Rahul in USA: कौन हैं बाइडेन के करीबी फ्रैंक इस्लाम, जिनके घर दावत पर जाएंगे राहुल गांधी, चर्चा क्यों है गर्म?
राहुल गांधी 10 दिनों तक अमेरिका के अलग अलग हिस्सों का दौरा करेंगे और इस दौरान वो अमेरिका के यूनिवर्सिटीज, भारतीय समुदायों, अलग अलग बिजनेस ग्रुप्स के साथ साथ दो रैलियों का भी आयोजन करेंगे।

Rahul in USA: राहुल गांधी का अमेरिका दौरा विवादों के साथ शुरू हो गया है और सैन फ्रांसिस्को में उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की जिस अंदाज में आलोचना की है, उसको लेकर विरोधियों का कहना है, कि उन्होंने विदेशी जमीन पर भारत का अपमान किया है।
इस बीच राहुल गांधी अमेरिका के दिग्गज कारोबारियों में शुमार भारतीय मूल के फ्रैंक इस्लाम के घर दावत पर जाएंगे। फ्रैंक इस्लाम, जो अमेरिका के मौजूदा राष्ट्रपति जो बाइडेन और पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा के करीबी माने जाते हैं, उनके घर राहुल गांधी का डिनर कार्यक्रम, काफी दिलचस्पी पैदा करता है।
लिहाजा, जानना जरूरी हो जाता है, कि आखिर फ्रैंक इस्लाम कौन हैं, उनका भारत के कितना गहरा संबंध है और राहुल का फ्रैंक इस्लाम के घर दावत पर जाने को कई लोग दिलचस्पी से क्यों देख रहे हैं?
वॉशिंगटन में आलीशान घर
वाशिंगटन डीसी से कुछ मिनट की ड्राइव पर नॉर्टन मैनर स्थित है, जो एक प्रमुख भारतीय अमेरिकी, फ्रैंक इस्लाम और उनकी अमेरिकी पत्नी डेबी ड्रिसमैन की विशालकाय हवेली है।
वॉशिंगटन, अमेरिका के सबसे अमीर शहरों में शुनार है, वहां के मैरीलैंड के पोटोमैक में, जहां दुनिया के कई बड़ी हस्तियों, स्टार्स के घर हैं, जहां वो आलीशान जीवन जीते हैं, भोग-विलास करते हैं, वहां फ्रैंक इस्लाम का भी घर है।

फ्रैंक इस्लाम को 'पोटोमैक का गौरव' कहा जाता है और उनके विशाल सफेद रंग घर ने कई अमेरिकी राष्ट्रपतियों और कॉर्पोरेट नेताओं का स्वागत किया है। फ्रैंक इस्लाम और उनकी अमेरिकन पत्नी, जो बाइडेन की डेमोक्रेटिक पार्टी से जुड़े हुए हैं और उनकी पार्टी के लिए धन जुटाने का काम करते हैं, लिहाजा फ्रैंक इस्लाम के वर्चस्व का अंदाजा लगाया जा सकता है।
इस हफ्ते, फ्रैंक इस्लाम का 'व्हाइट हाउस' कांग्रेस के नेता राहुल गांधी की भी मेजबानी के लिए तैयार है, जहां फ्रैंक इस्लाम और राहुल गांधी के बीच डिनर के दौरान मुलाकात और बातचीत होगी।
फ्रैंक इस्लाम, जो अमेरिकी-भारतीय राजनीति और समाज पर गहरी नजर रखते हैं, उनका कहना है, कि उन्होंने राहुल गांधी की मेजबानी करने का फैसला किया हैं, जिन्होंने हाल ही में भारत में 4 हजार किलोमीटर लंबी 'भारत जोड़ो' यात्रा को संपन्न किया है। उन्होंने कहा, कि अमेरिका में रहते हुए उन्होंने राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो' यात्रा को फॉलो किया है।
'पहली बार कांग्रेस नेता से मुलाकात'
राहुल गांधी को अपने आलीशान घर में दावत पर बुलाने को लेकर फ्रैंक इस्लाम कहते हैं, कि "राहुल गांधी भारतीय राजनीति में एक महत्वपूर्ण और आलोचनात्मक आवाज हैं। उनकी हाल की चार महीने लंबी भारत जोड़ो यात्रा ने उनकी पार्टी में जबर्दस्त ऊर्जा भर दी है"।
उन्होंने कहा, कि "जब मुझे पता चला, कि वह संयुक्त राज्य अमेरिका का दौरा करने जा रहा है, तो मैंने सोचा, कि वाशिंगटन डीसी में हम भारतीय-अमेरिकियों और भारत के दोस्तों के लिए भारत के भविष्य के लिए उनके अनुभव, विचारों और योजनाओं के बारे में सुनना महत्वपूर्ण होगा।"
द क्विंट की रिपोर्ट के मुताबिक, फ्रैंक इस्लाम ने कहा, कि वो आजतक किसी कांग्रेस के नेता से नहीं मिले हैं।

