रूस ने मानवता के आधार पर यूक्रेन में आज के लिए सीजफायर का किया ऐलान
मॉस्को, 09 मार्च। रूस ने मानवता के आधार पर आज यूक्रेन में सीजफायर का ऐलान किया है, जिससे कि यहां फंसे आम नागरिक बाहर निकल सके। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक रूस ने साइलेंस मोड घोषित कर दिया है और वह मानवता के आधार पर कीव सहित कई शहरों में कोरिडोर मुहैया कराने के लिए तैयार है। यह ऐलान ऐसे समय पर आया है जब यूक्रेन और रूस दोनों ने एक दूसरे पर कोरिडोर में बाधा डालने का आरोप लगाया था। रूस का कहना है कि हम चर्निहीव, सूमी, खारकीव, मारियोपोल, जैपोरझिझिया में कोरिडोर मुहैया कराने के लिए तैयार हैं।

मानवाधिकार कोऑर्डिनेशन सेंटर के मुखिया मिखैल मिजिन्टसेव ने कहा कि रूस ने एक बार फिर से यूक्रेन को प्रस्ताव दिया है कि वह आम नागरिकों को बाहर निकालने के रास्ते पर राजी हो। बयान में कहा गया है कि इस बयान को तत्काल प्रभाव से यूक्रेन के संज्ञान में लाया जा रहा है कि 9 मार्च रात 3 बजे से मानवता के आधार पर आम नागरिकों को बाहर निकालने के लिए कोरिडोर मुहैया कराया जाए, इसके लिए लिखित स्वीकृति भी दी जाए, जिसमे सुरक्षा की भी गारंटी हो।
इससे पहले मंगलवार को आम नागरिकों को बाहर निकालने का काम किया गया। मुख्य रूप से सूमी में लोगों को बाहर निकालने का अभियान चलाया गया है। इसके अलावा कीव में भी जो लोग फंसे हैं उन्हें बाहर निकाला गया। बता दें कि सूमी शहर में भारत के कई नागरिक फंसे थे, जिन्हें बाहर निकालने के लिए भारत ने यूएन में भी गुहार लगाई थी। भारत ने यूएन में कहा था कि दोनों पक्षों से इसके लिए गुहार लगाई गई थी लेकिन इसका कोई हल नहीं निकल सकका था। जिसके बाद रूस ने बुधवार के लिए सीजफायर का ऐलान किया है।












Click it and Unblock the Notifications