रणधीर जायसवाल भारतीय विदेश मंत्रालय के नए प्रवक्ता बने, अरिंदम बागची को अब मिली ये नई जिम्मेदारी
भारतीय विदेश मंत्रालय के नए प्रवक्ता के रूप में रणधीर जायसवाल ने पदभार संभाल लिया है। उन्होंने अरिंदम बागची की जगह ली है। इससे पहले विदेश मंत्रालय में प्रवक्ता पद की कमान संभाल रहे अरिंदम बागची को नई जिम्मेदारी मिली है।
अरिंदम बागची ने खुद एक्स पर एक पोस्ट के जरिये इस बात की जानकारी दी है। उन्होंने लिखा है कि रणधीर जायसवाल ने आधिकारिक प्रवक्ता के रूप में पदभार ग्रहण किया है।

विदेश मंत्रालय के नए प्रवक्ता बनाए गए 1998 बैच के आइएफएस अधिकारी रणधीर जायसवाल अभी तक न्यूयॉर्क में भारत के महावाणिज्य दूत थे। अब तमाम मामलों में वह भारत का पक्ष रखेंगे।
जायसवाल ने अमेरिका में जुलाई 2020 में महावाणिज्यदूत की भूमिका निभाई, जब उन्होंने कोविड-19 महामारी के चरम को देखा, जहां उन्होंने फंसे हुए भारतीय पर्यटकों, छात्रों और प्रवासी सदस्यों की स्वदेश वापसी की सुविधा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने आधिकारिक तौर पर 26 नवंबर, 2023 को न्यूयॉर्क में अपना कार्यकाल समाप्त किया।
जायसवाल के राजनयिक करियर में पुर्तगाल, क्यूबा, दक्षिण अफ्रीका और न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन में पोस्टिंग शामिल है।
रणधीर जायसवाल से पहले विभिन्न मुद्दों पर भारत का मजबूती से पक्ष रखने वाले अरिंदम बागची को भारत सरकार ने जिनेवा में संयुक्त राष्ट्र और अन्य अंतर्राष्ट्रीय संगठनों में देश के अगले राजदूत/स्थायी प्रतिनिधि के रूप में नियुक्त किया है।
अरिंदम बागची 1995 बैच भारतीय विदेश सेवा (IFS) के अधिकारी हैं, जिन्होंने मार्च 2021 में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रे रूप में कार्यभार संभाला था। उनके कार्यकाल में कई महत्वपूर्ण वैश्विक घटनाएं हुईं, जिसमें कोविड -19 से उत्पन्न चुनौतियों के अलावा, रूस-यूक्रेन युद्ध संकट, भारत-चीन विवाद आदि शामिल थीं।
अब अरिंदम बागची को जिनेवा में संयुक्त राष्ट्र और अन्य अंतर्राष्ट्रीय संगठनों में भारत के अगले स्थायी प्रतिनिधि के रूप में नियुक्त किया गया है। भारत सरकार के अनुसार शीघ्र ही कार्यभार संभालने की उम्मीद है।
बागची को संयुक्त राष्ट्र में भारत का स्थायी प्रतिनिधि ऐसे वक्त में नियुक्त किया गया है, जब देश तमाम मामलों में विश्व को दिशा दे रहा है। माना जा रहा है कि ऐसे वक्त में बागची संयुक्त राष्ट्र में भारत के हर पक्ष को मजबूती के साथ दुनिया के सामने रखेंगे।












Click it and Unblock the Notifications