बिल गेट्स और वैक्सीन विरोधी रॉबर्ट कैनेडी जूनियर लड़ेंगे राष्ट्रपति चुनाव, बाइडन को देंगे टक्कर
कैनेडी लंबे समय से वैक्सीन-विरोधी आंदोलन में शामिल रहे हैं। वह बेस्टसेलिंग लेखक और पर्यावरण की हिमायत करने वाले वकील रहे हैं, जिन्होंने स्वच्छ पानी जैसे मुद्दों पर लंबा काम किया है।

2024 में होने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव के लिए डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से रॉबर्ट एफ कैनेडी जूनियर ने बुधवार को अपनी दावेदारी पेश कर दी है। वे कैनेडी परिवार के वंशज हैं। 69 साल के कैनेडी जूनियर पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति जॉन एफ कैनेडी के भतीजे हैं।
कैनेडी परिवार के वकील ने बुधवार को घोषणा की कि वे 2024 में एक डेमोक्रेट के रूप में राष्ट्रपति पद के लिए दौड़ रहे हैं। इससे पहले मार्च में कैनेडी जूनियर ने एक ट्विटर पोस्ट के जरिए राष्ट्रपति पद के लिए दावेदारी की इच्छा जताई थी।
पूर्व अटॉर्नी जनरल रॉबर्ट एफ कैनेडी के बेटे और राष्ट्रपति जॉन एफ कैनेडी के भतीजे, कैनेडी जूनियर ने बोस्टन स्थित पार्क प्लाजा में अपनी उम्मीदवारी की शुरुआत की। डेमोक्रेटिक पार्टी की प्राइमरी में अपने दावे की घोषणा करते हुए उन्होंने एक शानदार भाषण दिया।
जूनियर कैनेडी ने कहा कि उनके अभियान और राष्ट्रपति पद का उद्देश्य राज्य और कॉर्पोरेट सत्ता के भ्रष्ट विलय को समाप्त करना है। कैनेडी ने कहा, "इस अभियान के दौरान और मेरे प्रशासन के दौरान मेरा उद्देश्य यही होगा कि अमेरिकी ये भूल जाएं कि वे रिपब्लिकन या डेमोक्रेट हैं। वे बस ये याद रखें कि वे अमेरिकी हैं।"
कैनेडी ने कहा, "हमें विभाजित करने वाले मुद्दों के बजाय हमारे साझा मूल्यों पर ध्यान देने की जरूरत है।"
उन्होंने कहा कि अमेरिका ने दुनियाभर में आठ ट्रिलियन डॉलर पुल, सड़क, इमारत, इंफ्रास्ट्रक्चर तबाह करने में बर्बाद किए हैं। जबकि चीन ने दुनियाभर में आठ ट्रिलियन डॉलर पुल, सड़क, इमारत, इंफ्रास्ट्रक्चर बनाने पर ख़र्च कर रहा है, इसलिए उसका असर भी बढ़ रहा है।
कैनेडी ने मीडिया पर भी निशाना साधते हुए कहा कि "हम जानते हैं कि मीडिया हमसे झूठ बोलता है। हर कोई यह जानता है।" कैनेडी को देश में वैक्सीन विरोधी कार्यकर्ता के तौर पर भी जाना जाता है। वे लगभग दो दशक से अमेरिका में वैक्सीन विरोधी आंदोलनों का हिस्सा रहे हैं।
कैनेडी ने कहा, "राज्य और कॉर्पोरेट शक्तियों ने हमारे बच्चों और हमारे लोगों को रसायनों और फार्मास्युटिकल दवाओं के साथ जहर दिया है, मध्य वर्ग को खोखला करने और हमें युद्ध की स्थिति में रखने के लिए हमारी संपत्ति छीन ली है।"
आपको बता दें कि वैक्सीन पर कैनेडी के बयानों के चलते उनके परिवार के सदस्य ही उनका विरोध करते हैं। वे कह चुके हैं कि वैक्सीन पर उनके विचारों के घातक परिणाम हो सकते हैं।
इससे पहले 2022 में फेसबुक और इंस्टाग्राम ने कैनेडी के वैक्सीन विरोधी ग्रुप के पेज को स्वास्थ्य से जुड़ी भ्रामक जानकारी फैलाने के आरोप में हटा दिया था। रॉबर्ट कैनेडी ने इसे लेकर कहा कि अगर आप किसी व्यक्ति को 18 साल तक सेंसर करेंगे, तो उसका नतीजा यही होता है। अब आपको 18 महीने तक बहुत कुछ सुनना पड़ेगा।
कैनेडी बिल गेट्स और एंथनी फाउची के घनघोर आलोचक रहे हैं। वे देश के शीर्ष संक्रामक रोग विशेषज्ञ एंथनी फाउची पर एक किताब भी लिख चुके हैं। उन्होंने फाउची पर पश्चिमी लोकतंत्र के खिलाफ तख्तापलट करने का भी आरोप लगाया था। उन्होंने बिल गेट्स पर वैक्सीन के जरिए आर्थिक लाभ कमाने का आरोप भी लगाया था।












Click it and Unblock the Notifications