'हम उन्हें समुद्र की गहराइयों से भी खोज लाएंगे', जहाजों पर हुए हमले पर आगबबूला रक्षा मंत्री, हूतियों को धमकी!
Rajnath Singh says India will take action over ship attacks: अरब सागर में भारत आ रहे जहाजों पर ड्रोन हमला होने को लेकर भारत ने भारी सख्ती दिखाई है और पहली बार भारत सरकार की तरफ से कड़ी प्रतिक्रिया दी गई है।
भारतीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है, कि "जिन्होंने भी इस हमले को अंजाम दिया है, हम उन्हें समुद्र की गहराई से भी ढूंढेंगे और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे।"

भारतीय रक्षा मंत्री ने आगे कहा, कि "भारत सरकार, हाल ही में अरब सागर में 'एमवी केम प्लूटो' पर ड्रोन हमला और कुछ दिन पहले लाल सागर में 'एमवी साईं बाबा' पर किए गये हमले को लेकर "बहुत गंभीर" है।
मंगलवार को मुंबई में 'आईएनएस इम्फाल' के कमीशनिंग समारोह में बोलते हुए राजनाथ सिंह ने कहा, कि "भारत की बढ़ती आर्थिक और सामरिक शक्ति ने कुछ ताकतों को ईर्ष्या और नफरत से भर दिया है।"
उन्होंने कहा, कि हाल ही में व्यापारिक जहाजों पर हुए हमलों के बाद भारतीय नौसेना ने समुद्र में गश्त बढ़ा दी है। रक्षा मंत्री ने कहा, कि "भारतीय नौसेना ने समुद्र की निगरानी बढ़ा दी है। जिसने भी इस हमले को अंजाम दिया है, हम उसे समुद्र तल से भी ढूंढ लेंगे और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।"
आपको बता दें, कि भारत ने तीन युद्धपोतों की तैनाती अरब सागर में कर दी है और माना जा रहा है, कि अब अगर हमले होते हैं, तो इंडियन नेवी को फौरन सख्त कार्रवाई करने के लिए कहा गया है।
भारतीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, कि भारत यह सुनिश्चित करेगा कि हिंद महासागर क्षेत्र (आईओआर) में समुद्री व्यापार नई ऊंचाइयां हासिल करे। उन्होंने जोर देते हुए कहा, कि "भारत पूरे आईओआर में नेट सुरक्षा प्रदाता की भूमिका में है। हम यह सुनिश्चित करेंगे, कि इस क्षेत्र में समुद्री व्यापार, समुद्र से आसमान की ऊंचाइयों तक पहुंचे। इसके लिए हम मित्र देशों के साथ मिलकर सी लेन बनाए रखेंगे। और समुद्री वाणिज्य के लिए सुरक्षित और संरक्षित वातावरण तैयार करेंगे।"
अरब सागर में जहाजों पर हमला
राजनाथ सिंह की यह टिप्पणी, 23 दिसंबर को भारत के तट पर एक संदिग्ध ड्रोन द्वारा हमला किए जाने के बाद आया है, जिसमें भारत के 20 क्रू मेंबर्स सवार थे।
लाइबेरिया के ध्वज वाले और जापानी स्वामित्व वाले एमवी केम प्लूटो व्यापारिक जहाज पर ड्रोन हमला किया गया, जिससे जहाज के आगे वाले हिस्से में आग लग गई। हमले के बाद इसे भारतीय तट गार्ड ने जहाज को सुरक्षित कर लिया गया।
इसके अलावा, लाल सागर में, यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने गाजा में फिलिस्तीनियों के साथ एकजुटता दिखाने के लिए ड्रोन और मिसाइल हमलों की एक सीरिज को अंजाम दिया, जहां इज़राइल हमास आतंकवादियों से लड़ रहा है।
यूएस सेंट्रल कमांड ने कहा कि जहाज एमवी साईं बाबा को शनिवार, 23 दिसंबर को दक्षिणी लाल सागर में हूती आतंकवादियों द्वारा लॉन्च किए गए ड्रोन द्वारा निशाना बनाया गया था।












Click it and Unblock the Notifications