PoJK Protest में की मासूमों की हत्या तो UN में घिरा Pakistan, इस्लामाबाद प्रेस क्लब में कार्रवाई पर हुई थू-थू
PoJK Protest: पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में पाकिस्तानी सेना के अत्याचार का मामला अब यूनाइटेड नेशन्स तक पहुंच गया है। PoK के राजनीतिक दलों ने संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद (UNHRC) से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है, ताकि स्थानीय लोगों को सेना के उत्पीड़न से बचाया जा सके।
जिनेवा UNHRC में उठी मांग
यूनाइटेड कश्मीर पीपल्स नेशनल पार्टी (UKPNP) ने स्विट्जरलैंड के जिनेवा में UNHRC के 60वें सत्र के दौरान यह मुद्दा उठाया। पार्टी ने 29 सितंबर से चल रहे विरोध प्रदर्शनों में अब तक 12 लोगों की मौत का हवाला दिया।

पाकिस्तान पर गंभीर आरोप
UKPNP ने कहा कि पाकिस्तान को कश्मीरियों की हत्या करने, उनकी जमीन और संसाधनों पर कब्जा करने और लोगों को प्रताड़ित करने का कोई अधिकार नहीं है। पार्टी के प्रवक्ता सरदार नासिर अजीज खान ने जिनेवा में कहा कि तथाकथित 'आजाद कश्मीर' में लोग अपनी जान को लेकर डर के साये में जी रहे हैं। 29 सितंबर से अब तक 12 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और कई लोग लापता हैं।
प्रदर्शनकारियों पर क्रूर कार्रवाई
नासिर अजीज खान ने पाकिस्तान पर आरोप लगाया कि वह प्रदर्शनकारियों पर क्रूर बल प्रयोग कर रहा है। अंधाधुंध गोलीबारी से लोगों की जान ली जा रही है। सैकड़ों लोग जेल में बंद हैं और अब उन्हें यातनाएं दी जा रही हैं।
नासिर अजीज खान ने यूनाइटेड नेशन्स और अंतर्राष्ट्रीय समुदाय से अपील की कि वे PoK के लोगों की जान बचाने के लिए हस्तक्षेप करें। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों के साथ बेहद अमानवीय व्यवहार किया जा रहा है।
इस्लामाबाद प्रेस क्लब की घटना
उन्होंने इस्लामाबाद प्रेस क्लब में पुलिस कार्रवाई की भी कड़ी निंदा की। वहां विरोध प्रदर्शन कर रहे लोगों पर पुलिस ने बल प्रयोग किया। UKPNP के उपाध्यक्ष सरदार तानिया, पूर्व उपाध्यक्ष सरदार आफताब खान और कई अन्य नेताओं को मुजफ्फराबाद में गिरफ्तार कर लिया गया। ये सभी पाकिस्तान की हत्याओं और गिरफ्तारियों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे।
पाकिस्तान का कोई कानूनी अधिकार नहीं
UKPNP ने दोहराया कि पाकिस्तान का कश्मीर में कोई कानूनी अधिकार नहीं है। उसे कश्मीरियों को मारने, उनकी भूमि और संसाधनों पर कब्जा करने या उन्हें प्रताड़ित करने का कोई हक नहीं है।
इस बीच, 2 अक्टूबर 2025 को इस्लामाबाद के नेशनल प्रेस क्लब में गंभीर घटना हुई। पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर की जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी (JKJAC) के सदस्य यहाँ प्रदर्शन कर रहे थे। तभी इस्लामाबाद पुलिस क्लब में घुस गई और प्रदर्शनकारियों पर बल प्रयोग किया।
पत्रकारों पर हमला और तोड़फोड़
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया। पत्रकारों और स्टाफ पर हमला किया गया। कैफेटेरिया में तोड़फोड़ की गई, कैमरे और मोबाइल फोन तोड़ दिए गए और कई लोगों को गिरफ्तार भी किया गया। वीडियो फुटेज में पुलिस को पत्रकारों को घसीटते और पीटते हुए साफ देखा जा सकता है।
PoK में हालात और बिगड़े
यह घटना PoK में चल रहे विरोध प्रदर्शनों के पांचवें दिन हुई। इलाके में बाजार बंद हैं और इंटरनेट सेवाएं ठप कर दी गई हैं, जिससे लोगों की परेशानियां और बढ़ गई हैं।
इस खबर पर आपकी क्या राय है, हमें कमेंट में बताएं।












Click it and Unblock the Notifications