भारत से रिश्ता सुधारने के लिए फिर गिड़गिड़ाया पाक, PM शरीफ बोले- हम 3 बार लड़े, बदले में सिर्फ गरीबी मिली
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने एक बार फिर से भारत संग बातचीत करने पर जोर दिया है। उन्हों उन्होंने मंगलवार को कहा कि क्षेत्रीय विकास को आगे बढ़ाने की कोशिशों के तहत वह भारत से बात करना चाहते हैं।
इस्लामाबाद में पाकिस्तान खनिज शिखर सम्मेलन के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, "हम हर किसी के साथ बात करने के लिए तैयार हैं, यहां तक कि अपने पड़ोसी के साथ भी, बशर्ते कि पड़ोसी मेज पर गंभीर मुद्दों पर बात करने के लिए गंभीर हो क्योंकि युद्ध अब कोई विकल्प नहीं है।"

पीएम शरीफ ने कहा कि पाकिस्तान को "किसी से कोई शिकायत नहीं है"। अगस्त 2019 में भारत ने जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 को रद्द कर दिया था। इसके बाद से ही दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों में एक तरह से रुकावट आ गई है।
पीएम शरीफ ने 1965, 1971 और 1999 के युद्ध का जिक्र करते हुए कहा, 'बीते 75 सालों में हमने तीन युद्ध लड़े हैं। इसने सिर्फ गरीबी, बेरोजगारी और संसाधनों की कमी को जन्म दिया है। युद्ध अब विकल्प नहीं है।'
शहबाज शरीफ ने परमाणु हथियारों का जिक्र करते हुए कहा, 'पाकिस्तान परमाणु संपन्न देश है एक आक्रामक शक्ति रूप में नहीं बल्कि अपने रक्षा उद्देश्यों के लिए है। लेकिन कभी परमाणु युद्ध जैसी स्थिति आई, तो क्या हुआ था पता नहीं बताने के लिए कोई जिंदा बचेगा या नहीं।'
पीएम शरीफ ने जोर देकर कहा कि जहां पाकिस्तान इस मुद्दे को समझता है, वहीं भारत के लिए भी इसे समझना उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि भारत को भी समझना होगा कि जब तक असामान्यताओं को दूर नहीं किया जाता है और जब तक हमारे गंभीर मुद्दों को समझा नहीं जाता है और शांतिपूर्ण और सार्थक चर्चा के माध्यम से संबोधित नहीं किया जाता है, तब तक हम सामान्य पड़ोसी नहीं बन सकते हैं।
हालांकि ये पहली बार नहीं है जब पाकिस्तानी प्रधानमंत्री ने भारत संग रिश्ता बहाल करने की बात कही है। इससे पहले शहबाज शरीफ ने अल अरेबिया न्यूज चैनल से इंटरव्यू में भारत को लेकर बेहद अहम बातें कहीं थीं।
इस इंटरव्यू में शहबाज शरीफ ने पीएम मोदी को बातचीत के लिए मैसेज भेजा था। उन्होंने कहा, 'भारतीय लीडरशिप और पीएम मोदी को मेरा संदेश है कि आइए मेज पर बैठते हैं और हमारे बीच के कश्मीर जैसे मसलों पर समझदारी से बात करते हैं।'
हालांकि पीएम शरीफ के इस इंटरव्यू के प्रकाशित होने के चंद घंटे बाद ही पाकिस्तान पलट गया था। पाकिस्तान PMO ने सोशल मीडिया पर बयान जारी करते हुए पीएम शरीफ के बयान को नकारते हुए कहा कि उनकी बात को गलत तरीके से लिया गया।
PMO के बयान में साफ तौर पर ये कहा गया कि पाकिस्तान, भारत से बातचीत तभी करेगा जब वे कश्मीर में 5 अगस्त 2019 का स्टेटस बहाल करेंगे। भारत को फिर से कश्मीर में अनु. 370 लागू करना होगा।












Click it and Unblock the Notifications