‘रूस के पास क्लस्टर बमों का खजाना, जरूरत पड़ी तो जमकर चलाएंगे’, यूक्रेन को बम सप्लाई करने पर पुतिन की चेतावनी
अमेरिका के यूक्रेन को क्लस्टर हथियार देने के फैसले पर अब रूसी राष्ट्रपति पुतिन की प्रतिक्रिया सामने आई है। रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि उनके पास पर्याप्त मात्रा में क्लस्टर बमों का भंडार मौजूद है। जरूरत पड़ने वे इसका इस्तेमाल करने से नहीं चूकेंगे।
पुतिन ने एक सरकारी टीवी साक्षात्कार में कहा कि अगर यूक्रेन में रूसी सेनाओं के खिलाफ ऐसे हथियारों का इस्तेमाल किया जाता है तो मॉस्को उनके इस्तेमाल का अधिकार सुरक्षित रखता है।

बीते सप्ताह अमेरिका ने यूक्रेन को क्लस्टर हथियार देने का फैसला किया था। अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडन ने कहा था कि यूक्रेन के पास हथियार खत्म हो रहे हैं और इसलिए उन्होंने क्लस्टर हथियार भेजने का फैसला किया है।
अमेरिका ने कहा कि क्लस्टर हथियारों की भयावहता के जोखिम को देखते हुए अभी तक इनकी सप्लाई नहीं की गई थी। हालांकि यूक्रेन लगातार हथियारों की मांग कर रहा था। हालांकि ह्यूमन राइट्स वॉच की रिपोर्ट के मुताबिक रूस और यूक्रेन दोनों ही क्लस्टर बमों का इस्तेमाल कर रहे हैं।
आपको बता दें कि क्लस्टर बम एक ऐसा हथियार है, जिसे हवा में रिलीज करने पर कई छोटे-छोटे बम निकलते होते हैं। ये छोटे बम साधारण बमों की तुलना में ज्यादा इलाके को प्रभावित करते हैं। इसे बम रॉकेट, मिसाइल या तोपों से दागा जाता है।
एक बार जमीन पर गिरने के बाद इसे नियंत्रित नहीं किया जा सकता है, ऐसे में ये बम किसी को भी निशाना बना सकते हैं। आम नागरिकों को क्लस्टर बमों से सबसे ज्यादा खतरा होता है, क्योंकि युद्ध के मैदान में सैनिक अपनी रक्षा के लिए तैयार रहते हैं।
बच्चों को इनसे और खतरा रहता है क्योंकि किसी खेत में पड़े ये बम छोटे खिलौने की तरह लगते हैं। इन हथियारों की भयावहता को देखते हुए दुनिया भर में 100 से ज्यादा देशों ने इन पर प्रतिबंध लगा रखा है।
क्लस्टर हथियार काफी विवादास्पद रहे हैं। कई बार गिराए जाने वाले बम ऐन वक्त पर फटते नहीं हैं। ये वर्षों पड़े रहते हैं और बाद में फटते हैं। भले ही क्लस्टर बमों का उत्पादन और इस्तेमाल प्रतिबंधित है लेकिन, अमेरिका, इराक, उत्तर कोरिया, इस्राइल समेत दुनिया के कई देशों पर इनके प्रयोग करने के आरोप लगते रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications