फाइजर ने 5-11 साल के बच्चों की वैक्सीन ट्रायल के नतीजे FDA को सौंपे, अक्टूबर अंत तक आ सकता है टीका
नई दिल्ली, सितंबर 29। 18 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए कोरोना वैक्सीन तैयार करने को लेकर दुनियाभर में तेजी से काम चल रहा है। इस बीच अमेरिकी वैक्सीन निर्माता कंपनी फाइजर और बायोनटेक ने दावा किया है कि बच्चों के लिए उनकी वैक्सीन बाजार में बहुत जल्द उपलब्ध होगी। दरअसल, मंगलवार को कंपनी ने अपनी वैक्सीन की रिसर्च के आंकड़े अमेरिकी खाद्य एवं औषधि प्रशासन को सौंप दिए। अब माना जा रहा है कि कंपनी अगले कुछ हफ्तों में वैक्सीन के आपात इस्तेमाल की मंजूरी के आवेदन कर देगी।

5-11 साल की वैक्सीन पर काम कर रही है फाइजर कंपनी
इंडिया टुडे की खबर के मुताबिक, फाइजर और बायोनटेक ने मंगलवार को 5-11 साल के बच्चों में अपने कोविड -19 वैक्सीन के लिए प्रारंभिक परीक्षण डेटा प्रस्तुत किया और कहा कि कंपनी आने वाले हफ्तों में वैक्सीन के आपातकालीन इस्तेमाल के लिए अमेरिकी नियामकों से मंजूरी देने का अनुरोध करेगी। कंपनी का दावा है कि नवंबर तक उनकी वैक्सीन बाजार में उपल्बध हो सकती है।
अमेरिकियों को बेसब्री से है वैक्सीन का इंतजार
वहीं अमेरिकी फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन ने इस महीने की शुरुआत में कहा था कि 5-11 वर्ष के आयु वर्ग के लिए अपनी डेटा समीक्षा को जल्द से जल्द पूरा करने की कोशिश करेगा, ताकि अक्टूबर के अंत तक इस आयु वर्ग के बच्चों के लिए वैक्सीन उपलब्ध हो सके। अमेरिकन एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स के आंकड़ों के अनुसार, इस आयु वर्ग के बच्चों के लिए वैक्सीन का इंतजार लाखों अमेरिकियों के द्वारा किया जा रहा है, क्योंकि सितंबर के शुरुआत में अमेरिका के अंदर इसी आयु वर्ग के बच्चे बड़ी संख्या में संक्रमित हुए थे।
अभी 12-15 साल के आयु वर्ग के लिए उपलब्ध है फाइजर का टीका
आपको बता दें कि अभी फाइजर की वैक्सीन 12 से 15 साल और उससे पहले उपर के लिए लोगों के लिए उपल्बध है। फाइजर कंपनी ने 12-15 साल आयु वर्ग की वैक्सीन के आपात इस्तेमाल के लिए आवेदन किया था तो FDA ने लगभग एक महीने बाद इस टीके को मंजूरी दी थी। उस हिसाब से अगर देखा जाए तो 5-11 साल के आयु वर्ग के बच्चों के लिए वैक्सीन के शॉट उपलब्ध हो सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications