Putin Age Longevity: अमर होना चाहते हैं पुतिन? रूस की लैब में बनवा रहे जवान रहने की दवा, क्या आया सामने?

Putin Age Longevity: रूस के राष्ट्रपति Vladimir Putin अपनी फिटनेस और जवान दिखने की चाहत को लेकर अक्सर चर्चा में रहते हैं। अब उन्होंने एक ऐसा प्रोजेक्ट शुरू किया है जिसने पूरी दुनिया का ध्यान खींच लिया है। रूस दुनिया का पहला एंटी-एजिंग वैक्सीन यानी उम्र बढ़ने की रफ्तार रोकने वाली दवा बनाने पर काम कर रहा है।

वॉल स्ट्रीट जर्नल में छपी एक रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुछ दिन पहले पुतिन ने वैज्ञानिकों को ऐसा युवा बनाए रखने वाला टीका तैयार करने का निर्देश दिया। यह प्रोजेक्ट रूस की एक बड़ी राष्ट्रीय स्वास्थ्य योजना का हिस्सा है, जिसके लिए करीब 2 ट्रिलियन रूबल यानी लगभग 2.6 लाख करोड़ भारतीय रुपए से ज्यादा का बजट रखा गया है। इसका मकसद सिर्फ लोगों को लंबी उम्र देना नहीं, बल्कि रूस की घटती आबादी की समस्या से निपटना भी बताया जा रहा है। हालांकि इसके पीछे एक तर्क ये भी दिया जा रहा है कि पुतिन ये वैक्सीन अपने लिए ही बनवा रहे हैं। लेकिन इसके पीछ क्या तथ्य हैं वो अभी तक पता नहीं चल सका है।

कैसे काम करेगी?

रिपोर्ट के मुताबिक, रूस के विज्ञान उपमंत्री डेनिस सेकिरिंस्की ने बताया कि वैज्ञानिक एक खास जीन थेरेपी पर काम कर रहे हैं। यह थेरेपी RAGE नाम के एक रिसेप्टर को टारगेट करती है, जिसे शरीर की बायोलॉजिकल एजिंग यानी उम्र बढ़ने की प्रक्रिया से जुड़ा माना जाता है। सरन्सक में आयोजित 300 से ज्यादा डॉक्टरों और हेल्थ एक्सपर्ट्स के सम्मेलन में उन्होंने कहा कि अगर इस रिसेप्टर को ब्लॉक कर दिया जाए, तो उम्र बढ़ने की प्रक्रिया को काफी हद तक धीमा किया जा सकता है या रोका भी जा सकता है।

दुनिया की पहली एंटी-एजिंग दवा बनाने का दावा

रूस का दावा है कि वह दुनिया की पहली ऐसी जीन थेरेपी दवा बनाना चाहता है जो सीधे उम्र बढ़ाने वाले सेलुलर फैक्टर्स पर असर डाले। अभी तक इस तकनीक का लैब और जानवरों पर परीक्षण किया गया है, लेकिन इंसानों पर ट्रायल बाकी हैं। रूस की उपप्रधानमंत्री तात्याना गोलिकोवा के मुताबिक, रूस 2028 से 2030 के बीच इस दवा का उत्पादन शुरू करना चाहता है। अगर सब कुछ योजना के मुताबिक चला, तो यह दवा 2030 तक रूसी नागरिकों के लिए उपलब्ध हो सकती है।

दुनिया में क्यों मची चर्चा?

तात्याना गोलिकोवा ने इस प्रोजेक्ट को लेकर कहा-

“कुछ साल पहले तक जो चीजें साइंस फिक्शन लगती थीं, अब वे धीरे-धीरे सच बन रही हैं।”

रूस की यह घोषणा दुनिया भर में चर्चा का विषय बन गई है। हालांकि अमेरिका और दूसरे देशों में भी लंबे समय से Longevity Research यानी लंबी उम्र तक जीने पर रिसर्च हो रही है। वहां इसे Cellular Reprogramming जैसे नामों से जाना जाता है, लेकिन रूस इसे सीधे “एंटी-एजिंग वैक्सीन” कह रहा है।

क्या यह पुतिन का निजी जुनून है?

क्रेमलिन से जुड़े सूत्रों ने निर्वासित मीडिया आउटलेट Meduza को बताया कि यह पूरा प्रोजेक्ट पुतिन के करीबी मिखाइल कोवलचुक के ड्रीम प्रोजेक्ट जैसा है। मिखाइल कोवलचुक रूस के न्यूक्लियर रिसर्च इंस्टीट्यूट Kurchatov Institute के प्रमुख हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह “इनफिनिटी लाइफ” और “रूसी जीनोम” पर लंबे समय से काम करने की बात करते रहे हैं। आलोचकों का कहना है कि यह पूरा प्रोजेक्ट शायद पुतिन की हमेशा जवान रहने की सोच का हिस्सा हो सकता है।

हिरण के सींगों से नहाने तक की चर्चा

रूस के राष्ट्रपति पुतिन की फिटनेस और एंटी-एजिंग तरीकों को लेकर पहले भी कई अजीब दावे सामने आ चुके हैं। 2022 में Proekt मैगजीन ने दावा किया था कि पुतिन हिरण के सींगों के अर्क वाले स्नान लेते थे। इस थेरेपी में युवा हिरणों के सींगों को उबालकर बने गर्म अर्क में शरीर को डुबोया जाता है। माना जाता है कि इससे त्वचा जवान रहती है और हार्ट सिस्टम मजबूत होता है। हालांकि इस प्रक्रिया को लेकर पशु क्रूरता के आरोप भी लगे थे।

फिटनेस को लेकर बेहद सख्त हैं पुतिन

पुतिन अपनी लाइफस्टाइल को लेकर भी काफी अनुशासित माने जाते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह कम चीनी वाला डाइट प्लान फॉलो करते हैं और प्रोटीन, मछली व ताजी सब्जियां ज्यादा खाते हैं।इसके अलावा वह रोजाना एक्सरसाइज, स्विमिंग, जूडो और आइस हॉकी भी खेलते हैं। यही वजह है कि 70 साल की उम्र पार करने के बावजूद वह खुद को फिट और एक्टिव दिखाते हैं।

“इंसान अमर भी हो सकता है”

NBC News की रिपोर्ट के मुताबिक, सितंबर में एक मीटिंग के दौरान पुतिन और चीन के राष्ट्रपति Xi Jinping के बीच उम्र बढ़ने को लेकर बातचीत रिकॉर्ड हुई थी। उस दौरान पुतिन ने कहा था-

“अगर बायोटेक्नोलॉजी इसी तरह आगे बढ़ती रही, तो इंसान अपने अंग बदलवाकर और ज्यादा जवान रह सकता है, यहां तक कि अमरता भी हासिल कर सकता है।”

इसके जवाब में शी जिनपिंग ने कहा था-

“भविष्यवाणियां हैं कि इस सदी में इंसान 150 साल तक भी जी सकता है।”

विज्ञान या इंसान का लालच?

रूस का यह एंटी-एजिंग प्रोजेक्ट साइंस, राजनीति और इंसान के लालच का कॉकटेल बन गया है। अभी यह साफ नहीं है कि यह दवा सच में उम्र बढ़ने को रोक पाएगी या नहीं, लेकिन इतना तय है कि आने वाले सालों में लंबी उम्र और जवान बने रहने की रेस और तेज होने वाली है।

इस खबर पर आपकी क्या राय है, हमें कमेंट में बताएं।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+