मेटा प्रवक्ता के खिलाफ पुतिन सरकार की बड़ी कार्रवाई, वाटेंड लिस्ट में शामिल कर शुरू की आपराधिक जांच
रूस ने अमेरिकी टेक कंपनी 'मेटा' के प्रवक्ता को वांटेड लिस्ट में शामिल कर लिया है। रूस के रक्षा मंत्रालय द्वारा बनाए गए एक ऑनलाइन डेटाबेस से यह जानकारी सामने आई है। मेटा लोकप्रिय मीडिया ऐप फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप आदि की पैरेंट कंपनी है।
रूस की सरकारी समाचार एजेंसी 'तास' ने इसका खुलासा करते हुए बताया कि मेटा संचार निदेशक एंडी स्टोन को रविवार को वांछित सूची में शामिल किया गया है। इसके साथ ही रूसी गृह मंत्रालय ने स्टोन के खिलाफ एक आपराधिक जांच शुरू की है।

हालांकि, रक्षा मंत्रालय के आंकड़ों में जांच का विवरण या स्टोन के खिलाफ आरोपों की जानकारी साझा नहीं की गई। डेटाबेस में सिर्फ ये बताया गया है कि स्टोन आपराधिक आरोपों में वांछित हैं। मेटा ने इस मामले में फिलहाल कोई टिप्पणी नहीं की है।
इससे पहले रूस ने अक्टूबर में मेटा को 'आतंकवादी और चरमपंथी' संगठन की कैटेगरी में डाल दिया था। रूस की स्वतंत्र समाचार वेबसाइट मीडियाजोना के मुताबिक, स्टोन को फरवरी 2022 में वांटेड लिस्ट में शामिल किया गया था, लेकिन उस समय अधिकारियों ने इससे संबंधित कोई बयान नहीं दिया था। इस सप्ताह तक इस मामले पर किसी भी समाचार मीडिया ने कोई रिपोर्ट नहीं किया था।
आपको बता दें कि रूस ने पिछले साल ही इंस्टाग्राम और फेसबुक की पेरेंट कंपनी मेटा को आतंकी संगठनों की लिस्ट में शामिल किया था। रूसी अधिकारियों का कहना था कि मेटा के प्लेटफॉर्म्स रूस के खिलाफ दुष्प्रचार कर रहे हैं।
यूक्रन में जंग शुरू होने के बाद कुछ ही दिनों के बाद मार्च में राष्ट्रपति पुतिन ने फेसबुक और इंस्टाग्राम पर बैन लगा दिया था। इसके बाद रूस की संघीय जांच समिति ने मेटा को लेकर एक आपराधिक जांच शुरू की थी।
इसमें आरोप लगाया गया था कि 24 फरवरी 2022 को यूक्रेन पर मॉस्कों के हमले के बाद कंपनी की कार्रवाई रूसियों के खिलाफ हिंसा भड़काने जैसी थी। रूस के सैनिकों के यूक्रेन जाने के बाद स्टोन ने मेटा की 'घृणा भाषण' नीति में अस्थायी बदलाव की घोषणा की थी।
ऐसा इसलिए किया गया ताकि राजनीतिक अभिव्यक्ति के उन रूपों को अनुमति दी जा सके जो आम तौर पर (मेटा) नियमों का उल्लंघन करते हैं। उसी बयान में, स्टोन ने कहा कि रूसी नागरिकों के खिलाफ हिंसा के विश्वसनीय आह्वान पर प्रतिबंध रहेगा।
मीडियाजोना ने रविवार को दावा किया कि रूस की एक अदालत ने 'आतंकवाद को बढ़ावा देने' के आरोप में स्टोन के खिलाफ इस महीने की शुरूआत में गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। रिपोर्ट में जानकारी के स्रोत का जिक्र नहीं किया गया।












Click it and Unblock the Notifications