जो बाइडेन ने G20 में PM मोदी के सामने उठाया था कनाडा में निज्जर की हत्या का मुद्दा: रिपोर्ट
India-Canada row: अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन और अन्य नेताओं ने दिल्ली में हुए जी20 शिखर सम्मेलन में भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi ) से कनाडा के दावों के बारे में चिंता व्यक्त की थी। फाइनेंशियल टाइम्स ने गुरुवार को अपनी रिपोर्ट में ऐसा दावा किया है। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि जो बाइडेन (US President Joe Biden) ने जी20 में सिख अलगाववादी खालिस्तानी नेता हरदीप सिंह निज्जर (Hardeep Singh Nijjar) की हत्या का मामला पीएम मोदी के सामने उठाया था।
अखबार ने रिपोर्ट में जी20 शिखर सम्मेलन में चर्चा से परिचित तीन लोगों का हवाला देते हुए कहा कि खुफिया जानकारी साझा करने वाले नेटवर्क फाइव आईज के कई सदस्यों ने जून 2023 में हरदीप सिंह निज्जर की ब्रिटिश कोलंबिया में हुई हत्या का मुद्दा पीएम नरेंद्र मोदी के समक्ष उठाया था।

कनाडा ने G20 में अन्य देशों से मामले में हस्तक्षेप करने को कहा था: रिपोर्ट
रिपोर्ट के मुताबिक कनाडा द्वारा अपने सहयोगियों से मामले को सीधे पीएम मोदी के समक्ष उठाने का आग्रह करने के बाद नेताओं ने जी20 शिखर सम्मेलन में हस्तक्षेप किया था।
अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन ने गुरुवार को पहले कहा था कि कनाडा में सिख अलगाववादी नेता की हत्या के बारे में ओटावा के दावों के बाद अमेरिका उच्च स्तर पर भारतीयों के संपर्क में है और वाशिंगटन इस मामले में भारत को कोई "विशेष छूट" नहीं दे रहा है। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि व्हाइट हाउस ने इसपर फिलहाल कोई जवाब नहीं दिया है।
G20 में पीएम मोदी और कनाडा के PM ट्रूडो में हुई थी बात!
दिल्ली में जी20 शिखर सम्मेलन 9 और 10 सितंबर 2023 को आयोजित हुआ था। जी20 शिखर सम्मेलन में पीएम नरेंद्र मोदी ने कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो के सामने अलगाववादी खालिस्तानी नेताओं को लेकर चिंता जताई थी।
भारत से जाने के बाद 18 सितंबर को कनाडाई संसद को संबोधित करते हुए पीएम जस्टिन ट्रूडो ने कहा कि हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में भारत सरकार के एजेंटों का हाथ हो सकता है। जिसके बाद से ही कनाडा और भारत के संबंधों में दूरियां बढ़ गई हैं।












Click it and Unblock the Notifications