PM Modi Birthday: नेतन्याहू, ट्रंप और सुनक ने पीएम मोदी को दी बधाई, क्या चीन और पाकिस्तानी भेजी शुभकामनाएं?
PM Modi 75th birthday International Wishes: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपना 75वां जन्मदिन मना रहे हैं और इस अवसर पर दुनियाभर के नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। भारत की राजनीति ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी मोदी की लोकप्रियता और नेतृत्व क्षमता को सराहा जा रहा है।
इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी, इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू, ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री ऋषि सुनक, भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग टोबगे, न्यूज़ीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप जैसे वैश्विक नेताओं ने मोदी को शुभकामनाएं भेजीं। इन बधाइयों ने न केवल मोदी की वैश्विक पहचान को मजबूत किया है, बल्कि भारत की कूटनीतिक शक्ति को भी प्रदर्शित किया है।

वैश्विक नेताओं की ओर से बधाइयों की बौछार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन पर दुनियाभर से बधाई संदेश आने का सिलसिला जारी है। इस मौके पर कई बड़े विश्व नेता सामने आए और उन्होंने मोदी की नेतृत्व क्षमता, भारत की प्रगति और आपसी संबंधों को लेकर सकारात्मक संदेश साझा किए। यह दर्शाता है कि आज भारत वैश्विक मंच पर एक अहम भूमिका निभा रहा है और इसके नेतृत्व को लेकर पूरी दुनिया में सम्मान की भावना है।
मेलोनी ने पीएम मोदी को बताया प्रेरणास्रोत
इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने मोदी को जन्मदिन की बधाई देते हुए लिखा कि उनकी ताकत, संकल्प और करोड़ों लोगों का नेतृत्व करने की क्षमता प्रेरणादायक है। मेलोनी ने यह भी कहा कि वह भारत-इटली के रिश्तों को और मजबूत होते देखना चाहती हैं। उनके संदेश ने सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना दिया और #Melodi जैसे हैशटैग ट्रेंड करने लगे।
नेतन्याहू ने मोदी को कहा 'गुड फ्रेंड नरेंद्र'
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने नरेंद्र मोदी को "गुड फ्रेंड नरेंद्र" कहकर जन्मदिन की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि मोदी ने भारत के लिए बहुत कुछ किया है और दोनों देशों ने मिलकर दोस्ती के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कामयाबी हासिल की है। नेतन्याहू ने जल्द मिलने की उम्मीद जताई ताकि दोनों देशों के रिश्तों को नई ऊँचाइयों पर ले जाया जा सके।
ऋषि सुनक ने साझा की अपनी यादें
ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने भी मोदी को शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि मोदी जी हमेशा से उनके और ब्रिटेन के अच्छे मित्र रहे हैं। सुनक ने यूके-इंडिया रिश्तों की मजबूती पर जोर दिया और 2023 में हुए जी20 शिखर सम्मेलन की यादें भी साझा कीं। उन्होंने कहा कि ब्रिटिश-इंडियन परिवार से होने के नाते भारत के साथ उनका रिश्ता खास मायने रखता है।
मैं आपसे जल्द ही मिलने की प्रतिक्षा में हूं-ऑस्ट्रेलियाई PM
ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को वीडियो संदेश में जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा, 'मेरे मित्र प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएँ। ऑस्ट्रेलिया को भारत के साथ इतनी गहरी दोस्ती पर गर्व है और हम यहाँ भारतीय समुदाय के अविश्वसनीय योगदान के लिए हमेशा आभारी हैं। प्रधानमंत्री जी, मैं आपसे जल्द ही मिलने और हमारी दोस्ती और प्रगति के कई और वर्षों की कामना करता हूं।'
बता दें कि हाल ही में ऑस्ट्रेलिया में प्रवासी भारतीयों के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन भी देखने को मिले थे, लेकिन प्रधानमंत्री अल्बनीज़ के संदेश ने भारत-अस्ट्रेलिया रिश्तों में सकारात्मक संकेत दिए हैं।
भूटान और न्यूज़ीलैंड से मिले संदेश
भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग टोबगे ने मोदी की लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। उन्होंने कहा कि भूटान की जनता और सैनिक इस मौके पर मोदी को दिल से शुभकामनाएँ दे रहे हैं। वहीं, न्यूज़ीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने वीडियो संदेश साझा किया और कहा कि मोदी का नेतृत्व भारत को 2047 तक विकसित देश बनाने की दिशा में अहम है। उन्होंने भारत और न्यूज़ीलैंड की साझेदारी को और मजबूत करने की इच्छा भी जताई।
डोनाल्ड ट्रंप ने फोन कर दी बधाई
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फोन कर मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि मोदी एक शानदार काम कर रहे हैं और रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने की दिशा में भारत का समर्थन महत्वपूर्ण है। इसके जवाब में मोदी ने भी ट्रंप का धन्यवाद किया और कहा कि वह भी भारत-अमेरिका साझेदारी को नई ऊँचाइयों तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
ये भी पढ़ें: PM Modi Wife Jashodaben: 1 लाख 68 हजार पेंशन! PM मोदी की पत्नी जशोदाबेन को और क्या-क्या मिलती हैं सुविधाएं?
गयाना के राष्ट्रपति ने क्या कहा?
गयाना के राष्ट्रपति डॉ. इरफान अली ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके 75वें जन्मदिन पर हार्दिक बधाई दी। उन्होंने ट्वीट में लिखा, नरेंद्र मोजी को उनके 75वें जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएँ। इस विशेष अवसर पर मैं आपकी निरंतर सेहत, अपार शक्ति और दिव्य आशीर्वाद की कामना करता हूँ, ताकि आप अपने असाधारण सेवा कार्य को अपने लोगों, ग्लोबल साउथ और मानवता के लिए जारी रख सकें।"
चीन-पाकिस्तान ने नहीं भेजा शुभकामना संदेश
वहीं, इस विशेष अवसर पर चीन और पाकिस्तान की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अभी तक कोई जन्मदिन की शुभकामनाएँ नहीं मिली हैं। जबकि दुनिया के कई अन्य देश और विश्व नेता मोदी को उनके 75वें जन्मदिन पर बधाई संदेश दे चुके हैं और उनके नेतृत्व और भारत के विकास में योगदान की सराहना कर चुके हैं, वहीं चीन और पाकिस्तान की तरफ से अब तक कोई आधिकारिक संदेश सामने नहीं आया है।
ये भी पढ़ें: PM मोदी के बर्थडे पर जॉर्जिया मेलोनी की खास पोस्ट, सोशल मीडिया पर हो गया वायरल, यूज़र्स ने किए मजेदार कमेंट












Click it and Unblock the Notifications