे गए और 5,861 घायल) हुए हैं।
अन्य क्षेत्रों में 10,107 हताहत (2,967 मारे गए और 7,140 घायल) हुए हैंष
रूस के कब्जे वाले क्षेत्र में, ओएचसीएचआर ने कम से कम 4,789 हताहतों की संख्या दर्ज की है (2,011 मारे गए और 2,778 घायल)।
युद्ध में कितने सैनिक मारे गये?
सैन्य हताहतों का अनुमान लगाना मुश्किल है, क्योंकि यूक्रेनी और रूसी सेनाएं अपने नुकसान को कम करके आंक रही हैं, और विश्वसनीय डेटा की कमी है। यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय ने कहा है, कि 5 जुलाई तक युद्ध में 2 लाख 31 हजार 700 सैनिक या तो मारे गये हैं या घायल होकर युद्ध के मैदान से बाहर हो चुके हैं।
ब्रिटिश रक्षा मंत्रालय के अनुसार, युद्ध के पहले वर्ष में, रूसी सेना के सैनिकों और वैगनर समूह द्वारा तैनात निजी सैनिकों के 200,000 तक सैनिक हताहत हुए थे। इसमें संभवतः 40,000 से 60,000 के बीच सैनिकों के मारे जाने की संभावना है।
अभी हाल ही में, इस साल अप्रैल में लीक हुए अमेरिकी रक्षा खुफिया एजेंसी के आकलन के मुताबिक, रूस के कुल मिलाकर 189,500 से 223,000 सैनिक हताहत हुए हैं, जिनमें 35,500 से 43,000 सैनिक मारे गए और 154,000 से 180,000 तक सैनिक घायल हुए हैं।
अमेरिका का कहना है कि यूक्रेन में कुल 131,000 लोग हताहत हुए हैं, जिनमें 17,500 सैनिक मारे गए हैं और 1 लाख 13 हजार 500 सैनिक घायल हुए हैं।

जंग में अभी तक कितना नुकसान?
पूरे यूक्रेन में ऊंची और टूटी इमारतें दिख रही हैं, जो रूसी बमबारी की निशानदेही कर रही हैं। मिसाइल हमलों और गोलाबारी ने सैकड़ों हजारों इमारतों और महत्वपूर्ण वास्तुकला को नष्ट कर दिया है। रूस ने घरों और अस्पतालों से लेकर बिजली संयंत्रों और अन्य सुविधाओं तक को निशाना बनाया है।
मार्च में विश्व बैंक की एक रिपोर्ट में कहा गया था, कि युद्ध से उबरने और पुनर्निर्माण के लिए यूक्रेन को अगले 10 वर्षों में 411 अरब डॉलर का खर्च आएगा, जो कि उसके युद्ध-पूर्व जीडीपी का का दोगुना है।
यूक्रेनी व्यवसायों को कम से कम 11.3 अरब डॉलर का नुकसान हुआ है, जिसमें युद्ध बढ़ने के साथ और इजाफा होगा। वहीं, युद्ध की वजह से यूक्रेनी कृषि को 8.7 अरब डॉलर का नुकसान हुआ है।
कीव स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स के अनुसार, क्षतिग्रस्त इमारतों और बुनियादी ढांचे को बदलने की लागत 143.8 अरब डॉलर से ज्यादा आंकी गई है।
यूक्रेन के कितने हिस्से पर रूस का कंट्रोल?
एक साल पहले रूस ने प्रमुख यूक्रेनी शहरों और रणनीतिक बंदरगाहों पर कब्ज़ा कर लिया था, जिसके बाद माना जा रहा था, कि उसने यूक्रेन के 20 प्रतिशत से ज्यादा हिस्से पर कब्ज़ा कर लिया है।
हालांकि, यह अनुमान अब 20 प्रतिशत से भी कम है और कुछ शोधकर्ताओं के अनुसार, 17 प्रतिशत तक यूक्रेनी हिस्से पर रूस का कब्जा हो सकता है। संभावना है, कि इसमें और कमी आ सकती है, क्योंकि यूक्रेन अपने हिस्से को आजाद कराने के लिए लड़ रहा है। हालांकि, रूस का दावा है, कि उसने पूर्वी यूक्रेन पर पूरी तरह से नियंत्रण हासिल कर लिया है, जिसकी पुष्टि नहीं हो पाई है।












Click it and Unblock the Notifications