PM Modi meets Emir of Kuwait: कुवैत के अमीर से मिले प्रधानमंत्री मोदी, सदियों पुरानी दोस्ती को बनाया और मजबूत
PM Modi meets Emir of Kuwait: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विदेश नीति की सबसे खास बात ये रही है, कि उन्होंने अपने अभी तक के कार्यकाल में अरब देशों के साथ भारत के रिश्ते को काफी मजबूत कर दिया है। सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात (UAE) और कतर जैसे देश आज की तारीख में भारत के काफी करीबी दोस्त बन चुके हैं।
वहीं, अब प्रधानमंत्री मोदी ने कुवैत जाकर दोस्ती और विश्वास की नई कहानी लिखी है। पिछले 43 सालों के बाद ये पहली बार हो रहा है, जब किसी भारतीय प्रधानमंत्री ने कुवैत की यात्रा की हो। प्रधानमंत्री मोदी ने कुवैत की यात्रा के दौरान अरब खाड़ी कप के उद्घाटन समारोह के दौरान, कुवैत के अमीर महामहिम शेख मेशल अल-अहमद अल-जबर अल सबाह से मुलाकात की है।

मुलाकात के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "अरेबियन गल्फ कप के उद्घाटन समारोह के दौरान कुवैत के महामहिम अमीर शेख मेशल अल-अहमद अल-जबर अल सबाह से मिलकर खुशी हुई।"
प्रधानमंत्री मोदी ने अरब गल्फ कप के उद्घाटन समारोह में भाग लिया
प्रधानमंत्री मोदी, शनिवार को जाबेर अल-अहमद अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में 26वें अरब खाड़ी कप के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। यह खाड़ी देश की उनकी दो दिवसीय यात्रा है, जो 43 वर्षों में किसी भी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली यात्रा है।
प्रधानमंत्री मोदी, कुवैती अमीर शेख मेशल अल-अहमद अल-जाबेर अल-सबाह के निमंत्रण पर कुवैत का दौरा कर रहे हैं। प्रधानमंत्री भव्य उद्घाटन समारोह में अमीर, क्राउन प्रिंस और कुवैत के प्रधानमंत्री के साथ शामिल हुए। विदेश मंत्रालय ने एक प्रेस रिलीज में कहा, कि इस कार्यक्रम ने प्रधानमंत्री को कुवैत के नेतृत्व के साथ अनौपचारिक बातचीत का अवसर भी प्रदान किया।
कुवैत को आठ टीमों के टूर्नामेंट के उद्घाटन मैच में ओमान से खेलना था। कुवैत जीसीसी देशों, इराक और यमन सहित आठ देशों की भागीदारी के साथ द्विवार्षिक अरब खाड़ी कप की मेजबानी कर रहा है। यह टूर्नामेंट इस क्षेत्र के सबसे प्रमुख खेल आयोजनों में से एक है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कुवैत में प्रवासी समुदाय की सराहना की
इस बीच, प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को वैश्विक विकास में प्रवासी भारतीयों के योगदान की सराहना की और कहा, कि भारत में "विश्व की कौशल राजधानी" बनने की क्षमता है। उन्होंने अपने दो दिवसीय दौरे के पहले दिन शहर के शेख साद अल-अब्दुल्ला इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 'हला मोदी' नामक कार्यक्रम में भारतीय समुदाय के एक बड़े समूह को संबोधित किया था।
इससे पहले आगमन के बाद, मोदी ने 101 वर्षीय पूर्व भारतीय विदेश सेवा अधिकारी, दो कुवैती नागरिकों से मुलाकात की, जिन्होंने रामायण और महाभारत जैसे महाकाव्यों का अरबी में अनुवाद और प्रकाशन किया है, और लगभग 1,500 भारतीय नागरिकों के कार्यबल वाले एक श्रमिक शिविर का दौरा किया। कुवैत का दौरा करने वाली आखिरी भारतीय प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी थी और उनका दौरा 1981 में हुआ था।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, कि "हर साल सैकड़ों भारतीय कुवैत आते हैं। आपने कुवैती समाज में भारतीय स्पर्श जोड़ा है। आपने कुवैत के कैनवास को भारतीय कौशल के रंगों से भर दिया है। आपने कुवैत में भारत की प्रतिभा, तकनीक और परंपरा का सार मिलाया है।"
प्रधानमंत्री ने खाड़ी देश में देश के विभिन्न कोनों से आए भारतीयों की मौजूदगी पर खुशी जाहिर की और इसे "मिनी हिंदुस्तान" बताया। उन्होंने कहा कि भारत के स्टार्टअप, फिनटेक, स्मार्ट टेक्नोलॉजी और ग्रीन टेक्नोलॉजी कुवैत की हर जरूरत के लिए अत्याधुनिक समाधान विकसित कर सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications