प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दी पाकिस्तान के नये PM शहबाज शरीफ को बधाई, सिर्फ एक लाइन का लिखा बधाई संदेश
Narendra Modi Congratulate Shahbaz Sharif: भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने करीब 12 घंटों के बाद पाकिस्तान के नये प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। लेकिन, हैरानी की बात ये है, कि पीएम मोदी का बधाई संदेश सिर्फ एक लाइन का है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सिर्फ एक लाइन के बधाई संदेश के बाद सवाल उठ रहे हैं, कि क्या इस बधाई संदेश में यह संदेश छिपा है, कि भारत शहबाज शरीफ की सरकार को भाव नहीं देने वाला है।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा है, "शहबाज शरीफ को पाकिस्तान का प्रधानमंत्री बनने पर बधाई।"
अमूमन देखा जाता है, कि बधाई संदेश थोड़ा लंबा होता है और उसमें दो देशों के बीच कैसे संबंध होंगे और संबंधों को आगे किस तरह से लिया जाएगा, ये बातें भी लिखी होती हैं, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने इन बातों का कोई जिक्र नहीं किया है और ना ही ये लिखा है, कि वो पाकिस्तान के साथ किस तरह का संबंध चाहते हैं। पीएम मोदी का बधाई संदेश काफी ठंडा माना जा रहा है, जो बताता है, कि भारत शायद आगे भी पाकिस्तान को भाव ना दे।
आपको बता दें, कि रविवार को शहबाज शरीफ को पाकिस्तान के नेशनल असेंबली में प्रधानमंत्री चुना गया था और सोमवार को उन्होंने प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। लेकिन, शपथ ग्रहण के बाद उन्होंने कश्मीर और पाकिस्तान का जिक्र किया।
शहबाज शरीफ ने कहा, कि पाकिस्तान, फिलिस्तीन के साथ है। पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, शहबाज शरीफ ने रविवार को सदन में कश्मीर और फिलिस्तीन का मुद्दा उठाया था। इस दौरान वो कश्मीरियों और फिलिस्तीनियों के लिए 'आजादी' की वकालत करते नजर आए।
इसके अलावा, पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने आतंकवाद पर भी बड़ा बयान दिया था। उन्होंने संसद में विजयी भाषण के दौरान देश में आतंकवाद और उसकी जड़ों को खत्म करने का लोगों से वादा किया। भाषण में नए पीएम ने कहा कि उनकी सरकार आगामी 5 सालों में कड़ी मेहनत करेगी।
इससे पहले पाकिस्तान नेशनल असेंबली की 336 सदस्यीय संसद में वोटिंग के बाद प्रधानमंत्री चुने गए शहबाज के समर्थन में 201 सांसदों ने वोट डाले। उनके प्रतिद्वंद्वी पीटीआई समर्थित पार्टी के नेता उमर अयूब खान को सिर्फ 92 वोट मिले। इसके बाद संसद में स्पीकर ने शहबाज के प्रधानमंत्री चुने जाने का एलान किया। इससे पहले शहबाज को बड़े भाई और पूर्व पीएम नवाज शरीफ से आशीर्वाद लेते भी देखा गया।












Click it and Unblock the Notifications