राधा अयंगर प्लंब: भारतीय मूल की राधा को अमेरिका के रक्षा मंत्रालय में मिला अहम पद
राधा प्लंब रैंड कॉरपोरेशन में वरिष्ठ अर्थशास्त्री के रूप में काम कर चुकी है जहां उन्होंने रक्षा विभाग में तत्परता और सुरक्षा प्रयासों के प्रमाण और मूल्यांकन में सुधार लाने पर ध्यान केंद्रित किया।

भारतीय मूल की राधा अयंगर प्लंब को अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने पेंटागन के एक शीर्ष पद के लिए नियुक्त किया गया है। वह बाइडन प्रशासन द्वारा किसी महत्वपूर्ण पद पर नियुक्त होने वाली नयी भारतीय-अमेरिकी नागरिक हैं। उन्हें अमेरिकी सीनेट ने रक्षा विभाग की खरीद व रखरखाव का काम देखने के लिए उप अवर रक्षा मंत्री नियुक्त करने पुष्टि की है।
राष्ट्रपति जो बाइडन ने प्लंब को जून 2022 में इस प्रतिष्ठित पद के लिए नामित किया था, वे वर्तमान में उप रक्षा मंत्री के चीफ ऑफ स्टाफ के रूप में कार्यरत हैं। अमेरिकी सीनेट आवधिक प्रेस गैलरी ने मंगलवार को ट्वीट किया, ''68-30 मतों से सीनेट ने राधा अयंगर प्लंब को उप अवर रक्षा मंत्री के रूप में मंजूरी दे दी।"
प्लंब को अमेरिका में सटीक योजनाकार और गहन विश्लेषक के तौर पर जाना जाता है। वर्ष 2006 में अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद से वह कई महत्त्वपूर्ण संस्थानों में सेवाएं दे चुकी हैं। चीफ ऑफ स्टाफ के रूप में नियुक्ति से पहले वह गूगल में रिसर्च एंड इनसाइट्स फॉर ट्रस्ट एंड सेफ्टी की निदेशक थीं।
उससे पहले वह फेसबुक में नीति विश्लेषण के वैश्विक प्रमुख के रूप में कार्य कर चुकी हैं। इसके अलावा वह लंदन स्कूल आफ इकोनामिक्स और हावर्ड यूनिवर्सिटी जैसे विश्वविख्यात शिक्षण संस्थानों में अपनी सेवाएं दे चुकी हैं।
42 वर्षीय प्लंब ने कैंब्रिज स्थित मैसाच्युसेट्स इंस्टीट्यूट आफ टेक्नोलाजी से 1998 से 2002 के दौरान अर्थशास्त्र में पढ़ाई करने के बाद न्यूजर्सी की प्रिंस्टन यूनिवर्सिटी से 2020 से 2006 के बीच अर्थशास्त्र में ही पीएचडी पूरी की। इसके बाद वह 2006 में हावर्ड और 2008 में लंदन स्कूल आफ इकोनामिक्स का हिस्सा बनीं।
2011 में प्लंब एक रिसर्च संस्थान से जुड़ीं। यहां एक साल काम करने के बाद उन्हें पेंटागन से बुलावा आ गया। 2012 में उन्हें पेंटागन में असिस्टेंट सेक्रेटरी का पालिसी एडवाइजर बनाया गया। एक साल यहां काम करने के बाद कामयाबी की सीढ़ी चढ़ते हुए वह 2013 में व्हाइट हाउस चलीं गईं। यहां उन्हें अहम जिम्मेदारी मिली।
2017 में वह फेसबुक से जुड़ गईं। इसके बाद वे गूगगल से भी जुड़ीं। प्लंब के कार्यक्षेत्र में यौन हमलों और आत्महत्या जैसी सामाजिक बुराइयों को कम करने के लिए नीतियां बनाने के साथ-साथ पश्चिम एशिया में शांति और अफगानिस्तान में अमेरिकी सेना की वापसी के समय के हालात पर नियंत्रण पाने में भी अहम भूमिका निभाना शामिल है।












Click it and Unblock the Notifications