Plane crash: अजित पवार के प्लेन क्रैश के बाद एक और विमान हादसा, सांसद सहित सभी 15 लोगों की दर्दनाक मौत
अभी देश कल (बुधवार) महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार के आकस्मिक निधन के सदमे से उबर भी नहीं पाया था कि विमान दुर्घटना की एक और दुखद खबर सामने आई है। भारत में हुए हादसे के कुछ ही घंटों बाद, कोलंबिया (Colombia) में भी एक विमान क्रैश हो गया है, जिसमें सवार सभी 15 लोगों की मौत हो गई है।
कोलंबिया के सिविल एविएशन अथॉरिटी ने बताया कि बुधवार को कोलंबिया की वेनेजुएला से लगी सीमा के पास 15 लोगों को ले जा रहा एक विमान क्रैश हो गया, जिसमें एक सांसद भी शामिल थे। इस हादसे में सभी यात्री और क्रू मेंबर मारे गए।

यह विमान सरकारी एयरलाइन सतेना का था, जिसने सीमावर्ती शहर कुकुटा से उड़ान भरी थी और दोपहर के आसपास (1700GMT) पास के ओकाना में उतरने से ठीक पहले कंट्रोल टावर से उसका संपर्क टूट गया। एविएशन अथॉरिटी के एक अधिकारी ने AFP को बताया कि, हादसे में कोई भी जीवित नहीं बचा है।'
विमान में कौन-कौन था सवार?
विमान में 13 यात्री और दो क्रू मेंबर सवार थे। कुकुटा इलाका पहाड़ी है, जहां का मौसम बहुत तेज़ी से बदलता है और इसके कुछ हिस्सों पर कोलंबिया के सबसे बड़े गुरिल्ला समूह, नेशनल लिबरेशन आर्मी, जिसे उसके स्पेनिश संक्षिप्त नाम ELN से जाना जाता है, का कंट्रोल है।
सरकार ने विमान की तलाश और शवों को निकालने के लिए वायु सेना को तैनात किया। माना जा रहा है कि विमान में एक सांसद और एक विधायी उम्मीदवार भी सवार थे। स्थानीय सांसद विल्मर कैरिलो ने कहा, 'हमें हवाई दुर्घटना के बारे में जानकारी मिली है... जिसमें मेरे सहयोगी डायोजनीस क्विंटरो, कार्लोस साल्सेडो और उनकी टीमें यात्रा कर रही थीं।'
क्विंटरो कोलंबिया के चैंबर ऑफ डेप्युटीज़ के सदस्य हैं और साल्सेडो आने वाले चुनावों में उम्मीदवार हैं।यह विमान एक बीचक्राफ्ट 1900 ट्विन-प्रोपेलर विमान था।












Click it and Unblock the Notifications