Prince Harry news: एक के बाद एक शाही परिवार के राज खोल रहे प्रिंस हैरी, किंग चार्ल्स ने बनाया बड़ा प्लान
प्रिंस हैरी की आत्मकथा 'स्पेयर' 10 जनवरी को जारी होने से पहले ही इसके कुछ हिस्से लीक हो गए हैं जिससे शाही परिवार में उथल-पुथल मच गई है। शाही परिवार ने किसी भी तरह के नतीजों से निपटने के लिए एक वास्तविक वॉर रूस बनाया है।

File Image: PTI
ब्रिटेन के प्रिंस हैरी ने अपनी आत्मकथा 'स्पेयर' में शाही परिवार पर एक के बाद एक कई सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। उन्होंने खुलासा किया है कि कैसे उनकी शादी के बाद शाही घर में रहना उनके और उनकी पत्नी के लिए कठित होता चला गया। इसके साथ ही उन्होंने कई सारे गंभीर खुलासे किए हैं जिस कारण शाही परिवार की आलोचना हो रही है। हालांकि पहले तो इस मामले पर बकिंघम पैलेस ने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया था लेकिन अब ऐसी खबरें आ रही हैं कि शाही परिवार के वरिष्ठ सलाहकारों ने किसी भी तरह के नतीजों से निपटने के लिए एक वास्तविक 'वॉर रूम' स्थापित किया है।

परिणामों को लेकर सतर्क है शाही परिवार
एक रिपोर्ट के अनुसार, सैंड्रिंघम एस्टेट में संभावित स्थिति पर चर्चा करने के लिए शीर्ष कर्मचारियों के कई सदस्य बैठक कर रहे हैं। यही वो जगह है जहां महारानी एलिजाबेथ द्वितीय की मृत्यु के बाद शाही परिवार अपना पहला क्रिसमस मनाने के लिए इकट्ठा हुआ था। रिपोर्टों से पता चलता है कि रॉयल्स और उनके कर्मचारी हर एक योजना को तैयार कर रहे हैं, जिससे प्रिंस हैरी की आत्मकथा 'स्पेयर' के प्रकाशन पर रोक लगाया जा सके। शाही परिवार के लिए इसके परिणामों के बारे में बहुत ही ज्यादा सतर्क है।

प्रिंस विलियम को किंग चार्ल्स ने रोका
पेज सिक्स की एक रिपोर्ट में, एक महल के अंदरूनी सूत्र को उद्धृत किया गया था जिसने प्रिंस हैरी की किताब के कारण शाही घराने के भीतर दिख रहे तनाव के बारे में खुलासा किया था। सूत्र के मुताबिक शाही परिवार को इस बात का डर था कि हैरी आखिर क्या लिखने जा रहा है। वे अपने जीवन के अत्यधिक व्यक्तिगत क्षणों के बाहर आ जाने को लेकर चिंतित थे। हालांकि किंग चार्ल्स पारंपरिक तौर पर अपने खामोशी वाले रवैये के साथ आगे बढ़ना चाहते थे और रानी एलिजाबेथ की तरह नेवर कंपलेन, नेवर एक्सप्लेन के पदचिन्हों पर चलना चाहते थे। लेकिन वह प्रिंस विलियम हैं जो चाहते थे कि वह परंपरा से हटकर काम करें और मीडिया के सामने प्रिंस हैरी के सभी तर्कों को खारिज कर दें, लेकिन किंग चार्ल्स ने उन्हें ऐसा करने से रोक रखा है।

प्रिंस हैरी ने क्या-क्या खुलासे किए हैं?
प्रिंस हैरी ने अपनी किताब में कई खुलासे किए हैं। अपनी किताब में हैरी ने आरोप लगाए हैं कि विलियम ने उनपर हमला किया था। हैरी की पत्नी मेघन को लेकर कुछ बात हुई। बात बढ़ गई और विलियम उनपर टूट पड़े। विलियम ने उन्हें जमीन पर पटक दिया जिससे उनकी पीठ में चोट आई। इसके साथ ही उन्होंने लिखा है कि 2005 में नाजी वाली ड्रेस पहनने को लेकर उनके भाई ने ही जिद की थी। प्रिंस हैरी ने अपने संस्मरण में ये भी दावा किया है कि उन्होंने अफगानिस्तान में 25 तालिबानी लड़ाकों को मारा था।

10 जनवरी को रिलीज हो रही किताब
इसके साथ ही प्रिंस ने अपने पहली बार संबंध बनाने और नशा करने को लेकर भी लिखा है। उन्होंने लिखा है कि 17 साल की उम्र में अपने से बड़ी महिला के साथ पहली बार संबंध बनाया था। प्रिंस ने ये भी लिखा है कि वह उनके लिए 'अपमानजनक' अनुभव था। उस महिला ने उन्हें 'किसी युवा घोड़े' की तरह बर्ताव कर रही थी और उन्हें हल्के हाथों से पीट रही थी। प्रिंस हैरी ने ऑटोबायोग्राफी में यह भी कहा है कि वो गांजा, कोकिन, मैजिक मशरूम और लाफिंग गैस का भी इस्तेमाल किया करते थे। इसके साथ ही उन्होंने यह भी लिखा है कि पिछले साल उनकी दादी क्वीन एलिजाबेथ के निधन के बारे में उन्हें मीडिया के जरिए पता चला था। इस बारे में उन्हें परिवार के किसी भी सदस्य ने नहीं बताया था।












Click it and Unblock the Notifications