Rafah Crossing: 25 दिन बाद खुली राफा क्रॉसिंग, मिस्र ने गाजा में फंसे विदेशी लोगों को आने की दी अनुमति
7 अक्टूबर को इजराइल पर हमास के हमले के बाद पहली बार बुधवार को मिस्र से लगे राफा बार्डर को लोगों के लिए खोला गया। इससे पहले सारे बॉर्डर गेट सील कर दिए गए थे। बुधवार को यहां से घायलों और विदेशी नागरिकों को जाने के साथ ही राहत सामग्री लिए 20 ट्रकों को गाजा में प्रवेश की अनुमति दी गई है।
बीबीसी की जानकारी के मुताबिक बुधवार को 110 दोहरी नागरिकता वाले लोग मिस्र में प्रवेश कर गए हैं। वहीं, 350 लोग अपने कागजात की जांच किए जाने का इंतज़ार कर रहे हैं। राफा क्रॉसिंग पर गाजा की ओर बड़ी संख्या में लोग, महिलाओं, बच्चों, अपने बैग और सामान के साथ इंतजार कर रहे हैं।

इसके अलावा घायल हुए फिलिस्तीनी नागरिक भी गाजा से मिस्र जा सकेंगे। इससे पहले मिस्र ने कहा था कि वो घायल फिलिस्तीनियों को भी राफा बॉर्डर को पार करने की इजाजत देगा, जिससे उनको सही इलाज मिल सके। जिन लोगों को जाने की इजाज़त मिल गई है उनके पासपोर्ट चेक करने के लिए गाजा की ओर सिर्फ एक फिलिस्तीनी अधिकारी है।
इससे पहले कुछ रिपोर्ट में बताया गया था कि घायलों को गाजा से निकालने के लिए कतर ने अमेरिका के साथ मिलकर मध्यस्थता की है। राफा क्रॉसिंग से मिस्र में 10 किलोमीटर दूर पर एक फ़ील्ड अस्पताल बनकर तैयार हो चुका है। बताया जा रहा है कि घायल फिलिस्तीनियों का यहीं पर इलाज होगा।
मिस्र ने कहा कि फिलहाल 81 गंभीर रूप से बीमार या घायल फलस्तीनियों के पहले समूह को बुधवार को चिकित्सा उपचार की अनुमति दी जाएगी। मिस्र की खुफिया सेवाओं के करीबी टीवी चैनलों पर टर्मिनल में प्रवेश करने वाले एम्बुलेंस के काफिले की तस्वीरें भी दिखाई गईं।
इस बीच गाजा में इजराइली सेना की बमबारी में 9000 से अधिक लोगों के मारे जाने की खबरें आ चुकी हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, मरने वालों में दो-तिहाई महिलाएं और बच्चे हैं।












Click it and Unblock the Notifications