धरती कांपी, दहशत फैली! इस एशियाई देश में 7.6 तीव्रता के भूंकप के बाद सुनामी का बड़ा खतरा
Philippines Tsunami Warning: फिलीपींस का मिंडानाओ (Mindanao) क्षेत्र शुक्रवार, 10 अक्टूबर को एक बार फिर शक्तिशाली भूकंप (Earthquake) से दहल उठा। यूरोपीय भूमध्यसागरीय भूकंप विज्ञान केंद्र (EMSC) के अनुसार, इस भूकंप की तीव्रता पहले 7.2 मापी गई थी, जिसे बाद में बढ़ाकर 7.6 कर दिया गया। भूकंप का केंद्र समुद्र में 62 किलोमीटर की गहराई पर था। इस शक्तिशाली भूकंप के चलते देश में सुनामी चेतावनी (Tsunami Warning) जारी कर दी गई है।
अमेरिकी सुनामी चेतावनी प्रणाली ने भूकंप के केंद्र से 300 किमी के दायरे में स्थित तटीय क्षेत्रों के लिए खतरनाक सुनामी लहरों की आशंका जताई है। फिलीपींस इंस्टीट्यूट ऑफ वोल्केनोलॉजी एंड सीस्मोलॉजी (Phivolcs) ने मिंडानाओ के दावाओ ओरिएंटल (Davao Oriental) समेत मध्य और दक्षिणी फिलीपींस के तटीय निवासियों को तत्काल ऊँचे स्थानों या अंदरूनी क्षेत्रों में जाने की सलाह दी है।

सुनामी तबाही मचा सकती हैं
फिलीपींस के स्थानीय समयानुसार, 10 अक्टूबर की सुबह 9.43 बजे से 11.43 बजे के बीच सुनामी की पहली लहर आने की आशंका थी और ये लहरें घंटों तक जारी रह सकती हैं। अधिकारियों के अनुसार, बंद खाड़ियों और जलडमरूमध्य में लहरें सामान्य ज्वार से तीन मीटर (3m) तक ऊंची उठ सकती हैं, जो तबाही मचा सकती हैं। फिलीपींस के अलावा, इंडोनेशिया (Indonesia) और पलाऊ (Palau) के तटों पर भी छोटी लहरें आने की संभावना है।
स्थानीय अधिकारियों ने लोगों को सचेत रहने और किसी भी नुकसान से बचने के लिए तुरंत सुरक्षित स्थानों पर चले जाने को कहा है। फिलहाल, तत्काल किसी बड़े नुकसान या हताहत की कोई सूचना नहीं मिली है और अधिकारी स्थिति का आकलन कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें: 'रिंग ऑफ फायर' 40 हजार किलोमीटर लंबा क्षेत्र, जहां आते हैं दुनिया के 95% भूकंप, क्या भारत भी है इसका हिस्सा?
एक सप्ताह में दूसरा बड़ा भूकंप
फिलीपींस के लिए यह प्राकृतिक आपदा का एक और झटका है, क्योंकि एक सप्ताह के भीतर ही यह दूसरा बड़ा भूकंप है। पिछले सप्ताह, फिलीपींस के सेबू (Cebu) प्रांत में 6.9 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसने भारी तबाही मचाई थी, जिसमें कम से कम 74 लोगों की मौत हुई थी।
उस भूकंप के कारण सदियों पुराना 'सेंट पीटर द एपोस्टल का पल्ली' भी ढह गया था। फिलीपींस 'पैसिफिक रिंग ऑफ फायर' पर स्थित होने के कारण अक्सर भूकंप और ज्वालामुखी विस्फोट जैसी प्राकृतिक आपदाओं का सामना करता रहता है।
ये भी पढ़ें: Earthquake Delhi: दिल्ली में क्यों बार-बार आते हैं भूकंप? दिल्लीवासियों के लिए कितना है खतरा?












Click it and Unblock the Notifications