ट्रंप पर ओबामा का निशाना, कहा मुंह खोलते ही काबलियत पता लगती है
वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने अमेरिकी चुनावों में राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप पर हमला बोला है। ओबामा ने कहा है कि जैसे ही ट्रंप मुंह खोलते हैं पता लग जाता है कि वह राष्ट्रपति बनने के लायक नहीं हैं। उनके मुंह खोलते ही उनकी काबलियत पता चल जाती है।

ट्रंप को बताया मजाकिया
राष्ट्रपति ओबामा ने ट्रंप पर यह टिप्पणी उनके उस बयान के बाद की है जिसमें उन्होंने रूस के राष्ट्रपति ब्लादीमिर पुतिन को ओबामा से बेहतरीन नेता बताया था।
ओबामा ने कहा कि ट्रंप के बयानों से साबित होता है कि उन्हें 'कोई जानकारी नहीं रहती है और वह काफी मजाकिया हैं।'
ट्रंप को नहीं मालूम वह क्या बोल रहे हैं
राष्ट्रपति ओबामा के मुताबिक उन्हें नहीं लगता है कि ट्रंप अमेरिका के राष्ट्रपति बनने की काबिलियत रखते हैं। जब वह अपना मुंह खोलते हैं तो यह बात और सच साबित हो जाती है।
ओबामा ने कहा कि वह पिछले आठ-नौ दिनों से विदेश में हैं और दुनिया भर के नेताओं से मिल रहे हैं। नेताओं से बात करना काफी गंभीर काम है।
आपका होमवर्क अच्छा होना चाहिए ताकि जब आप बोलें तो लगे कि आप एक सोची समझी नीति के तहत बात कर रहे हैं। जब आप नेताओं से मिलते हैं तो आपको पता होना चाहिए आप क्या बोल रहे हैं।
क्या कहा था ट्रंप ने
गौरतलब है कि बुधवार को एक टेलीविजन फोरम में ट्रंप ने पुतिन की तारीफ करते हुए कहा कि पुतिन का अपने देश पर 'जबर्दस्त नियंत्रण' है।
ट्रंप ने कहा था कि इस वजह से ही शायद 82 प्रतिशत लोग उन्हें पसंद करते हैं। इस फोरम में ट्रंप और डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार हिलेरी क्लिंटन पूर्व सैन्य अधिकारियों के सवालों का जवाब दे रहे थे।












Click it and Unblock the Notifications