तुर्की में फिलिस्तीन समर्थकों का उग्र प्रदर्शन, US आर्मी के एयरबेस पर सैंकड़ों की भीड़ ने किया हमला
वेस्ट बैंक और इराक की राजनयिक यात्रा करने के बाद अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन सोमवार को तुर्की पहुंचे। उनकी इस यात्रा से कुछ घंटे पहले मुस्लिम समर्थकों ने अंकारा में जमकर बवाल काटा।
गाजा पर वार्ता के लिए अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन के अंकारा पहुंचने से कुछ घंटे पहले, रविवार को फिलिस्तीन समर्थक रैली में सैकड़ों लोगों ने अमेरिकी सैनिकों के आवास वाले हवाई अड्डे पर धावा बोलने की कोशिश की। हालांकि इसे तुर्की पुलिस ने नाकाम कर दिया। पुलिस को विरोध प्रदर्शन को रोकने के लिए आंसू गैस और पानी की बौछार का इस्तेमाल करना पड़ा।

आपको बता दें कि तुर्की, गाजा में मानवीय संकट बदतर होने के कारण इजराइल की तीखी आलोचना कर रहा है और दूसरी तरफ वह फिलिस्तीनी समूह हमास के सदस्यों की मेजबानी करते हुए टू-स्टेट सॉल्यूशन का समर्थन कर रहा है।
इस बीच इजराइल-हमास युद्ध शुरू होने के बाद से बाकी देशों की तरह तुर्की में भी बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए हैं। इस सप्ताह की शुरुआत में, एक इस्लामवादी तुर्की सहायता एजेंसी- IHH ह्यूमैनिटेरियन रिलीफ फाउंडेशन ने गाजा पर इजराइली हमलों और इजराइल के अमेरिकी समर्थन का विरोध करने के लिए दक्षिणी तुर्की के अदाना प्रांत में इंसर्लिक एयरबेस अड्डे पर भीड़ को एकत्रित किया।
आपको बता दें कि इंसर्लिक एयरबेस का इस्तेमाल सीरिया और इराक में इस्लामिक स्टेट से लड़ने वाले अंतरराष्ट्रीय गठबंधन को मदद देने के लिए किया जाता है, इसमें अमेरिकी सैनिक भी शामिल हैं। IHH के विरोध प्रदर्शन के दौरान इंसर्लिक को बंद करने की मांग की गई।
विरोध प्रदर्शन के फुटेज में पुलिस को तुर्की और फिलिस्तीनी झंडे लहराते और नारे लगाती भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस छोड़ते और पानी की बौछारें करते हुए देखा जा सकता है।
इस दौरान प्रदर्शनकारियों को पुलिस पर प्लास्टिक की कुर्सियां, पत्थर और अन्य सामान फेंकते हुए भी देखा गया। प्रदर्शनकारियों को बैरिकेड्स गिराते और पुलिस से भिड़ते भी देखा जा सकता है।
इस दौरान आईएचएच के अध्यक्ष बुलेंट यिल्डिरिम ने अदाना में भीड़ को संबोधित किया और उनसे पुलिस पर हमला करने से परहेज करने की अपील की। उन्होंने कहा कि 'पत्थर फेंकना या ऐसी ही चीजें करना गलत है। हमारा गुस्सा बहुत बड़ा है। हम इसे रोक नहीं सकते, लेकिन तुर्की वही कर रहा है जो वह कर सकता है।' पुलिस के साथ झड़प के कारण संगठन ने अपनी रैली योजना से पहले ही खत्म कर दी।
आपको बता दें कि इसी तरह कुछ दिन पहले ही रूस के दागिस्तान प्रांत में हजारों की संख्या में मुस्लिमों ने मखाचकाला एयरपोर्ट पर हमला बोल दिया था। दरअसल उन्हें पता लगा था कि एयरपोर्ट पर तेल अवीव से एक विमान आया है, जिसमें यहूदी सवार हैं। इजरायल के गाजा पट्टी पर हमले से नाराज भीड़ यहूदियों को नुकसान पहुंचाने की नीयत से मखाचकाला एयरपोर्ट पर पहुंच गई।












Click it and Unblock the Notifications