'PoK के लोग खुद बोलेंगे मैं भी भारत हूं', ऑपरेशन सिंदूर की चर्चा कर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ऐसा क्यों कहा?
Rajnath Singh statement on PoK: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मोरक्को के दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) भारत को किसी युद्ध या हमले के बिना ही अपने आप मिल जाएगा।
राजनाथ सिंह का बयान ऐसे समय आया है जब विपक्ष केंद्र सरकार पर आरोप लगा रहा है कि 7 मई को हुए ऑपरेशन सिंदूर के दौरान PoK कब्जाने का अवसर गंवा दिया गया। राजनाथ सिंह ने मोरक्को में भारतीय समुदाय और रक्षा उद्योग से जुड़ी अहम बातें साझा कीं।

PoK को लेकर बड़ा बयान
राजनाथ सिंह ने सोमवार को मोरक्को में भारतीय समुदाय से बातचीत के दौरान कहा कि, पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर भारत को बिना किसी लड़ाई के मिल जाएगा। उन्होंने कहा कि वहां के लोग लंबे समय से उत्पीड़न और आतंक का सामना कर रहे हैं और अब वे खुद आजादी की मांग कर रहे हैं। राजनाथ सिंह ने साफ कहा कि एक दिन वे खुद कहेंगे, 'मैं भी भारतीय हूं'। रक्षा मंत्री ने कहा कि आने वाले समय में PoK के लोग भारत में शामिल होने की आवाज उठाएंगे।
विपक्ष के आरोप के बीच बयान
यह बयान उस समय आया है जब विपक्ष केंद्र पर आरोप लगा रहा है कि सरकार ने 7 मई को हुए ऑपरेशन सिंदूर के दौरान PoK कब्जाने का मौका गंवा दिया। उस दौरान भारतीय वायुसेना ने कई पाकिस्तानी लड़ाकू विमान गिराए थे, लेकिन सरकार ने युद्धविराम का निर्णय लिया। राजनाथ सिंह के बयान को इस बहस के संदर्भ में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
आतंकवाद पर कड़ा संदेश
राजनाथ सिंह ने अपने संबोधन में बताया कि 22 अप्रैल को पहलगाम आतंकी हमले के अगले ही दिन CDS और तीनों सेनाध्यक्षों के साथ बैठक हुई थी। उन्होंने कहा कि सेना से पूछा गया कि अगर आदेश मिले तो क्या तैयार हैं, और सेना ने तुरंत हामी भरी। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी ने पूरी छूट दी और भारतीय सेना ने सीमा पार 100 किमी अंदर जाकर आतंकी ठिकाने तबाह कर दिए। राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत ने आतंकियों को उनके धर्म नहीं, बल्कि उनके कर्म देखकर मारा।
ये भी पढ़ें: 'आतंकियों को छोड़ा नहीं जाएगा', SCO समिट से Rajnath Singh ने पाक को घेरा, पढ़ें स्पीच Highlights
मोरक्को में रक्षा सहयोग की नई शुरुआत
राजनाथ सिंह अपने दो दिन के मोरक्को दौरे पर टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स के व्हील्ड आर्मर्ड प्लेटफॉर्म (WhAP) 8x8 मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का उद्घाटन कर चुके हैं। यह अफ्रीका में किसी भारतीय रक्षा कंपनी का पहला संयंत्र है। इसके अलावा, वे मोरक्को के रक्षा मंत्री अब्देलतिफ लाउदियी से मुलाकात करेंगे। दोनों देशों के बीच एक अहम रक्षा सहयोग समझौते (MoU) पर हस्ताक्षर होने की संभावना है। इसमें नौसेना सहयोग, रक्षा उद्योग और प्रशिक्षण पर जोर दिया जाएगा।
ये भी पढ़ें: Rajnath Singh: 'सब के बॉस हम हैं', ट्रंप पर भड़के राजनाथ सिंह, जानिए भाषण की खास बातें












Click it and Unblock the Notifications