फ्रैंक इस्लाम कौन है?
फ्रैंक इस्लाम एक सूचना प्रौद्योगिकी उद्यमी और निवेशक हैं, जो FI इन्वेस्टमेंट ग्रुप के प्रमुख हैं। वह क्यूएसएस ग्रुप के संस्थापक और सीईओ भी रह चुके हैं।
इसके अलावा, फ्रैंक इस्लाम कई राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय संस्थानों में नेतृत्वकारी भूमिकाएं निभा चुके हैं। इसके अलावा वो बाइडेन के राष्ट्रपति बनने के बाद 2022 से व्हाइट हाउस कमीशन ऑन प्रेसिडेंशियल स्कॉलर्स के भी सदस्य हैं।
द क्विंड के मुताबिक, उन्होंने कहा, कि "मेरी पत्नी डेबी और मुझे, अपने घर पर कई महत्वपूर्ण हस्तियों की मेजबानी करने का सौभाग्य मिला है, जिनमें पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन (कई बार) और राष्ट्रपति जो बाइडेन (जब वे ओबामा के राष्ट्रपति काल के दौरान उपराष्ट्रपति थे) शामिल हैं। इसके अलावा, पूर्व विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन, पूर्व स्पीकर नैन्सी पेलोसी, अमेरिका के कई शीर्ष राजनयिक, व्यापारिक नेता और थिंक टैंक और विभिन्न गैर-लाभकारी नेताओं के नेता उनके घर आ चुके हैं।"
फ्रैंक इस्लाम भारत के आजमगढ़ में जन्मे थे और कम्प्युटर साइंस में ग्रेजुएशन करने के बाद वो पोस्ट ग्रेजुएशन के लिए अमेरिका चले गये, जहां उन्होंने कोलोराडो विश्वविद्यालय से मास्टर्स किया। उन्हें साल 2015 में यूपी रत्न से भी नवाजा जा चुका है, जब उत्तर प्रदेश के मुखिया अखिलेश यादव थे।

फ्रैंक इस्लाम का आलीशान बंगला
वॉशिंगटन में फ्रैंक इस्लाम का आलीशन हमेशा से चर्चा का विषय रहा है। फ्रैंक इस्लाम और उनकी पत्नी, अमेरिका के लिस्ट-A कैटोगिरी में गिने जाते हैं।
वॉशिंगटन जैसे महंगे शहर में उनका आलीशान बंगला 10 एकड़ की उनकी प्रॉपर्टी में करीब 47 हजार वर्गफुट में फैला हुआ है। उनके आलीशान बंगले की बनावट भारत के राष्ट्रपति भवन से प्रेरित है और इसका लेआउट दुनिया की सबसे प्रसिद्ध इमारतों में से एक के समानांतर है।
फ्रैंक इस्लाम के बंगले से कुछ ही मील की दूरी पर व्हाइट हाउस भी स्थित है।
फ्रैंक इस्लाम के बंगले का डिजाइन, कुछ कुछ व्हाइट हाउस जैसा भी है, जैसे ईस्ट और वेस्ट विंग्स का डिजाइन व्हाइट हाउस से लिया गया है। फ्रैंक इस्लाम अपने बंगले को लेकर कहते हैं, कि वो अमेरिका के राष्ट्रपति इतिहास से काफी प्रेरित रहे हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, जब राहुल गांधी फ्रैंक इस्लाम के घर दावत पर जाएंगे, तो उस कार्यक्रम में अमेरिका के कई राजनेता, थिंक टैंक के सदस्य, एनजीओ के सदस्य और बिजनेस लीडर्स मौजूद रहेंगे।
Recommended Video

फ्रैंक इस्लाम ने राहुल गांधी के दौरे को लेकर कहा, कि उन्होंने "भारत के कई प्रतिष्ठित नेताओं की मेजबानी की है, जिनमें राजनीतिक नेता और अकादमिक, एनजीओ और व्यवसाय के नेता शामिल हैं।"
वहीं, राहुल गांधी की यात्रा के बारे में वे कहते हैं, कि "मुझे यकीन है कि वे (मेहमान) बहुत सारे सवाल पूछने जा रहे हैं। मैं भारत के लिए उनकी दृष्टि और उस दृष्टि को क्रियान्वित करने की उनकी योजनाओं के बारे में उनसे सुनने की उम्मीद करता हूं, कि वह कैसे उस देश को एकजुट करने जा रहे हैं, जहां की अर्थव्यवस्था लगातार प्रगति कर रही है।"












Click it and Unblock the Notifications