US में फिर से लहराया भारतीयों का परचम, प्रमिला जयपाल, राजा कृष्णमूर्ति और एमी बेरा को मिली अहम जिम्मेदारी
अमेरिका में अमेरिका में भारतीय मूल की प्रमिला जयपाल को इमिग्रेशन के लिए बने शक्तिशाली हाउस ज्यूडिशियरी कमेटी के पैनल का रैंकिंग सदस्य नामित किया गया है। राजा कृष्णमूर्ति और एमी बेरा को भी अहम जिम्मेदारी दी गई है।

Image: File
अमेरिका में एक बार फिर से भारतवंशियों ने ऊंचा मुकाम हासिल किया है। इस बार एक साथ तीन भारतीय मूल के लोगों को शीर्ष पदों पर नामित किया गया है। अमेरिका में अमेरिका में भारतीय मूल की प्रमिला जयपाल को इमिग्रेशन के लिए बने शक्तिशाली हाउस ज्यूडिशियरी कमेटी के पैनल का रैंकिंग सदस्य नामित किया गया है। वह इस उपसमिति का नेतृत्व करने वाली पहली अप्रवासी बन गई हैं। प्रमिला जयपाल ने जो लोफग्रेन की जगह ली है। इसके साथ ही सांसद राजा कृष्णमूर्ति को चीन पर नवगठित हाउस कमेटी का 'रैंकिंग सदस्य' बनाया गया है। इसके अलावा भारतीय-अमेरिकी सांसद डॉ.एमी बेरा को खुफिया मामलों से जुड़ी एक शक्तिशाली यूएस हाउस कमेटी का सदस्य नियुक्त किया गया है।
17 साल इंतजार के बाद मिली US नागरिकता
57 वर्षीय प्रमिला जयपाल वाशिंगटन के सातवें कांग्रेसनल जिले का प्रतिनिधित्व करती हैं। रैकिंग सदस्य नामित किए जाने के बाद प्रमिला जयपाल ने कहा, अमेरिकी प्रतिनिधि सभा के लिए चुनी गई पहली दक्षिण एशियाई महिला के रूप में वह सम्मानित महसूस कर रही हैं। प्रमिला ने कहा कि जब वह अमेरिका आयी थीं तब उनकी उम्र महज 16 साल थी। वह अकेली थीं और खाली हाथ थीं। लगभग 17 साल के लंबे इंतजार के बाद उन्हें अमेरिकी नागरिक बनने का मौका मिला। जयपाल ने कहा कि वह बेहद भाग्यशाली हैं कि उन्हें उस अमेरिकी सपने को जीने का अवसर मिला, जो आज भी बहुत से अप्रवासियों की पहुंच से बाहर है।
अप्रवासियों के लिए काम का अनुभव
प्रमिला जयपाल ने कहा, "यह मेरे लिए बड़ी बात है कि मैं उस स्थिति में पहुंच गई हूं, जहां मैं टूटी हुई आप्रवासन प्रणाली को दोबारा शुरू करने की भूमिका में रहूंगी।" प्रमिला अमेरिकी कांग्रेस में आने से पहले अप्रवासियों के लिए लंबे समय से लड़ाई लड़ रही हैं। उन्होंने वाशिंगटन के सबसे बड़े अप्रवासी संगठन वन अमेरिका (पूर्व में हेट फ्री जोन) की भी शुरुआत की थी। इसका गठन उन्होंने 11 सितंबर को हुए आतंकी हमलों के लिए बाद किया। पूर्व राष्ट्रपति ओबामा की ओर से उन्हें चैंपियन ऑफ चेंज पुरस्कार भी दिया जा चुका है। ट्रम्प प्रशासन की शून्य मानवता परिवार पृथक्करण नीति का विरोध करते हुए नागरिक आज्ञाकारिता प्रदर्शन के दौरान उन्हें गिरफ्तार भी किया गया था।
राजा कृष्णमूर्ति को मिली अहम जिम्मेदारी
प्रमिला जयपाल के अलावा भारतीय-अमेरिकी सांसद राजा कृष्णमूर्ति को चीन पर नवगठित हाउस कमेटी का 'रैंकिंग सदस्य' बनाया गया है, जो चीन की उन कार्रवाइयों से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर गौर करेगी जिससे अमेरिका और दुनिया को खतरा हो सकता है। अमेरिकी प्रतिनिधि सभा के अल्पसंख्यक मामलों के नेता हकीम जेफरीज ने बुधवार को अमेरिका और चीनी कम्युनिस्ट पार्टी (CCP) के बीच रणनीतिक प्रतिस्पर्धा पर सदन की चयन समिति के 'रैंकिंग सदस्य' के रूप में कृष्णमूर्ति की नियुक्ति की घोषणा की।
डॉ एमी बेरा को भी मिला शक्तिशाली पद
वहीं, भारतीय-अमेरिकी सांसद डॉ. एमी बेरा को भी बड़ी जिम्मेदारी मिली है। उन्हें खुफिया मामलों से जुड़ी एक शक्तिशाली यूएस हाउस कमेटी का सदस्य नियुक्त किया गया है। 'द हाउस परमानेंट सेलेक्ट कमेटी ऑन इंटेलिजेंस' पर केंद्रीय खुफिया एजेंसी (CIA), नेशनल इंटेलिजेंस डायरेक्टर (DNI) के कार्यालय, नेशनल सिक्योरिटी एजेंसी (NSA) के साथ-साथ सेना के खुफिया कार्यक्रमों सहित देश की खुफिया गतिविधियों की निगरानी करने का प्रभार है। बेरा ने कहा, ''मैं हकीम जेफरीज द्वारा हाउस इंटेलिजेंस कमेटी के लिए मुझे नियुक्त करने पर सम्मानित महसूस कर रहा हूं, जो अमेरिका की सुरक्षा व राष्ट्रीय सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। देश और विदेश दोनों में बढ़ते खतरों के बीच मुझे अमेरिकी परिवारों की सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है और मैं इस नई भूमिका को गंभीरता से लेता हूं।''












Click it and Unblock the Notifications